- सूरत के अलथान पुलिस स्टेशन के बाहर नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ के विरोध में बड़ी संख्या में लोग जमा हुए थे.
- आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन हिंदू संगठनों के लोग आरोपी की मांग लेकर थाने पर पहुंचे थे.
- पुलिस और हिंदू संगठनों के बीच झड़प हुई, जिसके बाद 4 पुलिस स्टेशनों की गाड़ियां और क्राइम ब्रांच तैनात की गईं.
गुजरात के सूरत शहर से भारी बवाल की खबर सामने आई है. यहां बड़ी संख्या में आक्रोशित लोग थाने के सामने पहुंच गए. थाने का घेराव करते हुए लोग नारेबाजी कर रहे थे. इससे बीती रात कुछ घंटों तक अफरातफरी जैसी स्थिति बनी रही. हालांकि बाद में पुलिस के वरीय अधिकारियों द्वारा समझाने के बाद माहौल शांत हुआ. हालांकि चौकसी के लिए अभी भी पुलिस टीम को मुस्तैद रखा गया है.
सूरत के अलथान पुलिस स्टेशन की घटना
मिली जानकारी के अनुसार सूरत के अलथान पुलिस स्टेशन का लोगों ने बीती रात घेराव किया. लोगों का यह विरोध एक नाबालिग लड़की के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना से जुड़ा है. यहां शुक्रवार रात एक समुदाय के युवक ने दूसरे समुदाय की नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ की.
नाबालिग से छेड़छाड़ के बाद भड़का लोगों का गुस्सा
जिसकी शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. लेकिन इस बीच हिंदू संगठनों से जुड़े लोग बड़ी संख्या में पुलिस स्टेशन पहुंच गए और आरोपी युवक को हमें सौंप दो के नारे लगाते हुए पुलिस स्टेशन का घेराव किया. इस बीच
पुलिस और हिंदू संगठन के बीच झड़प भी हुई.
स्थिति पर नजर रखने के लिए चार पुलिस स्टेशनों की गाड़ियों को तैनात किया गया. डीसीपी, एसीपी, चार से पांच थानों का पुलिस बल और साथ में क्राइम ब्रांच को भी सम्मिलित किया गया.
पुलिस अधिकारी ने क्या कुछ कहा?
मामले में सूरत की DCP निधि ठाकुर ने कहा, "अल्थान पुलिस स्टेशन के पास रात करीब 8 बजे, 15 से 16 साल की एक लड़की अपनी कोचिंग क्लास से लौट रही थी. एक्टिवा चला रहे एक लड़के ने उस पर हमला करने की कोशिश की. उसे तुरंत पुलिस स्टेशन लाया गया... आरोपी हिरासत में है, और हमने शिकायत दर्ज कर ली है... यह मुमकिन है कि वह किसी दूसरे धर्म का हो. यहां 300 से 400 लोग जमा हो गए थे... कोई लाठीचार्ज नहीं किया गया."
यह भी पढ़ें - 14 घंटों तक लाइन में, छठ-होली जैसा हाल... सूरत से बिहार-UP लौट रहे लोगों की परेशानी, VIDEO













