- इजरायल और अमेरिका ने मिलकर ईरान के कई शहरों पर हमला किया है, जिसमें तेहरान भी शामिल है
- ईरान ने अमेरिका के मध्य पूर्व स्थित सैन्य अड्डों पर जवाबी हमला किया है
- कश्मीर के बड़गाम में शिया मुस्लिमों ने ईरान का समर्थन करते हुए अमेरिका और इजरायल के खिलाफ नारेबाजी की है
मध्य पूर्व में एक नई जंग शुरू हो गई है. आज सुबह इजरायल और अमेरिका ने मिलकर ईरान पर हमला कर दिया है. राजधानी तेहरान के अलावा ईरान के कई शहरों में लगातार हमले हो रहे हैं. ईरान ने भी जवाबी हमला करते हुए मध्य पूर्व में अमेरिका के सैन्य अड्डों को निशाना बनाया है. इस बीच कश्मीर में ईरान के समर्थन और अमेरिका-इजरायल के विरोध में नारेबाजी हो रही है. कश्मीर के बड़गाम में शिया मुस्लिम 'अमेरिका मुर्दाबाद, इजरायल मुर्दाबाद' के नारे लगा रहे हैं.
कश्मीर के बड़गाम में सैकड़ों की संख्या में शिया मुस्लिम के लोग सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं. इनके हाथ में ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई के बड़े-बड़े पोस्टर हैं. ये लोग 'अमेरिका मुर्दाबाद', 'इजरायल मुर्दाबाद' और 'इजरायल का जो यार है, गद्दार है, गद्दार है' जैसे नारे लगा रहे हैं.
ईरान में फंसे कई कश्मीरी स्टूडेंट्स
ईरान पर हमलों के बाद कई कश्मीरी स्टूडेंट्स वहां फंस गए हैं. पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला और सीएम उमर अब्दुल्ला ने इस हफ्ते की शुरुआत में ईरान में रहने वाले कश्मीरी स्टूडेंट्स से भारत लौटने की अपील की थी, क्योंकि तब एयरस्पेस खुला था. कई स्टूडेंट्स वापस आ भी गए लेकिन अब भी बहुत से स्टूडेंट्स वहां फंसे हुए हैं.
सिर्फ कश्मीरी ही नहीं, बल्कि पूरे भारत के कई छात्र वहां फंसे हुए हैं. वहां फंसे कई भारतीय छात्रों ने वीडियो जारी कर मदद की अपील की है. वहीं, ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है और हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं.
अब तक दर्जनों की मौत
ईरान के चारों ओर कई दिनों से अमेरिका अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ा रहा था. तब से ही ईरान पर हमले की आशंका बढ़ गई थी. शनिवार सुबह ईरान पर इजरायल ने पहला हमला किया. फिर अमेरिका भी इसमें शामिल हो गया. ईरान पर अमेरिका और इजरायल मिलकर बमबारी कर रहे हैं. इन हवाई हमलों में अब तक दर्जनों लोगों की मारे जाने की खबर है. स्थानीय मीडिया ने बताया कि दक्षिणी ईरान में एक स्कूल पर हुए हमले में 36 छात्राओं की मौत हो गई है.













