पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजे आने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मंगलवार को प्रेस को संबोधित कर रही हैं. इसमें उन्होंने एक बार फिर 100 सीटें चुराने का आरोप लगाया. ममता बनर्जी ने कहा कि हम हारे नहीं हैं. हमारी 100 सीटें चुरा ली गई हैं. उन्होंने कहा कि हमारी लड़ाई बीजेपी से नहीं थी. यह चुनाव आयोग से थी. मुख्य चुनाव आयुक्त इस चुनाव के खलनायक हैं. लोकतंत्र के लिए यह एक काला दिन है.
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि चुनाव से दो दिन पहले चुनाव आयोग ने हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को गिरफ्तार कर लिया. बीजेपी और चुनाव आयोग ने मिलकर हमारे खिलाफ लड़ाई लड़ी है. प्रधानमंत्री और गृहमंत्री भी इसमे शामिल हैं. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने बहुत ही गंदे खेल खेले हैं. मैंने ऐसा चुनाव पहले कभी नहीं देखा.
ममता बनर्जी बोलीं- INDIA ब्लॉक मजबूत है
ममता बनर्जी ने कहा कि कल सोनिया जी और राहुल ने मुझे फोन किया था. अखिलेश, तेजस्वी, केजरीवाल और हेमंत ने मुझे फोन किया. INDIA ब्लॉक की एकजुटता मजबूत है. अखिलेश कल कोलकाता आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने जीत के लिए हर पैंतरे का इस्तेमाल किया. सारी मशीनरी बदल दी गई. इंडिया गठबंधन पूरी तरह मेरे साथ. हमने चुनाव में ऐसी अराजकता नहीं देखी.
उन्होंने कहा, 'मैं एक आजाद पंछी हूं. मैंने अपनी पूरी जिंदगी सेवा में लगा दी है.' उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, 'मेरी सीट के लिए गिनती के 5 राउंड बाकी थे. बीजेपी के लोग गुंडों के साथ अंदर घुस आए और उन्होंने टीएमसी के एजेंटों को धमकाया और पीटा. बीजेपी के लोग पोलिंग स्टेशन के अंदर घुस गए और हमारे काउंटिंग एजेंटों को पीटना शुरू कर दिया.'
उन्होंने कहा, 'पहले राउंड के बाद बीजेपी ने कहना शुरू कर दिया कि वो बड़ी जीत दर्ज कर रहे हैं. बीजेपी पोलिंग स्टेशन के अंदर जाने लगे वो काउंटिंग एजेंट और लोगों को मारना शुरू कर दिया. मैं उस समय भवानीपुर में आगे चल रही थी. बीजेपी ने शोषण किया है. जब मुझे इसकी जानकारी मिली तो भवानीपुर काउंटिंग सीट पर मैं गई. सीआरपीएफ ने मुझे कहा कि मैं अंदर नहीं जा सकती, लेकिन मैंने कहा कि मैं कैंडिडेट हूं. 3 दिनों तक केंद्रीय बलों का अत्याचार देखने को मिला है.'
उन्होंने खुद पर हमला होने का आरोप भी लगाया. ममता ने कहा कि 'काउंटिंग में खेल हुए क्या आप ऐसा कर सकते हैं. हमारी तरफ से कोई था ही नहीं, मेरे एजेंट को इजाजत नहीं थी, मुझे पीछे से मारा गया. उन्होंने मुझे प्रताड़ित किया, मारा. आप कल्पना भी नहीं सकते कि मेरे साथ क्या किया गया. जब काउंटिंग शुरू हुआ तो मैं एक कैंडिडेट के तौर पर वहां बैठी. बीजेपी के लोगों ने मुझे धक्का देकर मारकर निकाला. ये मेरी बेइज्जती है. जब मेरे साथ ऐसा हुआ तो मैं समझ सकती हूं कि बाकी कैंडिडेट के साथ क्या हुआ होगा..'
बीजेपी बंगाल में जुल्म ढा रहीः ममता का आरोप
उन्होंने आगे आरोप लगाते हुए कहा, 'बीजेपी ने गुंडों के साथ मिलकर पूरे बंगाल में जुल्म ढाना शुरू कर दिया है. पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है. बीजेपी, टीएमसी की महिला समर्थकों को रेप की धमकियां दे रही हैं.'
ममता बनर्जी ने कहा कि 'अब मैं बिना किसी पद के नई दिल्ली के खिलाफ लड़ूंगी. मेरी पार्टी उन लोगों का साथ देगी, जिन पर बीजेपी के कार्यकर्ता जुल्म ढा रहे हैं.'
मैंने ऐसा कभी नहीं देखा: ममता बनर्जी
ममता बनर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव चोरी होने का आरोप लगाया. उन्होंने आरोप लगाया कि इसी तरह उन्होंने महाराष्ट्र, हरियाणा, बिहार और अब बंगाल में चुनाव चुराया है. उन्होंने कहा, 'भारत सरकार ने सीधा हस्तक्षेप किया. पूरे सिस्टम पर कब्जा करने के लिए लोकतंत्र की हत्या की गई. इसी तरह वो महाराष्ट्र, बिहार और हरियाणा में जीते, हम शेर की तरह लड़ना जारी रखेंगे, जारी रखेंगे.'
उन्होंने कहा, 'सीआरपीएफ के लोग तो गुंडे जैसे व्यवहार कर रहे थे. वो कैंडिडेट तक को काउंटिंग सेंटर के अंदर नहीं जाने दे रहे थे. सेंटर फोर्स ऐसा व्यवहार कर सकती है, मैंने कभी नहीं सोचा था. मैंने मनमोहन, देवगौड़ा, गुजराल सरकार को भी देखा लेकिन मैंने ऐसा अत्याचार कभी नहीं देखा. क्या आप देश को लूटना चाहते हैं?'
ममता ने कहा कि 'पार्टी एकजुट है. सभी पार्टी नेता एकसाथ काम कर रहे हैं. हालांकि, उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है, उनके घर जलाए जा रहे हैं, कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है, महिलाओं को बलात्कार की धमकी दी जा रही है. आप कल्पना कर सकते हैं. न्यायपालिका नहीं है, चुनाव आयोग बायस है, भारत सरकार एक पार्टी रूल देखना चाहती है तो लोग कैसे न्याय करेगी. आप सबकुछ जोर जबरदस्ती से कब्जा करना चाहते हैं. हम बाउंस बैक करेंगे. हम लड़ाई जारी रखेंगे.'
कल जो हुआ, वह बंगाल के लिए काला दिन थाः ममता
ममता बनर्जी ने कहा कि कल जो कुछ हुआ, वह बंगाल के इतिहास का एक काला अध्याय है. उन्होंने कहा कि हम इस बारे में जानकारी इकट्ठा कर रहे हैं कि बीजेपी ने काउंटिंग सेंटर्स पर कब्जा कर लिया था.
उन्होंने कहा कि 'अगर BJP निष्पक्ष तरीके से जीती होती, तो मैं कुछ भी नहीं कहती. अगर केंद्रीय बल इस तरह का बर्ताव कर सकते हैं, तो मेरे पास देखने के लिए कुछ नहीं बचा है. मैंने केंद्र में पहले भी BJP की सरकारें देखी हैं, लेकिन ऐसा कुछ कभी नहीं देखा. लोकतंत्र इस तरह से काम नहीं करता है.'
उन्होंने कहा कि 'जब न्यायपालिका मौजूद न हो, जब चुनाव आयोग पक्षपाती हो और सरकार सिर्फ एक पार्टी का शासन चाहती हो, तो दुनिया भर में एक गलत संदेश जाता है.'
ममता 15 साल बाद सत्ता से बाहर
ममता बनर्जी 2011 में सत्ता में आई थीं. इसके बाद से लगातार तीन चुनाव में उनकी पार्टी टीएमसी जीत रही थी. 2021 में टीएमसी ने 214 सीटें जीती थीं. लेकिन इस बार उनकी पार्टी 80 सीटों पर सिमट गई. इस बार बंगाल में ऐसी भगवा लहर चली कि टीएमसी सिर्फ 80 सीटें ही जीत पाई. ममता बनर्जी खुद भवानीपुर से 15 हजार से ज्यादा वोटों से हार गईं. उन्हें दूसरी बार बीजेपी के सुवेंदु अधिकारी ने हराया.
बंगाल में पहली बार बीजेपी सरकार
पश्चिम बंगाल में बीजेपी पहली बार सरकार बनाने जा रही है. बंगाल में बीजेपी ने 207 सीटें जीत ली हैं. बंगाल में बीजेपी का ये अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है. इस बार बीजेपी का वोट शेयर 45.84 प्रतिशत रहा. जबकि, टीएमसी का वोट शेयर घटकर 40.80 प्रतिशत पर आ गया.














