- ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले के तंगरपाली गांव में एक महिला ने अपने दोनों बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी.
- महिला ने बच्चे मारने के बाद आत्महत्या की कोशिश में अपने गले पर चाकू से वार किया और गंभीर रूप से घायल हुई.
- महिला के पति ने घर में घुसकर बच्चों की मौत और पत्नी की गंभीर स्थिति देखी, तुरंत अस्पताल ले गए.
Mother Kills Children: ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है. तंगरपाली गांव में एक मां ने ऐसी हैवानियत दिखाई, जिसकी कल्पना भी कठिन है. देर रात महिला ने अपने ही बेटे और बेटी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी और इसके बाद खुद का गला रेतकर आत्महत्या करने की कोशिश की. यह वारदात सामने आने के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है.
यह घटना झारसुगुड़ा जिले के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तंगरपाली गांव की है. पुलिस के मुताबिक, शनिवार देर रात यह घटना हुई. आरोपी महिला की पहचान रंजीता ओराम के रूप में की गई है, जो गांव में अपने परिवार के साथ रहती थी.
रात के खाने के बाद शुरू हुआ खौफनाक खेल
परिजनों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रात का खाना खाने के बाद पूरा परिवार सोने चला गया था. आधी रात के करीब रंजीता ने अपने पति को जगाया और किसी बहाने से घर के बाहर जाने को कहा. जैसे ही पति बाहर गया, रंजीता ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. इसके बाद रंजीता ने अपनी ही बेटी जिज्ञासा ओराम और बेटे विभांशु ओराम पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई. मासूम बच्चों पर हुए इस हमले ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है.
खुद को भी मारने की कोशिश
बच्चों की हत्या करने के बाद रंजीता ने आत्महत्या करने के इरादे से चाकू से अपना गला काट लिया. वह गंभीर रूप से घायल हो गई और खून से लथपथ हालत में घर के अंदर पड़ी रही. जब काफी देर तक रंजीता बाहर नहीं निकली, तो उसके पति को अनहोनी की आशंका हुई. उसने पड़ोसी की मदद से घर की खिड़की तोड़ी और अंदर घुसा. अंदर का दृश्य देखकर वह स्तब्ध रह गया. दोनों बच्चे मृत पड़े थे और पत्नी गंभीर हालत में थी.
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
पति तुरंत रंजीता को झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल लेकर पहुंचा. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई और उसे बेहतर इलाज के लिए VIMSAR, बुर्ला रेफर कर दिया. फिलहाल महिला की स्थिति नाजुक बनी हुई है. घटना की सूचना मिलने पर एयरपोर्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू से जांच की जा रही है.
मकसद अब तक साफ नहीं
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल इस खौफनाक वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. महिला ने ऐसा क्यों किया, यह अब भी एक बड़ा सवाल बना हुआ है. जरूरत पड़ने पर मामले की गहराई से जांच के लिए वैज्ञानिक टीम को भी बुलाया जा सकता है. इस घटना के बाद पूरे तंगरपाली गांव में मातम पसरा हुआ है. लोग इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहे कि एक मां अपने ही बच्चों के साथ ऐसा कैसे कर सकती है.
ये भी पढ़ें-
दक्षिणी लेबनान में इजरायल के हमले जारी, पिता के जनाजे में शामिल बच्ची की मौत














