झारखंड चुनाव : अमित शाह ने कहा, देश से मार्च 2026 तक नक्सलवाद का सफाया कर दिया जाएगा

केंद्रीय गृह मंत्री ने चतरा जिले के सिमरिया में एक चुनावी रैली में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाले झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) गठबंधन पर नक्सलवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चुनावी रैली को संबोधित किया.
रांची:

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाले झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) गठबंधन पर ‘‘नक्सलवाद को बढ़ावा देने'' का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार मार्च 2026 तक देश से इस खतरे को खत्म कर देगी.

शाह ने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) झारखंड में सरकार बनाएगा. उन्होंने दावा किया कि हाल में हुए लोकसभा चुनाव के आधार पर यह गठबंधन 81 विधानसभा सीट में से कम से कम 52 सीटें जीतेगा.

चतरा जिले के सिमरिया में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘यह झारखंड से दलित विरोधी, आदिवासी विरोधी, गरीब विरोधी और युवा विरोधी हेमंत सरकार को हटाने का समय है, जो राजनीतिक फायदे के लिए नक्सलवाद को बढ़ावा दे रही है.''

उन्होंने कहा, ‘‘हमने पिछले पांच वर्षों में झारखंड से इस खतरे को उखाड़ फेंका है और अब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार मार्च, 2026 तक भारत से नक्सलवाद का सफाया कर देगी.''

सोरेन सरकार पर गरीबों और आदिवासियों के लिए निर्धारित निधि को हड़पने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आने पर झारखंड के सभी भ्रष्ट नेताओं को सलाखों के पीछे डाल देगी.

शाह ने कहा, ‘‘हाल के लोकसभा चुनाव में झारखंड की जनता ने गठबंधन को 47 प्रतिशत वोट दिए थे, इसलिए राजग झारखंड में 81 में से 52 सीट जीतेगा.'' उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता ने 14 में से नौ संसदीय सीट राजग को दी थीं और गठबंधन के पक्ष में कुल 80 लाख वोट पड़े थे.

Advertisement

राज्य में 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में होगा और मतगणना 23 नवंबर को होगी.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
Featured Video Of The Day
Parliament Session Live: Speaker पर अविश्वास देश को बदनाम करता है... लोकसभा में Amit Shah
Topics mentioned in this article