Bengal School Bomb Blast: पश्चिम बंगाल के नदिया जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. कल्याणी विधानसभा क्षेत्र के सगुना ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले घोड़ागाछा माध्यमिक शिक्षा केंद्र में शनिवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब स्कूल की दूसरी मंजिल पर स्थित एटिक (परछत्ती) में एक जोरदार बम धमाका हुआ. धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज से पूरा स्कूल परिसर दहल गया.
बाल-बाल बचे छात्र और शिक्षक
गनीमत यह रही कि धमाके के समय स्कूल में परीक्षाएं समाप्त हो चुकी थीं , इसलिए परिसर में कोई भी छात्र मौजूद नहीं था. हालांकि, स्कूल में मौजूद शिक्षक और अन्य कर्मचारी उस समय अंदर ही थे. जो धमाके की आवाज सुनतेछत की ओर दौड़ पड़े. वहां का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए.
मौके से मिला एक और जिंदा बम
जब शिक्षक छत पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि धमाके के कारण छत की एस्बेस्टस की चादरें क्षतिग्रस्त हो गई थीं. वहां हर तरफ जलने के निशान और बारूद की तीखी गंध फैली हुई थी. तलाशी के दौरान वहां एक और जिंदा बम पड़ा मिला, जिससे हड़कंप मच गया। स्कूल प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना कल्याणी थाना पुलिस को दी.
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्कूल परिसर को घेर लिया गया. पुलिस ने जिंदा बम को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर सुरक्षा के बीच स्कूल की छत तक बम कैसे पहुंचे और इसके पीछे की मंशा क्या थी? पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है.
यह भी पढ़ें: 'फेयरनेस' का काला सच: धार में पत्नी ने खेला खूनी खेल ! क्या 25 हजार करोड़ के 'गोरेपन' का बाजार घोल रहा है जहर?














