- नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की नई अंतरिम CEO नीतू समरा होंगी, जो पहले चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर थीं
- भारतीय नागरिक होना एयरपोर्ट CEO के लिए अनिवार्य है, इसलिए स्विस नागरिक क्रिस्टोफ श्नेलमान का पद परिवर्तन हुआ
- बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की औपचारिक चयन प्रक्रिया पूरी होने तक नीतू समरा CEO के रूप में कार्य करेंगी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की नई CEO नीतू समरा होंगी. वो अब तक एयरपोर्ट की चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर थीं. अब उन्हें अंतरिम सीईओ की जिम्मेदारी दी गई है. एक बयान में कहा गया, 'यह बदलाव ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) द्वारा जारी निर्देशों के बाद किया गया है, जिसके अनुसार भारत में किसी भी एयरपोर्ट के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) का भारतीय नागरिक होना जरूरी है.'
स्विस नागरिक क्रिस्टोफ श्नेलमान अगस्त 2020 से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के CEO के तौर पर इसका नेतृत्व कर रहे थे, अब एयरपोर्ट के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन के तौर पर शामिल होंगे. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट द्वारा जारी बयान में कहा गया, 'तत्काल प्रभाव से, नीतू समरा को अंतरिम आधार पर CEO नियुक्त किया गया है, जब तक कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स औपचारिक चयन प्रक्रिया पूरी नहीं कर लेता.' समरा अक्टूबर 2021 से एयरपोर्ट की चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर के तौर पर काम कर रही हैं.
नोएडा एयरपोर्ट से अगले महीने उड़ानों की तैयारी तेज
नोएडा एयरपोर्ट से जल्द ही हवाई सेवाएं शुरू होने जा रही हैं. एयरपोर्ट संचालन को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं. यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड की बोर्ड बैठक में कई अहम फैसले लिए गए, जिनमें अगले महीने से घरेलू और कार्गो उड़ानों की शुरुआत प्रमुख रही. बैठक में एयरलाइंस कंपनियों की ओर से शुरुआती चरण में देश के 17 शहरों के लिए उड़ान सेवाएं शुरू करने की योजना पर चर्चा की गई.
अधिकारियों के अनुसार, मई महीने के अंत तक एयरपोर्ट से नियमित घरेलू उड़ानें और कार्गो सेवाएं शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए टिकट बुकिंग, ग्राउंड हैंडलिंग और अन्य जरूरी सेवाओं को भी अंतिम रूप दिया जा चुका है. हालांकि, एयरपोर्ट संचालन शुरू होने से पहले ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी से एयरपोर्ट सिक्योरिटी प्रोग्राम की मंजूरी मिलना अभी बाकी है. यह मंजूरी मिलते ही एयरपोर्ट संचालन का रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा.
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी. यह एयरपोर्ट देश के प्रमुख एविएशन हब के रूप में उभरने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है.
यह भी पढ़ें: नोएडा एयरपोर्ट से गुड न्यूज, उड़ानों की तारीख तय! टिकट पर एयरलाइन दे सकती हैं बड़ी छूट












