'पहिले-पहिले हम कईनी छठ मईया व्रत तोहार', सात समंदर पार से बिहार पहुंची जापानी शिक्षिका, लोकगीत गाकर जीता दिल

जापान की शिक्षिका काना मियामुरा इन दिनों बिहार के नवादा जिले के पिरौटा गांव में रहकर छठ महापर्व की परंपराओं और ग्रामीण जीवन को करीब से समझ रही हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
नहाय-खाय से शुरू किया छठ का अनुभव
NDTV
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • जापान की शिक्षिका काना मियामुरा बिहार के नवादा जिले के पिरौटा गांव में छठ महापर्व की परंपराओं को समझने आई हैं.
  • काना ने स्थानीय महिलाओं के साथ साड़ी पहनकर पारंपरिक भोजन किया और छठ की तैयारियों में सक्रिय रूप से भाग लिया.
  • पिरौटा गांव का प्राचीन सूर्य मंदिर छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनता है.

बिहार के गांवों की संस्कृति और यहां के लोक पर्व अब विदेशियों को भी आकर्षित कर रहे हैं. जापान की शिक्षिका काना मियामुरा इन दिनों नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड के पिरौटा गांव में हैं. वह छठ महापर्व की परंपराओं और ग्रामीण जीवन को करीब से समझने के लिए यहां पहुंची हैं. गांव पहुंचने के बाद काना स्थानीय माहौल में इस तरह घुल-मिल गईं कि उन्होंने ग्रामीण महिलाओं के साथ साड़ी पहनी, जमीन पर बैठकर पारंपरिक भोजन किया और पर्व की तैयारियों में भी हिस्सा लिया. उनके लिए यह यात्रा सिर्फ एक त्योहार को देखने का अवसर नहीं, बल्कि बिहार की संस्कृति और सामाजिक जीवन को समझने का अनुभव है.

नहाय-खाय से शुरू किया छठ का अनुभव

काना मियामुरा ने छठ पर्व का अनुभव नहाय-खाय से शुरू किया. इस दौरान उन्होंने पर्व से जुड़ी तैयारियों, रीति-रिवाजों और धार्मिक मान्यताओं को करीब से देखा. छठ में शुद्धता, संयम और सूर्य उपासना का विशेष महत्व माना जाता है. चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती कठिन नियमों का पालन करते हैं. सूर्य और प्रकृति के प्रति आस्था का यह पर्व बिहार की सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा है.

प्राचीन सूर्य मंदिर भी बना आकर्षण का केंद्र

पिरौटा गांव का प्राचीन सूर्य मंदिर भी छठ पर्व से गहराई से जुड़ा हुआ है. छठ के अवसर पर यहां श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिलता है. काना इस धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण को समझने के साथ-साथ ग्रामीणों के बीच समय बिता रही हैं. स्थानीय महिलाओं के साथ उनके सहज व्यवहार की गांव में खूब चर्चा हो रही है.

होली के बाद छठ में भी पहुंचीं जापानी मेहमान

विदेशी पर्यटकों को बिहार के गांवों से जोड़ने की इस पहल के पीछे पिरौटा निवासी अधिवक्ता रंजन कुमार हैं. वह भारत और जापान के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहे हैं. उनका उद्देश्य है कि विदेशी पर्यटक बिहार के गांवों में आएं और यहां की परंपराओं तथा जीवनशैली को करीब से समझें.

Advertisement

इस वर्ष होली के अवसर पर भी रंजन कुमार जापान से आए पर्यटकों को पिरौटा गांव लेकर पहुंचे थे, जहां उन्होंने ग्रामीणों के साथ होली का उत्सव मनाया था. अब छठ के अवसर पर जापानी शिक्षिका काना मियामुरा की मौजूदगी इस पहल की अगली कड़ी मानी जा रही है.

ग्रामीण पर्यटन को मिल सकता है बढ़ावा

रंजन कुमार का मानना है कि किसी भी देश की संस्कृति को समझने के लिए केवल उसके ऐतिहासिक स्थलों और बड़े शहरों को देखना पर्याप्त नहीं है. गांवों के त्योहार, खानपान, रहन-सहन और लोगों का आपसी व्यवहार भी उस देश की वास्तविक पहचान को सामने लाते हैं.

Advertisement

उनकी कोशिश है कि जापान समेत अन्य देशों के पर्यटक बिहार के गांवों का दौरा करें और स्थानीय लोगों के साथ समय बिताएं. इससे सांस्कृतिक संबंध मजबूत होंगे, ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं.

संस्कृति की ओर बढ़ रहा विदेशियों का रुझान

काना मियामुरा की पिरौटा यात्रा इस पहल का एक उदाहरण है. जापान से आई एक शिक्षिका का गांव में रहकर छठ की परंपराओं को समझना यह दर्शाता है कि बिहार की लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत में विशेष आकर्षण है. यही वजह है कि अब बिहार के गांव और यहां के पारंपरिक त्योहार विदेशी मेहमानों को भी अपनी ओर खींच रहे हैं.

ये भी पढ़ें : ट्रंप ने वेंस के पर कतरे या ईरान के? समझौते की जगह घरेलू राजनीति पर ध्यान देने का दिया ऑर्डर


Topics mentioned in this article
Chhath 2026

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं