भारत में जून से अगस्त तक मॉनसून ने जहां उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बंगाल, झारखंड तक कई राज्यों को भिगोया, लेकिन दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब जैसे राज्यों में बारिश ने मायूस किया. भारत मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि सितंबर के दौरान बारिश में कमी रहेगी. लेकिन कुछ राज्यों में सितंबर के पहले हफ्ते में जोरदार बरसात हो सकती है. आईएमडी का कहना है कि पूरे देश में औसत मासिक बारिश सामान्य से कम यानी दीर्घावधि औसत (LPA) के 91 फीसदी से कम होने की सबसे अधिक संभावना है. सितंबर बारिश का औसत 167.9 मिमी रहने के आसार हैं. उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत देश के अधिकांश भौगोलिक हिस्सों में बारिश सामान्य से कम रहने का अनुमान है. हालांकि पूर्वोत्तर भारत में भी सितंबर में भी बारिश अच्छी हो सकती है.
दिल्ली में आज का मौसम
दिल्ली एनसीआर में सितंबर के शुरुआती दिनों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 1-4 सितंबर के बीच मॉनसून बारिश बढ़ने की संभावना जताई है.तापमान में भी गिरावट आ सकती है. 3 सितंबर को भी बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री तक रह सकता है. 5 और 6 सितंबर को बारिश कमजोर पड़ेगी.बारिश के साथ चल रही तेज हवाओं से प्रदूषण भी घटेगा. इंदिरापुरम, लोनी, वसुंधरा, अशोक विहार, बुराड़ी से बवाना तक हवा की गुणवत्ता बेहतर होगी.
सितंबर के दौरान उमस भरी गर्मी के साथ तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है. दिल्ली एनसीआर के अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहेगा. उत्तर-पश्चिम, पश्चिम-मध्य और उत्तर-पूर्व भारत के कुछ हिस्सों को छोड़कर रात का तापमान सामान्य या सामान्य से कम रह सकता है.
यूपी से राजस्थान तक आज का मौसम
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली की बात करें तो 31 अगस्त से 2 सितंबर और 6 सितंबर के दौरान हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. 1 से 2 सितंबर के बीच बिजली चमकने के साथ बादल गरजने के आसार हैं.पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 31 अगस्त से 6 सितंबर तक बारिश के आसार हैं. पश्चिमी राजस्थान में 2 से 6 सितंबर के बीच बारिश हो सकती है. पूर्वांचल में 1 सितंबर को गरज के साथ बौछारें पड़ेंगी.उत्तराखंड में 6 सितंबर के दौरान हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 2 और 3 सितंबर को बारिश का अनुमान है.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ का मौसम
पश्चिमी मध्य प्रदेश में 2 और 6 सितंबर में भारी बारिश की संभावना है. 3 से 5 सितंबर के दौरान कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की हो सकती है. पूर्वी मध्य प्रदेश में 6 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी वर्षा का अनुमान है.छत्तीसगढ़ में 4 सितंबर के दौरान बलरामपुर समेत कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. विदर्भ में 2 और 4 सितंबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है.
मजबूत अल नीनो का असर
प्रशांत महासागर में अल नीनो की हालत लगातार मजबूत बनी हुई है. मध्य और पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में समुद्र की सतह का तापमान सामान्य से अधिक है. आने वाले महीनों में इसके और मजबूत होने की उम्मीद है. हिंद महासागर में तटस्थ की स्थिति बनी हुई है.सितंबर के दौरान इसके मॉनसून की तटस्थ रहने की उम्मीद है, हालांकि कुछ जगहों पर सितंबर के बाद इसका रुख बदलने के आसार हैं.
ये भी पढ़ें - आज यूपी से बिहार तक तेज बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR में कब होगी बरसात? आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम