सोमालिया तट से पकड़े गए नौ समुद्री लुटेरों को लाया गया भारत, मुंबई पुलिस ने किया गिरफ्तार

अधिकारी ने कहा, ‘‘भारतीय नौसेना दल के सफल अभियान के बाद समुद्री लुटेरों ने आत्मसमर्पण कर दिया और चालक दल के सदस्यों को बचा लिया गया. इसके बाद समुद्री लुटेरों को नौसेना ने हिरासत में ले लिया और छह दिन की यात्रा के बाद समुद्री लुटेरों को मुंबई लाया गया.’’

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

सोमालिया तट से पकड़ कर भारत लाए गए नौ समुद्री लुटेरों को बुधवार को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. सुमद्री लुटेरों ने ईरानी ध्वज वाले पोत को बंधक बना लिया था, जिसके बाद भारतीय नौसेना ने कार्रवाई करते हुए इन्हें पकड़ा था. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस पोत पर चालक दल के 23 पाकिस्तानी नागरिक सवार थे. बंधक बनाने की यह घटना 29 मार्च को हुई थी.

भारतीय नौसेना ने समुद्री डकैती रोधी अभियान के तहत 12 घंटे से अधिक के गहन सामरिक उपायों के बाद अपहृत ईरानी पोत और उसके चालक दल के सदस्यों को बचा लिया था. अधिकारी ने कहा, ‘‘भारतीय नौसेना दल के सफल अभियान के बाद समुद्री लुटेरों ने आत्मसमर्पण कर दिया और चालक दल के सदस्यों को बचा लिया गया. इसके बाद समुद्री लुटेरों को नौसेना ने हिरासत में ले लिया और छह दिन की यात्रा के बाद समुद्री लुटेरों को मुंबई लाया गया.''

उन्होंने बताया कि नौसेना ने समुद्री लुटेरों को यहां पुलिस को सौंप दिया. अधिकारी ने कहा कि मुंबई पुलिस ने समुद्री लुटेरों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, समुद्री डकैती रोधी अधिनियम, पासपोर्ट अधिनियम और विदेशी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
 

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
Featured Video Of The Day
Iran Attack Israel | ईरान रिश्तों पर विपक्षी एजेंडा एक्सपोज़ | Trump | Strait Of Hormuz | War News
Topics mentioned in this article