झारखंड में पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता योगेंद्र साव के घर पर बीते गुरुवार (19 मार्च) को NTPC द्वारा बुलडोजर चलाकर जमींदोज किया गया था. वहीं अब शुक्रवार (20 मार्च) को योगेंद्र साव को कांग्रेस पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है. झारखंड की राजनीति में बयानबाजी और अनुशासनहीनता को लेकर कांग्रेस पार्टी ने एक बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री के खिलाफ लगातार की जा रही टिप्पणी के मामले में पूर्व मंत्री योगेंद्र साव को कांग्रेस पार्टी से तीन वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया है.
बता दें कि बीते कुछ दिनों से योगेंद्र साहू पार्टी लाइन गाइडलाइन से हटकर बयान दे रहे थे. बीते गुरुवार को भी उन्होंने हेमंत सोरेन के खिलाफ बयान दिया था. इस मामले को अनुशासन समिति ने गंभीरता से लिया. कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया कि पार्टी की छवि और गठबंधन की साख के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा.
कांग्रेस की अनुशासन समिति ने लिया स्वतः संज्ञान
कांग्रेस की अनुशासन समिति ने योगेंद्र साव द्वारा की जा रही बयानबाजी का स्वतः संज्ञान लिया था. पार्टी का मानना है कि योगेंद्र साव द्वारा बार-बार दिए जा रहे बयान संगठन के नियमों के खिलाफ थे और इससे राज्य में गठबंधन सरकार की छवि धूमिल हो रही थी. अगर कोई व्यक्ति पार्टी या गठबंधन की छवि खराब करने की कोशिश करता है, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करना संगठन की जिम्मेदारी और जरूरत बन जाती है.
छोटी-बड़ी घटना के लिए सीएम को दोषी ठहराना उचित नहीं
पार्टी द्वारा कहा गया कि हर छोटी-बड़ी घटना के लिए सीधे तौर पर मुख्यमंत्री को दोषी ठहराना उचित नहीं है. झारखंड में एक मजबूत गठबंधन की सरकार चल रही है. योगेंद्र साव के घर टूटने और उसके पीछे के कारणों की प्रशासन निष्पक्ष जांच कर रहा है.
गौरतलब है कि हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में गुरुवार (19 मार्च) को जिला प्रशासन और NTPC प्रबंधन ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता योगेंद्र साव के घर को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया. मौके पर दंडाधिकारियों और भारी तादाद में पुलिस बल की मौजूदगी में मकान को गिरा दिया गया. आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, जिस जमीन पर यह आवास बना था, वह खनन क्षेत्र के लिए अधिग्रहित और आवंटित भूमि है.
यह भी पढ़ेंः पश्चिम बंगाल में ED ने अवैध कॉल सेंटर के 16 ठिकानों पर की कार्रवाई, 20 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जब्त














