अंगूठी बनी कातिल का सुराग: जानिए जुहू बीच पर मिले अधजले शव के केस को मुंबई पुलिस ने कैसे सुलझाया

मुंबई के जुहू बीच पर मिली सड़ी‑गली लाश की पहचान उंगली में पहनी अंगूठी से हुई और इसी सुराग ने पुलिस को हत्यारे दोस्त तक पहुंचा दिया. जांच में सामने आया कि आरोपी वाहीद ने पुरानी रंजिश के कारण अशोक गौड़ की हत्या कर शव को टुकड़ों में काटकर समुद्र में फेंक दिया था.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • जुहू बीच पर मिली सड़ी-गली लाश की पहचान मृतक अशोक गौड़ की उंगली में पहनी अंगूठी से हुई थी
  • अशोक गौड़ की हत्या के आरोप में उसके दोस्त वाहीद अली मोहम्मद इसराइल शेख को पुलिस ने गिरफ्तार किया है
  • वाहीद ने मालवणी की अपनी गारमेंट फैक्ट्री में अशोक से झगड़ा कर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या की थी
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
मुंबई:

मुंबई के जुहू बीच पर समुद्र किनारे मिली एक सड़ी-गली लाश ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी थी. लेकिन इस मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने में सबसे अहम सुराग बना मृतक की उंगली में पहनी हुई पत्थर जड़ी अंगूठी. उसी अंगूठी की मदद से शव की पहचान हुई और फिर पुलिस आरोपी तक पहुंच गई. सांताक्रूज़ पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए 40 साल के कारपेंटर अशोक गौड़ की हत्या के आरोप में उसके ही दोस्त वाहीद अली मोहम्मद इसराइल शेख उर्फ मिट्टू (30) को गिरफ्तार किया है. वाहीद मालवणी इलाके में गारमेंट फैक्ट्री चलाता है.

क्या है पूरा मामला?

सोमवार सुबह जुहू कोलीवाड़ा लैंडिंग पॉइंट बीच पर एक लाश मिलने की खबर से हड़कंप मच गया. शव काफी हद तक सड़ चुका था. उंगली में मौजूद खास अंगूठी को देखकर अशोक की पत्नी ने उसकी पहचान की. यहीं से पुलिस की जांच ने रफ्तार पकड़ी.

जांच में सामने आया कि अशोक और वाहीद दोनों उत्तर प्रदेश के बरदह गांव के रहने वाले थे और सालों से एक-दूसरे को जानते थे. पुलिस के मुताबिक, वाहीद के अशोक की पत्नी के साथ कथित संबंध थे, जिसको लेकर दोनों के बीच पहले से तनाव चल रहा था.

29 जनवरी को, फैक्ट्री के कर्मचारी चले जाने के बाद वाहीद ने अशोक को मालवणी स्थित अपनी गारमेंट फैक्ट्री में बुलाया. वहां दोनों ने साथ बैठकर शराब पी. इसी दौरान बहस बढ़ गई और गुस्से में आकर वाहीद ने धारदार हथियार से अशोक पर हमला कर दिया. हमले में अशोक की मौत हो गई.

Advertisement

आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की

पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद वाहीद ने सबूत मिटाने के लिए शव के टुकड़े किए, हथियार को ठिकाने लगाया और शव को सीमेंट की बोरी में भरकर समुद्र में फेंक दिया. कुछ दिन बाद शव का ऊपरी हिस्सा बहते हुए जुहू बीच तक पहुंच गया. 9 फरवरी को गश्त के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल की नजर जेट्टी से करीब 40 मीटर दूर पानी में तैरती नीली पॉलिथीन पर पड़ी. जब उसे बाहर निकाला गया तो उसके अंदर सीमेंट की बोरी में सिर से कमर तक का हिस्सा मिला. इसके बाद सांताक्रूज़ पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की.

तटीय इलाकों के पुलिस थानों में दर्ज गुमशुदगी की शिकायतें खंगाली गईं, जिसमें मालवणी थाने में अशोक की गुमशुदगी की रिपोर्ट मिली. सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी को बांद्रा स्थित मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 13 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है. फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में कोई और तो शामिल नहीं था.

ये भी पढ़ें-: आज भारत बंद: बैंक, बाजार और स्कूल रहेंगे बंद... जानें- किसान संगठनों और ट्रेड यूनियनों ने क्यों बुलाई हड़ताल

Advertisement
Featured Video Of The Day
IndiGo Flight Emergency Landing: दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, विशाखापत्तनम सेआ रही थी फ्लाइट
Topics mentioned in this article