- ओडिशा के अंगुल जिले में 13 साल की नाबालिग लड़की की कथित रेप के बाद हत्या कर दी गई
- बच्ची शनिवार को घर के पीछे पत्तेदार साग तोड़ने गई थी और घर वापस नहीं लौटी. अअगले दिन उसका शव मिला
- पीड़िता के पिता ने गांव के 22 वर्षीय शादीशुदा युवक पर किडनैप और रेप के बाद हत्या का आरोप लगाया है
ओडिशा के अंगुल जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक 13 साल की नाबालिग लड़की की साथ कथित तौर पर रेप के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस घटना से इलाके में मातम का माहौल है. दिल दहलादेने वाली ये घटना अंगुल जिले के कनिहा ब्लॉक के तहत NTPC पुलिस स्टेशन की सीमा में हुई. बच्ची का शव एक दिन बाद झाड़ियों से बरामद हुआ.
ये भी पढ़ें- 2007 में दरिंदगी, 2019 में दोबारा पोस्टमार्टम और अब परिजनों को मिले अवशेष, रूह कंपा देगी यह कहानी
खेत में सब्जी तोड़ने गई बच्ची वापस नहीं लौटी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नाबालिग शनिवार को अपने घर के पीछे पत्तेदार साग तोड़ने गई थी, लेकिन घर वापस नहीं लौटी. घरवालों ने काफी ढूंढा फिर भी उसका कुछ पता नहीं चल सका. जिसके बाद लोकल पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई. रविवार सुबह, लड़की की लाश गांव के पास घास के मैदान से मिली.
गांव के युवक पर रेप के बाद हत्या का आरोप
पीड़िता के पिता का आरोप है कि गांव का ही रहने वाले 22 साल के शादीशुदा आशीष नाइक ने कथित तौर पर किडनैप कर उनकी बेटी के साथ रेप किया. उनका आरोप है कि आरोपी उसका इंतज़ार कर रहा था. उसने लड़की के अकेले होने का फ़ायदा उठाकर पहले उसे किडनैप किया और फिर उसके साथ रेप किया. उसकी पहचान उजागर न हो इसलिए बेटी को मार डाला.
आरोपी की तलाश, मां और भाई हिरासत में
मामले की जानकारी मिलते ही NTPC पुलिस स्टेशन की टीम एक साइंटिफिक टीम के साथ जांच के लिए क्राइम सीन पर पहुंची. आस-पास से मिले सबूतों के आधार पर यह मामला हत्या का लग रहा है. जबकि मुख्य आरोपी, आशीष नाइक अभी फ़रार है. पुलिस ने उसके बड़े भाई और मां समेत तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. इस घटना से इलाके में तनाव का माहौल है. वहीं पुलिस फरार आरोपी को पकड़ने की कोशिश में कई जगहों पर रेड कर रही है.
केस को सुलझाने की कोशिश जारी
अंगुल SP राहुल जैन ने कहा, "एक लड़की लापता थी, और उसके पिता ने इस सिलसिले में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. हमने शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया था. आज सुबह हमें बताया गया कि उसकी बॉडी मिल गई है. सूचना मिलने पर एडिशनल SP, SDPO समेत सभी सीनियर अधिकारी साइंटिफिक टीम और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे. हम केस को सुलझाने और इसे लॉजिकल नतीजे तक पहुंचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं."













