महाराष्ट्र में हुए MLC चुनावों के नतीजे पूरी तरह से स्पष्ट हो गए हैं. 17 सीटों में से 16 सीटों पर सत्ताधारी भाजपा, शिवसेना और एनसीपी (अजित गुट) ने जीत हासिल की है. एक सीट विपक्ष को मिली है. नतीजों में महायुति की बड़ी जीत हुई है. 6 सीटों पर पहले ही निर्विरोध प्रत्याशी चुने गए थे. नासिक सीट पर बीजेपी के बागी ने एकनाथ शिंदे के उम्मीदवार का खेल बिगाड़ दिया. यहां नासिक में उनके कैंडिडेट नरेंद्र दराडे को निर्दलीय उम्मीदवार गोकुल गिते से हार का सामना करना पड़ा है.
इन सीटों पर जीती (भाजपा, शिवसेना और एनसीपी)
नांदेड़: भाजपा के अमरनाथ राजुरकर जीते, कांग्रेस के रामदास पाटिल हारे
नागपुर (उपचुनाव): भाजपा के डॉ राजीव पोतदार जीते, कांग्रेस के अतुल लोंढे हारे
भंडारा-गोंदिया: भाजपा के अविनाश ब्राह्मणकर जीते, कांग्रेस समर्थित के नरेश ईश्वरकर हारे
छत्रपति संभाजीनगर-जालना: भाजपा के सुहास शिरसाट जीते, हारे गणेश लोखंडे (शिवसेना उद्धव गुट)
परभणी-हिंगोली: शिवसेना के सईद खान जीते, हारे डॉ. विवेक नावंदर (शिवसेना उद्धव गुट)
जलगांव: भाजपा के नंदकिशोर महाजन जीते, हारे शरद तायडे (शिवसेना उद्धव गुट)
सांगली-सतारा: भाजपा के धैर्यशील कदम जीते, हारे अभयसिंह जगताप (एनसीपी शरद पवार गुट)
सोलापुर: भाजपा के राजेंद्र राउत जीते, हारे वसंतराव देशमुख (एनसीपी शरद पवार गुट)
धाराशिव-लातूर-बीड: भाजपा के बसवराज पाटिल जीते, कांग्रेस के महेश देशमुख हारे
अमरावती: भाजपा के प्रवीण पोटे जीते, कांग्रेस के हर्षदीप देशमुख हारे
नासिक में बीजेपी के बागी ने बिगाड़ा शिंदे का खेल
नासिक में शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट के उम्मीदवार नरेंद्र दराडे को हार का सामना करना पड़ा है. उन्हें गोकुल गिते ने हराया है. खास बात यह है कि गोकुल बीजेपी के नेता हैं, लेकिन पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया था. जिसके चलते उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा था. जिसमें उन्हें जीत मिली है. चुनाव से पहले शिवसेना और भाजपा ने यहां अपने नगर सेवकों को एकजुट रखने के लिए उन्हें ठाणे के एक होटल में भी ठहराया था. क्योंकि चुनाव में खरीद-फरोख्त का डर था. लेकिन भाजपा और शिवसेना की यह रणनीति नासिक में काम नहीं आई और निर्दलीय गोकुल गिते ने भाजपा शिवसेना के उम्मीदवार को हरा दिया है.
ये भी पढ़ेंः शिवसेना UBT के 6 बागी सांसद आज दिल्ली में करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस, उद्धव ने लगाया खरीदे जाने का आरोप
बीजेपी के 9 MLC चुने गए
सोमवार को आए 11 सीटों के नतीजों में बीजेपी के 9 MLC को जीत मिली है. जबकि परभणी-हिंगोली सीट पर शिवसेना को जीत मिली है. नासिक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार को जीत मिली है. जो बीजेपी से बगावत करके चुनाव लड़े थे. ऐसे में उनका अगला कदम क्या होगा इस पर भी सबकी नजरें रहेगी. बीजेपी के लिए यह चुनाव अहम रहे हैं. विधान परिषद में पार्टी के एमएलसी की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है.
महाराष्ट्र में इन सीटों पर निर्विरोध जीते उम्मीदवार
महाराष्ट्र की 17 में से 6 सीटों पर निर्विरोध उम्मीदवार चुने गए थे. उनमें सत्ताधारी महायुति गठबंधन को 5 सीटें मिली थी. जबकि 1 सीट शरद यादव की पार्टी को मिली थी.
वर्धा-गढ़चिरौली-चंद्रपुर: अरुण लखानी (भाजपा)
ठाणे: रवींद्र फाटक (शिवसेना)
रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग: अनिकेत तटकरे (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-NCP)
यवतमाल: दुष्यंत चतुर्वेदी (शिवसेना)
अहिल्यानगर: प्राजक्त तनपुरे (भाजपा)
पुणे: विक्रम काकड़े (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी - NCP)
17 में से भाजपा को मिली कुल 11 सीटें
महाराष्ट्र में कुल 17 विधान परिषद की सीटें खाली हुई थी. जिसमें नागपुर सीट पर उपचुनाव हुआ था. इनमें से 6 सीटों पर निर्विरोध प्रत्याशी चुने गए थे. जिसमें 2 भाजपा, 2 शिवसेना और 1 सीट एनसीपी (अजित गुट) को मिली थी. 1 सीट एनसीपी (शरद गुट) को मिली थी. वहीं 11 सीटों पर चुनाव की स्थिति बनी थी. जिसके लिए 18 जून के दिन मतदान हुआ था. इन 11 सीटों के नतीजों में भाजपा को 9 सीटें और शिवसेना को 1 सीट मिली है. जबकि एक सीट निर्दलीय प्रत्याशी ने जीती है. इस तरह टोटल 17 में से 11 सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार चुने गए हैं. जबकि शिवसेना को 3 सीटों से ही संतोष करना पड़ा है.
ये भी पढ़ेंः चार साल बाद फिर 21 जून को ही आई उद्धव ठाकरे पर आफत... 6 सांसद टूटे!