- हरियाणा के सोनीपत के बहालगढ़ चौक पर तीन बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े पहल न्यूट्रिशन शोरूम के बाहर फायरिंग की
- घटना के बाद बदमाशों ने दो करोड़ रुपये की फिरौती की पर्ची फेंककर मौके से फरार हो गए और दहशत फैलाई
- लॉरेंस गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फायरिंग की जिम्मेदारी ली और शूटरों का हथियारों संग वीडियो जारी किया
हरियाणा के सोनीपत के बहालगढ़ चौक पर आज तीन बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर दहशत मचा दी. बदमाशों ने पहल न्यूट्रिशन के शोरूम के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की. घटना को अंजाम देने के बाद मौके पर 2 करोड़ रुपये की फिरौती की एक पर्ची फेंककर वहां से फरार हो गए. अब इस घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है. लॉरेंस गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फायरिंग का दावा किया है.
ये भी पढ़ें- हत्या, आर्म्स एक्ट जैसे 9 केस... इस गैंगस्टर के इशारे पर गुरुग्राम में की फायरिंग, STF ने 3 को धर दबोचा
शूटरों के हथियारों के साथ वीडियो जारी
लॉरेंस गैंग ने पोस्ट में कहा है कि अब रोहित गोदारा को रंगदारी देने वाले टारगेट पर. इतना ही नहीं, सोनीपत में शोरुम के बाहर जिन शूटरों ने फायरिंग की थी, उनके हथियारों के साथ वीडियो भी जारी किए गिए हैं. शूटरों के नाम भी सामने आए हैं. हालांकि एनडीटीवी इस सोशल मीडिया पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है.
बता दें कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से यह सोशल मीडिया पोस्ट गैंगस्टर रणदीप मलिक ने किया है. इसकी शुरुआत जय महाकाल और जय श्री राम के साथ की गई है. पोस्ट में आगे कहा गया है कि आज पहल न्यूट्रिशन, बहालगढ़ चौक (सोनीपत) पर हुई फायरिंग मैंने यानी कि रणदीप मलिक और अनिल पंडित USA ने करवाई है.
जो भी रोहित गोदारा गैंग को पैसे देगा, उसे मरवा देंगे
पोस्ट में आगे कहा गया है कि पहल न्यूट्रिशन वाले फेक प्रोडक्ट बेचकर पैसे कमाने के लालच में देश के युवाओं को खराब कर रहे हैं. इन्होंने हमारे दुश्मन और रेपिस्ट रोहित गोदारा को फिरौती दी, जो कि पाकिस्तान एजेंसी के साथ मिलकर देश की खुफिया जानकारी उनको देता है. जो भी इनको फिरौती के पैसे देता है, उस पैसे को ये देश के खिलाफ इस्तेमाल करते हैं. पोस्ट में आगे लिखा है कि जो भी इन्हें पैसे देगा, उन्हें हम मरवा देंगे. ये बस एक ट्रेलर था. रोहित गोदारा ने ये जो नीच हरकत की है, इसका ऐसा बदला लेंगे कि देखने वालों की भी रूह कांप जाएगी.
आगे सिंगर मासूम शर्मा को समय रहते हरियाणा के सरपंचों से माफी मांगने की धमकी दी गई है. कहा गया है कि अगर ऐसा नहीं किया तो इसका अंजाम बहुत बुरा होगा. इसके साथ ही गैंग के अन्य लोगों के नाम भी आगे लिखे गए हैं.














