मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का 2027 में पहला ट्रायल, सूरत-बिलिमोरा के बीच दौड़ेगी गाड़ी, महाराष्ट्र-गुजरात को मिलेगी नई रफ्तार

Mumbai-Ahmedabad Bullet Train Trial: मुंबई और अहमदाबाद के बीच चलने वाली भारत की पहली बुलेट ट्रेन का ट्रायल 2027 में किया जाएगा. इसमें रूट, स्पीड और स्टेशन की पूरी डिटेलिंग हो चुकी है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
Mumbai-Ahmedabad Bullet Train Trial: मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का पहला ट्रायल 2027 में होगा (फोटो:NDTV ग्राफिक्स)
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का पहला ट्रायल मई 2027 में सूरत-बिलिमोरा सेक्शन पर किया जाएगा.
  • यह ट्रेन 508 किलोमीटर का सफर लगभग 1 घंटा 58 मिनट में पूरा करेगी, जो भारत की सबसे हाई स्पीड रेल होगी.
  • B-28 ट्रेन का उपयोग शुरुआती टेस्टिंग के लिए होगा, जो 280 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलेगी.

मुंबई से अहमदाबाद के बीच चलने वाली भारत की पहली बुलेट ट्रेन अब जल्द शुरू होने वाली है. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बड़ा अपडेट देते हुए बताया कि मई 2027 में मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का पहला ट्रायल होगा. सूरत-बिलिमोरा सेक्शन को पूरा करने की जानकारी हाल ही में आई थी, इसी पर पहला ट्रायल होने वाला है. यह ट्रेन 508 किलोमीटर का सफर महज 1 घंटे 58 मिनट में पूरा करेगी. जो भारत की सबसे हाई स्पीड रेल होगी. इस ट्रेन के बाद महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से गुजरात के अहमदाबाद शहर के बीच आपको ट्रेन 2 घंटे में पहुंचाने वाली है. इस ट्रेन का इंतजार भी दोनों राज्यों के लोग कर रहे हैं, जहां यह कॉरिडोर तेजी से पूरा किया जा रहा है. 

सूरत-बिलिमोरा सेक्शन है खास

बुलेट ट्रेन के इस कॉरिडोर में गुजरात का सूरत-बिलिमोरा खंड सबसे ज्यादा अहम है, क्योंकि यह इस कॉरिडोर का पहला हिस्सा है. जहां बुलेट ट्रेन का परीक्षण किया जाएगा, इस सेक्शन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह पूरी तरह एलिवेटेड ट्रैक है. हाल ही में 20 नवंबर को इस एलिवेटेड सेक्शन पर ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन सिस्टम को चालू किया गया है, यह अप और डाउन दोनों ट्रैकों को कवर करता है. यह सेक्शन 2x25 kV ट्रैक्शन सिस्टम पर काम करेगा और बिलिमोरा ट्रैक्शन सबस्टेशन पर इंस्टॉलेशन का काम भी पूरा किया जा चुका है. रेलवे सूत्रों के मुताबिक 50 किलोमीटर का सफर बुलेट ट्रेन महज करीब 6 मिनट में तय करेगी, जबकि अभी सामान्य ट्रेनों को इसमें 45 मिनट से डेढ़ घंटे तक लगते हैं. 

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के बयान के मुताबिक 'भारत की पहली बुलेट ट्रेन अब सिर्फ एक घोषणा नहीं है, यह 508 किमी का निर्माण है, जो पूरी रफ्तार से आगे बढ़ रहा है. पहली सेवा 2027 की आखिरी तिमाही में शुरू होगी. इस सेक्शन का इलेक्ट्रिफिकेशन पूरा हो चुका है, जबकि सिग्नलिंग से जुड़ा काम जनवरी 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है. खबर है कि यह सेवा जनता के लिए 15 अगस्त 2027 से भी शुरू हो सकती है.

क्या है B-28 ट्रेन

रेल मंत्री के मुताबिक शुरुआती टेस्टिंग B-28 ट्रेन का उपयोग करके की जाएगी, जिसे 280 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति से चलने के लिए डिजाइन किया गया है. यह ट्रेन पूरी तरह मेड-इन-इंडिया है. इसका निर्माण बेंगलुरु में बीएमएल के आदित्य मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी में हो रहा है. रेल मंत्री ने बताया 240 किमी प्रति घंटे से अधिक की गति से चलने वाली ट्रेनों के लिए विशेष इंजीनियरिंग की आवश्यकता होती है. ऐसा इसलिए है क्योंकि ट्रेन के चलने के दौरान बनने वाले दबाव प्रेशर को ट्रेन और उसके इंफ्रास्ट्रक्चर दोनों के डिजाइन में ध्यान में रखना पड़ता है. B-28 ट्रेन का सफलतापूर्वक स्क्वीज़ टेस्ट किया गया है. इस टेस्ट में ट्रेन पर सामान्य परिचालन के दौरान पड़ने वाले वायुमंडलीय दबाव से दोगुना दबाव डाला गया. जिससे यह जानने की कोशिश हुई है कि यह कितना दवाब झेलेगी. 

Advertisement

चरणों में खुलेंगे कॉरिडोर 

  • मई 2027: सूरत-बिलिमोरा के 50 किलोमीटर के रूट पर ट्रायल होगा. 
  • 2027 के आखिरी तक अहमदाबाद-वापी सेक्शन पूरा होने का लक्ष्य.
  • 2027 की आखिरी तिमाही पहली यात्री सेवा शुरू होने की उम्मीद. 
  • 2029 तक बुलेट ट्रेन सेवा ठाणे तक पहुंचेगी, पूरा मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर चालू होगा. 

महाराष्ट्र में अंडरसी टनल पर काम तेज

रेल मंत्री के मुताबिक महाराष्ट्र में समुद्र के नीचे बनने वाली अंडरसी टनल का काम भी शामिल है.  उन्होंने कहा कि इन हिस्सों में काम तेजी से हो रहा है. तेज रफ्तार ट्रेन के शोर से आसपास के रिहायशी इलाकों को बचाने के लिए कॉरिडोर पर करीब 94,000 नॉइज बैरियर भी लगाए गए हैं. ट्रैक पर यूरोपियन ट्रेन कंट्रोल सिस्टम लेवल-2 सिग्नलिंग लगाई जा रही है, जिसके लिए सीमेंस और DRA इन्फ्राकॉन के जॉइंट वेंचर को करीब 4,100 करोड़ का ठेका दिया गया है. 

मुंबई से अहमदाबाद 2 घंटे में होगा सफर

मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना है, जिसे इन दो प्रमुख शहरों के बीच हाई-स्पीड कनेक्टिविटी देने के लिए तैयार किया जा रहा है. पूरे 508 किमी लंबे कॉरिडोर पर सफर का समय घटकर सिर्फ 1 घंटा 58 मिनट रह जाएगा. अभी मुंबई-अहमदाबाद के बीच सामान्य ट्रेनों को 6-7 घंटे लगते हैं. लेकिन यह ट्रेन महाराष्ट्र गुजरात को हाईस्पीड कनेक्टिविटी देगा.

Advertisement

ये भी पढे़ंः मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन: सूरत-बिलिमोरा ट्रैक पर बिजली सप्लाई शुरू, ट्रायल की दिशा में बढ़ा काम

Featured Video Of The Day
Nepal PM Balen Shah की India Visit के बाद उनके जीजा Gen-Z आंदोलन पर क्या बोले?

Topics mentioned in this article
Mumbai Ahmedabad Bullet Train
Mumbai Ahmedabad Bullet Train 2026
Mumbai Ahmedabad Bullet Train Fare
Mumbai Ahmedabad Bullet Train Latest Update
Mumbai Ahmedabad Bullet Train Route Map

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं