पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को 16 जिलों में होने वाला है. पहले चरण के मतदान के लिए निर्वाचन आयोग ने भारी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवानों की तैनाती की है. सुरक्षा के लिहाज से तैनाती की गई जवानों में से एक जवान की संदिग्ध मौत हो गई है. दक्षिण 24 परगना जिले के फलता में चुनाव ड्यूटी पर तैनात ITBP के एक जवान की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक की पहचान कनक कोच के रूप में हुई है जो असम का रहने वाला है.
बताया जा रहा है कि कनक भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे. गौरतलब है कि विधानसभा चुनावों के लिए पूरे पश्चिम बंगाल में बड़ी संख्या में केंद्रीय बल के जवानों को तैनात किया गया है.
स्कूल में ठहरे थे ITBP के 86 जवान
स्थानीय लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार असम के रहने वाले कनक फलता थाना क्षेत्र के दोस्तपुर इलाके में चुनाव ड्यूटी पर गए थे. मंगलवार रात जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया, तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. खबरों के मुताबिक, ITBP के 86 जवानों के रहने का इंतजाम दोस्तपुर हाई स्कूल में किया गया था. सभी जवानों ने रात में खाना खाया और सो गए. वहीं देर रात जब एक जवान शौचालय के लिए जा रहा था तो कनक को बालकनी में खून से लथपथ हालत में मिला.
जवान को फौरन डायमंड हार्बर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया. लेकिन अस्पताल के डॉक्टरों ने जवान को मृत घोषित कर दिया.
पोसट्मार्टम रिपोर्ट में हो सकेगा मौत का खुलासा
शव को पोस्टमार्टम के लिए डायमंड हार्बर पुलिस पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है. पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि वह सीढ़ियों से गिर गया था. हालांकि, मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा. पुलिस उसी का इंतजार कर रही है. इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है.
डायमंड हार्बर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अस्वाभाविक मौत का एक मामला दर्ज किया गया है. जवान की मौत कैसे हुई, इसका पता लगाने की कोशिशें जारी हैं. पहली नजर में ऐसा लगता है कि वह गिर गया था. हालांकि, जांच अभी चल रही है.
यह भी पढ़ेंः दुर्गापुर में आधी रात थाने के गेट पर पुलिस से भिड़े BJP कार्यकर्ता, TMC से झड़प के बाद मचा बवाल














