तिहाड़ से साबरमती जेल कैसे पहुंच गया लॉरेंस बिश्नोई? वकील से भी मिलने की इजाजत नहीं

Lawrence Bishnoi Tiger Shroff Firing: टाइगर श्रॉफ पर हमला करने की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है. गैंग का कहना है कि टाइगर सलमान खान के करीबी हैं और वो हर उस शख्स पर हमला करेंगे, जो सलमान से रिश्ता रखता है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गों ने चलाई टाइगर श्रॉफ पर गोली

जैकी श्रॉफ के बेटे और बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर अचानक कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिसमें एक्टर बाल-बाल बचे. इस हमले में उनका ड्राइवर और एक शख्स घायल हुआ है. हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है. अनिल पंडित नाम के गैंगस्टर ने ये हमला करवाया था, जो लॉरेंस बिश्नोई का खास गुर्गा बताया जाता है. पिछले कुछ सालों में इस गैंग ने ऐसे कई बड़े हमले किए हैं. भले ही ये गैंग लॉरेंस के नाम से ऐसे बड़े अपराधों को अंजाम दे रहा हो, लेकिन उनका सरगना यानी लॉरेंस बिश्नोई बेहद टाइट सिक्योरिटी में सारबमती जेल में बंद है. आज हम आपको बताएंगे कि लॉरेंस कैसे तिहाड़ से गुजरात की साबरमती जेल पहुंचा और वहां उससे मिलना कितना मुश्किल है. 

साबरमती जेल में बंद है लॉरेंस

लॉरेंस बिश्नोई को गुजरात की साबरमती जेल में रखा गया है. इस जेल के दो हिस्से हैं, एक नई जेल और एक पुरानी जेल है. लॉरेंस को पुरानी जेल में रखा गया है. इस जेल में 10 कमरे हैं, लेकिन इनमें से 9 में कोई भी नहीं रहता है. सिर्फ लॉरेंस बिश्नोई ही इस पूरी जेल में रहता है. पिछले करीब तीन सालों से लॉरेंस इसी जेल में अकेला रह रहा है. ये जेल किसी किले से कम नहीं है, यहां उसकी सुरक्षा में सैकड़ों जवानों की तैनाती है और परिंदा भी पर नहीं मार सकता है. इसके अलावा जेल के इस खास हिस्से में किसी भी तरह का मोबाइल नेटवर्क काम नहीं करता है. 

तिहाड़ से पंजाब और फिर साबरमती जेल 

लॉरेंस बिश्नोई पहले तिहाड़ जेल में बंद था, लेकिन पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाली की हत्या के बाद उसे पंजाब पुलिस अपने साथ ले गई. इसके बाद 2023  में लॉरेंस पंजाब की भटिंडा जेल में बंद था. यहीं से उसने एक मीडिया चैनल को इंटरव्यू भी दिया और बताया कि उसे आसानी से फोन और बाकी सुविधाएं मिल जाती हैं. इसके तुरंत बाद गुजरात एटीएस ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया. 

दरअसल भारतीय कोस्टगार्ड के साथ गुजरात एटीएस ने एक पाकिस्तानी नाव को पकड़ा था. इससे करीब 200 करोड़ रुपये का ड्रग्स बरामद हुआ था और इसके तार लॉरेंस से जुड़ रहे थे. इस मामले में गुजरात एटीएस ने दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट से लॉरेंस की कस्टडी मांगी और 24 अगस्त 2023 को उसे गुजरात ले जाया गया. इसके बाद कोर्ट ने लॉरेंस को साबरमती जेल भेज दिया. 

साबरमती से नहीं निकल पाया लॉरेंस

2023 में लॉरेंस बिश्नोई को साबरमती जेल लाया गया था और इसके बाद आज तक उसे बाहर नहीं आने दिया गया. किसी भी राज्य की पुलिस को अगर लॉरेंस से पूछताछ करनी होती है तो इसके लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की व्यवस्था की जाती है, या फिर उस राज्य की पुलिस को साबरमती जेल आकर ही पूछताछ करनी होती है. कोर्ट में भी पेशी इसी तरह होती है. इतना ही नहीं लॉरेंस के वकील को भी साबरमती जेल में उससे मिलने की इजाजत नहीं है. वकील भी सिर्फ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ही लॉरेंस से बात करता है. 

Advertisement
लॉरेंस को साबरमती जेल में ही कैद करने के लिए एक खास धारा लगाई गई है. ये भारतीय न्याय संहिता की धारा 303, जिसे CRPC में 268 के नाम से जाना जाता था, है. इसमें किसी भी अपराधी के जेल से बाहर निकलने पर कानून व्यवस्था बिगड़ने का खतरा पैदा होने पर लगाया जाता है. गृह मंत्रालय की तरफ से लॉरेंस को जेल से निकालने से रोकने के लिए ये धारा लगाई गई थी. इसके बाद कोई भी एजेंसी या फिर पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर नहीं ले जा सकती है. 

लॉरेंस के खिलाफ इतने मामले हैं दर्ज

लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ पांच से ज्यादा राज्यों में करीब 80 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं. इसमें हत्या, वसूली, जान से मारने की कोशिश और किडनैपिंग से जुड़े मामले हैं. तमाम राज्यों की अदालतों में ये मामले चल रहे हैं.  यहां तक कि कई ऐसे मामले हैं, जिनमें अभी फैसला आना बाकी है. वहीं कुछ मामलों में उसे सजा सुनाई जा चुकी है. फिलहाल उसके नाम बड़े अपराधों की लिस्ट लगातार लंबी होती जा रही है. उसके कई साथी दुनिया के अलग-अलग देशों में बैठकर भारत में हत्या से लेकर बाकी तमाम तरह के क्राइम करवा रहे हैं. 

यह भी पढ़ें | 'जब खून में लथपथ निकला टाइगर श्रॉफ का ड्राइवर', चश्मदीद को लगा दीवाली के पटाखे फोड़ रहा है 

Advertisement

Featured Video Of The Day
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद एकनाथ शिंदे पहुंचे घर, क्या है पूरा मामला?

Topics mentioned in this article
Lawrence Bishnoi
Lawrence Bishnoi Jail
Tiger Shroff Firing Case
Sabarmati Jail

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं