खरगे के 'आतंकी' वाले बयान पर बवाल, चुनाव आयोग के दफ्तर पहुंचे रिजिजू, सख्त एक्शन की मांग

प्रधानमंत्री मोदी को ‘आतंकवादी’ कहने वाले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर बीजेपी ने चुनाव आयोग से शिकायत की है. पार्टी ने इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन, मानहानि और चुनाव को प्रभावित करने वाला गंभीर आरोप बताते हुए कार्रवाई की मांग की है.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'आतंकवादी' कहे जाने के बयान को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने इस टिप्पणी को घोर आपत्तिजनक बताते हुए चुनाव आयोग (ECI) से औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है. इसके अलावा किरेन रिजिजू भाजपा नेताओं के साथ इस मामले की शिकायत करने चुनाव आयोग के दफ्तर पहुंचे हैं.  

बीजेपी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद प्रदेश में आदर्श आचार संहिता (MCC) लागू है और ऐसे समय में किसी शीर्ष राजनीतिक नेता पर इस तरह की टिप्पणी चुनावी माहौल को विषाक्त करती है. पार्टी का दावा है कि यह बयान व्यक्तिगत चरित्र पर गंभीर आरोप लगाने जैसा है और आचार संहिता का उल्लंघन है.

यह भी पढ़ें- 'पीएम मोदी आतंकवादी...', मचा बवाल तो सफाई देने लगे कांग्रेस अध्यक्ष खरगे, हमलावर हुई बीजेपी

बीजेपी की शिकायत में क्या कहा गया

चुनाव आयोग को भेजे पत्र में बीजेपी ने कहा कि प्रधानमंत्री को 'आतंकवादी' कहना निजी बदनामी, अत्यधिक व्यक्तिगत हमला और जनता की लोकतांत्रिक पसंद को प्रभावित करने का प्रयास है. यह टिप्पणी भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की विभिन्न धाराओं- धारा 175, 171/174 (अनुचित प्रभाव) और 356(1) (मानहानि) के तहत दंडनीय अपराध बन सकती है. पार्टी ने आयोग से बयान पर तत्काल संज्ञान, सार्वजनिक माफी/वापसी, आवश्यक चुनावी प्रतिबंध, और आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार पर रोक लगाने का अनुरोध किया है.

किरण रिजिजू ने दर्ज कराई शिकायत

Advertisement

केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कहा, 'हमने कांग्रेस अध्यक्ष  खरगे के खिलाफ प्रधानमंत्री को ‘आतंकवादी' कहने जैसे अपमानजनक बयान पर कड़ी शिकायत दर्ज कराई है. यह न सिर्फ अपमानजनक है, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थानों पर खतरनाक हमला भी है. आदर्श आचार संहिता का खुला उल्लंघन है और तत्काल कार्रवाई जरूरी है.'

अमित शाह ने कांग्रेस को घेरा

Advertisement

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'कांग्रेस हर दिन अपने आचरण में नए निचले स्तर पर पहुंच रही है और सार्वजनिक चर्चा के स्तर को गिराने में अपना ही रिकॉर्ड तोड़ रही है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी ने सार्वजनिक आचरण के सभी मानकों का उल्लंघन करते हुए भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कहकर देश को शर्मिंदा किया. देश के सर्वोच्च नेता का यह अपमान उन लाखों लोगों का अपमान है जो मोदी जी से प्रेम करते हैं और उनका समर्थन करते हैं.'

शाह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में आतंकवाद को पूरी तरह से समाप्त करने वाले मोदी जी जैसे नेता को आतंकवादी कहना अत्यंत निंदनीय है. जब भी कांग्रेस मोदी जी पर अपशब्दों का प्रयोग करती है, तो भारत की जनता ही उन्हें जवाब देती है. इस बार भी जनता ही जवाब देगी.

कांग्रेस ने दी सफाई

मामले को तूल पकड़ता देख खरगे ने अपनी इस टिप्पणी पर सफाई पेश की. जब एक पत्रकार ने उनसे इस टिप्पणी का संदर्भ पूछा, तो खरगे ने स्पष्ट किया कि उनका मतलब ये था कि प्रधानमंत्री मोदी “लोगों और राजनीतिक दलों को आतंकित कर रहे हैं.” उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने कभी प्रधानमंत्री को सीधे तौर पर आतंकवादी नहीं कहा. हालांकि खरगे की इस टिप्पणी पर बीजेपी की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई और पार्टी ने कांग्रेस को “अर्बन नक्सल पार्टी” करार दिया.

यह भी पढ़ें- अब आतंकी घटना ‘एक्ट ऑफ वॉर', जानें पहलगाम हमले के बाद कैसे और कितनी बदल गई भारत की डिफेंस पॉलिसी

Advertisement

खरगे बीजेपी पर साध रहे थे निशाना

दरअसल, मल्लिकार्जुन खरगे तमिलनाडु विधानसभा चुनावों को लेकर AIADMK के बीजेपी के साथ गठबंधन को लेकर सवाल उठा रहे थे, इसी दौरान उन्होंने यह बयान दिया. खरगे ने कहा कि AIADMK, जो अन्नादुरै की तस्वीर लगाती है, वह कैसे पीएम मोदी के साथ जा सकती है. उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी और उनकी पार्टी समानता और न्याय में विश्वास नहीं करते और ऐसा गठबंधन लोकतंत्र के साथ‑साथ अन्नादुरै, कामराज, पेरियार, कलैगनार और डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर के विचारों को कमजोर करता है.

खरगे अपने जवाब में क्या कुछ बोले

इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में खरगे से पूछा गया, "क्या आप कृपया इस बयान को एक संदर्भ में समझा सकते हैं?" "नहीं, नहीं में जवाब देते हुए उन्होंने सफाई देना शुरू किया. तब खरगे ने कहा कि वह (PM मोदी) लोगों और राजनीतिक पार्टियों को डरा-धमका रहे हैं. असल मैंने कभी यह नहीं कहा कि वह एक आतंकवादी हैं... मेरा मतलब, जिसे मैं साफ करना चाहता हूं, यह है कि मोदी हमेशा धमकाते हैं. ED, I-T और CBI जैसी संस्थाएं उनके हाथों में हैं. वह परिसीमन को भी अपने हाथों में लेना चाहते हैं. इसलिए मेरा मतलब इस बात से था कि वह लोगों और राजनीतिक पार्टियों को डरा-धमका रहे हैं. मैंने कभी यह नहीं कहा कि वह एक आतंकवादी हैं."

Advertisement

चुनाव आयोग की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. मामले में आयोग द्वारा शिकायत की जांच और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं.

Featured Video Of The Day
ईरान के आसमान में हो रही लड़ाई होर्मुज क्यों आई? सब मास्टरमाइंड तिकड़ी का खेल