- दिल्ली के विवेक विहार में लगी आग में एक चार मंजिला इमारत में कुल आठ फ्लैट थे और केवल एक सीढ़ी थी
- इमारत में कोई इमरजेंसी एग्जिट का दरवाजा नहीं था और छत पर ताला लगा होने से बचाव कार्य प्रभावित हुआ
- आग लगने की सूचना तड़के साढ़े तीन बजे मिली और दो घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 6:25 पर आग पर काबू पाया गया
Delhi Vivek Vihar Fire: दिल्ली के विवेक विहार अग्निकांड में बड़ी लापरवाही सामने आई है. इस चार मंजिला इमारत में कुल 8 फ्लैट्स हैं और जाने के लिए सिर्फ एक ही सीढ़ी है. इमरजेंसी एग्जिट के लिए कोई दरवाजा नहीं था, जिससे आग लगने जैसी स्थिति में निकला जा सके. दमकल अधिकारियों ने बताया कि इमारत की छत पर भी ताला लगा हुआ था. शाहदरा के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के लगभग साढ़े तीन बजे बहुमंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई फ्लोर इसकी चपेट में आ गए. इसमें अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है.
नहीं था कोई EXIT डोर
विवेक विहार की जिस इमारत में आग लगी, उसमें अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया गया था. लोगों की जान जाने की एक वजह ये भी सामने आई है. घटनास्थल पर मौजूद दमकल अधिकारी ने बताया, "यह एक आवासीय इमारत है जिसमें सिर्फ एक सीढ़ी है. कोई भी आपातकालीन दरवाजा नहीं था. जब हम आग बुझाने के लिए छत पर गए, तो देखा कि छत पर ताला लगा हुआ था. इस घटना में अब तक नौ लोग घायल हुए हैं और हमने लगभग 15 लोगों को बचा लिया है. इनमें से एक व्यक्ति 30 प्रतिशत तक जल गया है और उसे जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है," ऐसे में अगर आग से बचने के लिए अगर कोई छत की ओर भागता, तो सोचिये क्या होता?
ऐसे में अगर आग से बचने के लिए अगर कोई छत की ओर भागता, तो सोचिये क्या होता? दमकल अधिकारी ने बताया कि छत जाने वाली सीढ़ी पर भी ताला लगा था, वहां से भी हमने 3 लोगों को रेस्क्यू किया. इस इमारत में भागने और बचने का एक ही रास्ता था. इससे लोगों को बचने का रास्ता नहीं मिला.
आग पर काबू पाने में लगे 2 घंटे
आग विवेक विहार फेज-1 के एक बहुमंजिला मकान में लगी थी. फायर कंट्रोल रूम को इस हादसे की सूचना तड़के 3:48 बजे मिली थी, जिसके बाद तुरंत पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं. मौके पर पहुंचने पर पता चला कि बिल्डिंग के दूसरे, तीसरे और चौथे फ्लोर पर आग लगी हुई थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल की करीब 12 से 14 गाड़ियां मौके पर लगाई गईं. फायर ब्रिगेड, पुलिस, क्राइम टीम, ट्रैफिक पुलिस और डीडीएमए की टीम ने मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया. करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 6:25 बजे आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन इसके बाद भी सर्च ऑपरेशन जारी रहा, खासकर ऊपरी मंजिलों पर, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अंदर फंसा न रह जाए.
15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे आग लगने की कॉल मिली थी और तुरंत टीम मौके पर पहुंच गई थी. उन्होंने कहा कि आग पर काबू पाने में करीब दो घंटे लगे, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. बचाव कार्य के दौरान करीब 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इनमें से दो लोगों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेजा गया. वहीं, कुछ अन्य घायलों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस आग में कुल नौ लोगों की जान चली गई. यह संख्या और बढ़ भी सकती है, क्योंकि अभी सर्च ऑपरेशन पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है.
ये भी पढ़ें :- नींद में थे लोग, फोन भी... प्रत्यक्षदर्शी ने बताया दिल्ली के विवेक विहार में कैसे हुई 9 लोगों की मौत
शॉर्ट सर्किट या एसी ब्लास्ट...?
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग इतनी भयानक थी कि लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला. कई लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागे, जबकि कुछ लोग अंदर ही फंस गए थे. फिलहाल आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस और जांच एजेंसियां हर एंगल से मामले की जांच कर रही हैं. कुछ लोग इसे शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी आग बता रहे हैं, तो कुछ लोग एसी ब्लास्ट को आग का कारण बता रहे हैं.
ये भी पढ़ें :- दिल्ली: विवेक विहार की बिल्डिंग में लगी भीषण आग में 9 लोगों की मौत, शव देख मर्द-औरत की पहचान भी मुश्किल













