नोएडा एयरपोर्ट से गुड न्यूज, उड़ानों की तारीख तय! टिकट पर एयरलाइन दे सकती हैं बड़ी छूट

Noida Airport News: नोएडा एयरपोर्ट पर उड़ानों के संचालन में आने वाली आखिरी बाधा भी दूर होती नजर आ रही है. फ्लाइट शुरू करने की तारीख भी आ गई है और जल्द ही टिकट बुकिंग भी शुरू होगी.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
Noida Airport
नोएडा:

नोएडा एयरपोर्ट से विमान उड़ान भरना अगले महीने शुरू कर देंगे. खबरों के मुताबिक, यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) की बोर्ड मीटिंग में इसको लेकर बड़ा फैसला हुआ है. कंपनी ने विदेशी सीईओ क्रिस्टोफ स्नेलमन की जगह किसी भारतीय व्यक्ति को सीईओ बनाने के लिए प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है. भारतीय सीईओ की नियुक्ति जल्द से जल्द की जाएगी, ताकि आखिरी बाधा भी दूर की जाए. दरअसल, भारतीय एविएशन नियमों के नियमों के अनुसार, किसी भी एयरपोर्ट का सीईओ भारतीय होना जरूरी है. ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी इसी के बाद एयरपोर्ट से उड़ानों के संचालन को अनुमति देगी. 30 मई से उड़ानें शुरू करने पर मुहर लगी है.

एयरपोर्ट का भारतीय सीईओ होगा

विमानन क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सरकार ने इस नियम में कोई ढील देने से इनकार किया है. दरअसल, एयरपोर्ट का सीईओ ही वहां का मुख्य सुरक्षा अधिकारी भी होता है. विमानन सुरक्षा से जुड़े बड़े फैसले लेने की जिम्मेदारी उसी पर होती है. YIAPL के मौजूदा सीईओ क्रिस्टोफ ने हालांकि नोएडा एयरपोर्ट के लिए बहुत अच्छा काम किया है, लेकिन तकनीकी अड़चन सामने आ गई. गृह मंत्रालय से इसी वजह से सिक्योरिटी क्लियरेंस और उड़ानों की आखिरी मंजूरी नहीं मिल पाई थी. 

Noida International Airport

नियमों में नहीं मिली ढील

 मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) ने सरकार से नियमों में ढील देने की मांग की थी, लेकिन सरकार के कड़े रुख के बाद कंपनी को रुख बदलना पड़ा. सूत्रों का कहना है कि कंपनी ने किसी भारतीय एक्सपर्ट को सीईओ बनाने का फैसला किया है. नए भारतीय सीईओ के नाम का ऐलान होते ही उड़ान शुरू करने की बाधा दूर हो जाएगी. दरअसल, अगर नियमों में बदलाव कर किसी भारतीय को नियुक्त किया भी जाता तो इसमें काफी देरी होने की आशंका थी.

Namo Bharat: नमो भारत रैपिड रेल ही नहीं, नोएडा एयरपोर्ट तक चलेगी बुलेट ट्रेन! रेल मंत्री दे सकते हैं गुड न्यूज

नोएडा एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन

विमानन मंत्रालय के मुताबिक, एयरोड्रम लाइसेंस मिलने के बाद यात्री विमानों की उड़ानें शुरू करने में सामान्यतया 45 दिन लगते हैं. नोएडा एयरपोर्ट को 11 मार्च को एयरोड्रम लाइसेंस मिल चुका है. जबकि 28 मार्च को पीएम मोदी ने उद्घाटन किया था. वैसे तो अप्रैल के अंत में ही उड़ानों का संचालन शुरू होना था, लेकिन तकनीकी पेंच के बाद अब 30 मई को अंतिम समयसीमा के तौर पर चुना गया है. 21 अप्रैल को यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रालि की बोर्ड बैठक में इस पर मुहर लगी थी. ताकि कंपनियां इस बीच एयरपोर्ट स्टॉफ, पायलट और विमानों की जरूरतें पूरी कर सकें. साथ ही टिकट विंडो को भी करीब एक महीने पहले खोला जा सके. 

Advertisement

Noida International Airport

12 से ज्यादा शहरों के लिए सीधी उड़ानें

नोएडा एयरपोर्ट (Noida International Airport) दिल्ली एनसीआर में एयर कनेक्टिविटी का नया हब बनेगा. दिल्ली इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाद यहां से उड़ानों का सभी को बेसब्री से इंतजार है. लखनऊ, जयपुर, गोवा, वाराणसी, भोपाल, जम्मू, चेन्नई, कोलकाता, मुंबई, बेंगलुरु जैसे शहरों के लिए पहले चरण में उड़ानें शुरू होंगी. धीरे-धीरे अन्य हवाई अड्डों और शहरों को इससे जोड़ा जाएगा. विदेशी उड़ानें भी संचालित होंगी. अकासा, इंडिगो और एयर इंडिया यहां से अपनी फ्लाइट शुरू करेंगी.

ये भी पढ़ें - नोएडा एयरपोर्ट ही नहीं, NCR की तस्वीर बदल रहे ये 5 दमदार प्रोजेक्ट, न्यूयॉर्क-लंदन जैसा हब बनेगा ग्रेटर नोएडा

Advertisement

नोएडा एयरपोर्ट पर टिकट बुकिंग पर क्या है अपडेट?

एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि फ्लाइट शेड्यूल तय होने के साथ ही एयरलाइन अपनी वेबसाइट पर बुकिंग विंडो खोल देंगी. मई के मध्य में हवाई यात्री इन शहरों के लिए टिकट बुकिंग कर पाएंगे. नोएडा एयरपोर्ट का दूसरे शहरों के लिए टिकट सस्ता होने की उम्मीद है, क्योंकि यहां फ्यूल पर सिर्फ 1 फीसदी वैट लगाने का फैसला हुआ है. कंपनियां ओपनिंग ऑफर के तौर पर भी यात्रियों को बंपर छूट दे सकती हैं.
 

Featured Video Of The Day
बंगाल में पहले फेज की वोटिंग के दौरान मुर्शिदाबाद में हो गया कांड!