जब तक 140 करोड़ भारतीय... पहलगाम आतंकी हमले पर पीयूष गोयल का बड़ा बयान, पढ़ें क्या कुछ कहा

पाकिस्तानी नागरिकों के भारत में वीजा अवधि से अधिक समय तक रहने के बारे में पूछे जाने पर गोयल ने कहा कि हमने पहले ही घोषणा कर दी है और उन्हें देश छोड़ने के लिए सूचित कर दिया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
पहलगाम हमले को लेकर पीयूष गोयल ने दिया बड़ा बयान
नई दिल्ली:

पहलगाम आतंकी हमले को लेकर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने एक बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि पहलगाम जैसे आतंकवादी हमले तब तक देश को परेशान करते रहेंगे जब तक 140 करोड़ भारतीय देशभक्ति और राष्ट्रवाद को अपना सर्वोपरि धर्म मानते रहेंगे.

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस तरह के कृत्य कभी भी भारत के मनोबल को नहीं तोड़ पाएंगे. गोयल ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि लोगों के विश्वास से कश्मीर में पर्यटन जल्द ही फिर से शुरू होगा और तीर्थयात्री अपनी अमरनाथ यात्रा जारी रखेंगे. वैश्विक स्तर पर भारत का बढ़ता कद कुछ ताकतों को परेशान कर रहा है. केंद्रीय वाणिज्य मंत्री ने कहा कि ये घटनाएं उन ताकतों के हताशा भरे अंतिम प्रयासों को दर्शाती हैं. यह एक असहनीय हमला है, लेकिन हम किसी को भी नहीं बख्शेंगे. 

गोयल ने कहा कि जब तक 140 करोड़ भारतीय देशभक्ति और राष्ट्रवाद को सर्वोपरि धर्म मानते रहेंगे, तब तक इस तरह की घटनाएं हमारे देश को परेशान करती रहेंगी. हालांकि, भारत में इसका माकूल जवाब देने की पर्याप्त ताकत है.आंतरिक खतरों से निपटने में भारत की सफलता पर प्रकाश डालते हुए गोयल ने कहा कि जिस तरह हम नक्सलवाद को तेजी से खत्म कर रहे हैं, उसी तरह हम आतंकवाद को भी परास्त करेंगे. भारत की ताकत और दृढ़ संकल्प अडिग है.

पाकिस्तानी नागरिकों के भारत में वीजा अवधि से अधिक समय तक रहने के बारे में पूछे जाने पर गोयल ने कहा कि हमने पहले ही घोषणा कर दी है और उन्हें देश छोड़ने के लिए सूचित कर दिया है. किसी को भी यहां अवैध रूप से रहने की अनुमति नहीं दी जाएगी. इस हमले से कश्मीर में पर्यटन प्रभावित होने की चिंता पर गोयल ने कहा कि भारत के लोगों में शक्ति, साहस और आत्मविश्वास है. पर्यटन जल्द ही फिर से शुरू हो जाएगा, तीर्थयात्री अपनी अमरनाथ यात्रा जारी रखेंगे और कश्मीर प्रगति के पथ पर मजबूती से बना रहेगा. इसे कोई नहीं रोक सकता. 

Advertisement

आतंकवादियों ने 22 अप्रैल की दोपहर को कश्मीर के पहलगाम शहर के पास एक पर्यटक स्थल पर गोलीबारी की, जिसमें 26 लोग मारे गए, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे.भारत ने पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए उसके साथ राजनयिक संबंधों में व्यापक कटौती, सिंधु जल संधि स्थगित करने और अटारी चौकी को बंद किए जाने समेत कई फैसले किए.
 

Featured Video Of The Day
NATO ने क्या कहकर नहीं दिया अमेरिका का साथ? गुस्साए Trump अब क्या करेंगे? | Iran US War
Topics mentioned in this article