कानपुर मेट्रो विस्तार का काम तेज हो गया है. कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-1 ऑरेंज लाइन के तहत अभी IIT कानपुर से कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन तक कुल 16 किलोमीटर के रूट पर दौड़ रही है. इसमें कानपुर शहर में IIT कानपुर, कल्याणपुर, SPM हॉस्पिटल, विश्वविद्यालय, गुरुदेव चौराहा, गीता नगर, रावतपुर, हैलट अस्पताल और मोतीझील तक एलीवेटेड सेक्शन बना है.जबकि मोती झील से कानपुर रेलवे स्टेशन से चुन्नीगंज, नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा, नयागंज और कानपुर सेंट्रल तक अंडरग्राउंड मेट्रो चल रही है. कॉरिडोर 1 के विस्तार में कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक रूट पर काम चल रहा है. जबकि कॉरिडोर 2 में सीएसए यूनिवर्सिटी से बर्रा 8 तक निर्माण हो रहा है. इसके अलावा चकेरी, पनकी, ट्रांस गंगा सिटी, उन्नाव आदि को जोड़ने के लिए 84 किलोमीटर के 7 नए कॉरिडोर की तैयारी है.
कानपुर मेट्रो का विस्तार
कानपुर मेट्रो का विस्तार दो चरणों में हो रहा है.पहले कॉरिडोर का एक्सटेंशन हो रहा है. जबकि दूसरे कॉरिडोर के लिए भी कवायद हो रही है, ताकि कानपुर मेट्रो को शहर के दक्षिण के इलाकों बर्रा, विजय नगर, किदवई नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, नौबस्ता तक जोड़ा जा सके.
कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता : ऑरेंज लाइन
कानपुर मेट्रो की ऑरेंज लाइन का विस्तार शहर के दक्षिणी हिस्से में हो रहा है. ये कानपुर सेंट्रल से आगे झकरकटी बस टर्मिनल, ट्रांसपोर्ट नगर, बारादेवी, किदवई नगर, वसंत विहार से होते हुए नौबस्ता तक का रूट तय करेगी. इसका ट्रायल भी पूरा हो गया है. साल के अंत तक इसे आम जनता के लिए खोला जा सकता है. ये रूट चालू होने के साथ कानपुर मेट्रो, लखनऊ मेट्रो, नोएडा मेट्रो के बाद उत्तर प्रदेश में तीसरी सबसे बड़ी मेट्रो होगी.
कानपुर मेट्रो कॉरिडोर 2 रूट
कानपुर मेट्रो कॉरिडोर के दूसरे चरण में ब्लू लाइन का निर्माण होना है. जो अभी कल्याणपुर में चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय CSA यूनिवर्सिटी से बर्रा 8 तक बननी है. यह लगभग 8.60 किमी लंबा मेट्रो कॉरिडोर है. इसमें चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय से रावतपुर और डबल पुलिया होते हुए बर्रा 8 तक मेट्रो जाएगी. इस रूट पर टनल बनाने और स्टेशन निर्माण का काम तेजी से हो रहा है.
कानपुर मेट्रो के 6 नए रूट
कानपुर की आबादी 45 लाख होने के साथ यहां यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार तेजी से मेट्रो विस्तार पर काम कर रही है. इसके 7 नए रूट के साथ लगभग 84 किमी का नेटवर्क तैयार किया जाना है. उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने कानपुर के लिए कॉम्प्रिहेंसिव मोबिलिटी प्लान बनाया है.
1. कानपुर से उन्नाव कनेक्टिविटी
भविष्य में कानपुर से उन्नाव शुक्लागंज के बीच मेट्रो संपर्क कायम हो सकता है. 35.8 किमी का यह कानपुर का सबसे बड़ा प्रस्तावित रूट होगा, जो कानपुर को पड़ोसी जिले उन्नाव से सीधे मेट्रो से जोड़ेगा. दोनों शहरों के बीच गंगा के आरपार रोजाना हजारों लोगों का आवागमन आसान होगा.
2. नौबस्ता से चकेरी मेट्रो रूट
कानपुर एयरपोर्ट चकेरी तक मेट्रो का नया रूट भी बन सकता है. ये लगभग 14.6 से 17.6 किमी लंबा यह प्रस्तावित अंडरग्राउंड और एलीवेटेड मेट्रो रूट दक्षिण कानपुर को सीधे कानपुर एयरपोर्ट चकेरी से जोड़ेगा.
3. बर्रा-8 से नौबस्ता मेट्रो रूट
कानपुर साउथ में कनेक्टिविटी को बेहतर करने के लिए 8 किमी लंबा यह मेट्रो रूट कॉरिडोर-1 और कॉरिडोर-2 को आपस में जोड़ेगा.इससे साउथ कानपुर का मेट्रो रूट पूरा होगा. बाबूपुरवा, किदवई नगर, नौबस्ता, वसंत विहार जैसे इलाके भी इससे जुड़ेंगे.
4. नमक फैक्ट्री, विजयनगर से पनकी एक्सटेंशन
इंडस्ट्रियल एरिया पनकी को मेन सिटी से जोड़ने के लिए लगभग 6 किमी का रूट भी प्रस्ताव में है. इसमें विजय नगर, कल्याणपुर, कालपी रोड, रतननगर, पांडु नगर, काकादेव, जवाहर नगर, आवास विकास जैसे एरिया को फायदा होगा.
5. नौबस्ता से रमईपुर मेट्रो रूट
नौबस्ता से रमईपुर मेट्रो रूट 5.45 किमी का एलीवेटेड रूट बनेगा. कानपुर जीटी रोड से आगे मेट्रो का विस्तार इससे और मजबूत होगा.
6. CSA यूनिवर्सिटी से ट्रांस गंगा सिटी
चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय से लगभग 4.4 किमी का मेट्रो कॉरिडोर ख्योरा सिटी तक बनेगा. वहीं ख्योरा कटरी से गंगा किनारे विकसित हो रही ट्रांस गंगा सिटी तक मेट्रो रूट भविष्य में साकार हो सकता है. गंगा पार ट्रांस गंगा सिटी तक कनेक्टिविटी के लिए 9 किमी का लिंक रूट प्रस्तावित है.
ये भी पढ़ें - आगरा मेट्रो विस्तार: सिकंदरा, ताज ईस्ट से आगरा कैंट तक 20 स्टेशन बनेंगे, राजा मंडी, कालिंदी विहार को भी तोहफा
ये भी पढ़ें - दिल्ली मेट्रो के 7 नए रूट का ऐलान, 65 नए स्टेशन बनेंगे, नरेला, नजफगढ़-जोरबाग से पालम तक 97 KM का नेटवर्क बनेगा