- जम्मू-कश्मीर के आरएस पुरा सेक्टर में सुरक्षा बलों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ड्रोन से ड्रग्स की खेप बरामद की
- बरामद ड्रग्स में चार किलो से अधिक हेरोइन शामिल है जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 30 करोड़ रुपये है
- यह हेरोइन खेप गेहूं के खेत में छिपी मिली जो कोरेटाना बसपुर के पास अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक थी
जम्मू-कश्मीर के आरएस पुरा सेक्टर में सुरक्षा बलों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की ड्रोन साजिश को नाकाम करते हुए भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद की है. गेहूं के खेत में छिपी इस खेप में 4 किलो से अधिक हेरोइन शामिल है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 30 करोड़ रुपये है. हेरोइन की यह बरामदगी आरएस पुरा के कोरेटाना बसपुर के पास अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक की गई. अधिकारियों को संदेह है कि पाकिस्तान स्थित तस्करों ने ड्रग्स गिराने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया. तलाशी अभियान जारी है और गहन जांच के लिए इलाके को घेर लिया गया है.
पुलिस ने बताया कि सीमा पार से ड्रोन द्वारा ड्रग्स गिराए जाने की सूचना मिलने के बाद, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पुलिस ने आर एस पुरा सेक्टर के एक अग्रिम गांव में ज्वॉइंट ऑपरेशन चलाकर प्रतिबंधित सामग्री बरामद की. अधिकारियों ने बताया कि तलाशी के दौरान हेरोइन से भरे दो पैकेट मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया.
पुलिस ने मामला दर्ज कर सीमा पार तस्करी रैकेट में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की जांच शुरू कर दी है. यह बरामदगी पुलिस द्वारा कठुआ जिले के सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन का इस्तेमाल करके पाकिस्तान से हेरोइन की तस्करी करने के आरोप में दो लोगों की गिरफ्तारी के एक दिन बाद हुई है.
ये भी पढ़ें :- सोचा नहीं था कभी बिना हथियार आऊंगा...बाइक पर कश्मीर पहुंचे रिटायर्ड आर्मी ब्रिगेडियर
पंजाब के पठानकोट निवासी जतिन और कठुआ के जाखबर निवासी दानिश डोगरा उर्फ साजन को नगरी के पास ड्रोन से हेरोइन गिराने और 150 ग्राम हेरोइन बरामद होने से संबंधित मामले में गिरफ्तार किया गया है. ये दोनों वीओआईपी (वॉयस ओवर इंटरनेट प्रोटोकॉल) कॉल के माध्यम से पाकिस्तान स्थित एक तस्कर के संपर्क में थे.
ये भी पढ़ें :- डेयरी,स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर,बिजली, उद्योग, पर्यटन...जम्मू और कश्मीर के लिए ये रहा अमित शाह का प्लान














