अजीत पवार ने विमान हादसे से पहले किसको की थी आखिरी फोन कॉल, क्या थे डिप्टी सीएम के आखिरी शब्द

एनसपी के प्रमुख और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री रहे अजित पवार की मौत के बाद उनकी पार्टी ने उनके अंतिम टेलीफोन कॉल का ऑडियो जारी किया है. यह बातचीत उन्होंने अपनी पार्टी के एक कार्यकर्ता से की थी.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
मुंबई:

एनसीपी प्रमुख और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की 28 जनवरी को एक विमान हादसे में मौत हो गई थी. एनसीपी ने पवार की अंतिम फोन कॉल का ऑडियो जारी किया है. उन्होंने फोन पर अंतिम बातचीत अपनी पार्टी के एक कार्यकर्ता से की थी. इस बातचीत में अजित पवार ने कहा था कि हम सभी जातियों और धर्मों को साथ लेकर चलते हैं. अब उनकी पार्टी चाहती है कि महाराष्ट्र के लोग इस बातचीत को सुने और जानें की अजित पवार अपने अंतिम सांस तक क्या किस विचार पर चल रहे थे. 

अजित पवार ने फोन पर किससे की थी अंतिम बातचीत

एनसीपी ने अजित पवार की फोन पर हुई आखिरी बातचीत का ऑडियो जारी किया है. 66 साल के अजित पवार का विमान 28 जनवरी को बारामती हवाई अड्डे के पास लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गया था. इस हादसे में अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी. एनसीपी ने जो ऑडियो जारी किया है, वह दुर्घटना से सिर्फ नौ मिनट पहले का बताया जा रहा है. अजित पवार ने फोन पर अपनी अंतिम बातचीत कातेवाड़ी के एनसीपी कार्यकर्ता श्रीजीत पवार से की थी.

अजित पवार का अंतिम संस्कार 29 जनवरी को किया गया था, इसमें बड़ी संख्या में उनके समर्थक और चाहने वाले शामिल हुए थे.

अजित पवार से हुई अपनी बातचीत के बारे में श्रीजीत पवार ने कहा कि उन्होंने सुबह करीब 8:19 बजे उन्हें किसी काम के सिलसिले में मैसेज भेजा था. जब विमान लैंडिंग के दौरान नेटवर्क क्षेत्र में आया, तो अजित पवार ने करीब 8:37 बजे उन्हें फोन किया. किसी स्थानीय मुद्दे पर थोड़ी बात हुई और फिर उन्होंने यह कहकर फोन काट दिया कि लैंडिंग के बाद दोबारा बात करेंगे. इसके ठीक नौ मिनट बाद उनका विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

एनसीपी ने क्यों जारी किया है अजित पवार से बाचचीत का ऑडियो 

श्रीजीत पवार ने कहा,''अजित दादा और मैं एक ही गांव के हैं. मैंने उन्हें एक काम के लिए मैसेज भेजा था. जैसे ही नेटवर्क मिला, उन्होंने मुझे फोन किया. उन्होंने कहा कि हम सभी जातियों और धर्मों को साथ लेकर चलते हैं.'' 

इस बातचीत का ऑडियो सार्वजनिक करने की वजह बताते हुए कहा गया है कि अजित पवार का यह संदेश जनता तक पहुंचना चाहिए. श्रीजीत पवार ने कहा,''यह ऑडियो इसलिए जारी किया गया है ताकि महाराष्ट्र के लोग जान सकें कि आखिरी सांस तक अजित दादा की सोच क्या थी. महाराष्ट्र के लोग अजित पवार को प्यार से दादा कहते थे. अंतिम बातचीत इस प्रकार हुई थी.

Advertisement

अंतिम बातचीत में अजित पवार ने क्या कहा था

अजित पवार: हम भी सभी जाति-धर्मों को साथ लेकर चलते हैं.

श्रीजीत पवार: नहीं दादा, मुझे जो लगा वही मैंने कहा.

अजित पवार: माली समाज को सुप्रिया सुले गुट से जिला परिषद में प्रतिनिधित्व दिया गया है.हमने सभी को न्याय देने की कोशिश की है.

श्रीजीत पवार: हां दादा, आपको जो सही लगे, वही फैसला लीजिए.

अजित पवार की मौत

अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी और राज्य सभा सदस्य सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र की कैबिनेट में उपमुख्यमंत्री के रूप में शामिल किया गया है.

Advertisement

अजित पवार 28 जनवरी की सुबह करीब आठ बजे मुंबई से एक लियरजेट-45 विमान में सवार हुए थे. यह दिल्ली की वीएसआर वेंचर्स नाम की एक कंपनी का विमान था. उन्हें स्थानीय निकाय चुनाव से पहले अपने गृह क्षेत्र बारामती में चार चुनावी सभाओं को संबोधित करना था.सुबह करीब पौने नौ बजे बारामती हवाई अड्डे पर दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश के दौरान उनका विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस हादसे में अजित पवार के साथ उनके निजी सुरक्षा अधिकारी विदीप जाधव, विमान सहायक पिंकी माली और पायलट सुमित कपूर और को पायलट शांभवी पाठक की मौत हो गई थी. 

अजित पवार की मौत महाराष्ट्र के लिए एक बड़ा झटका थी. उनके निधन से महाराष्ट्र की राजनीति में भी एक बड़ा शून्य पैदा हुआ है. उनकी पत्नी और राज्य सभा सांसद सुनेत्रा पवार को एक फरवरी को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी. 

Advertisement

ये भी पढ़ें: वाराणसी में मारा गया सुपारी किलर बनारसी यादव, UP STF ने किया ढेर, 24 से ज्यादा मुकदमे थे इनामी बदमाश पर

Featured Video Of The Day
Parliament Budget Session: संसद भवन में क्यों भिड़ गए Rahul Gandhi और Ravneet Singh Bittu ?
Topics mentioned in this article