'2018 में मल्लिकार्जुन खरगे को कर्नाटक का CM बनाना चाहता था', देवेगौड़ा का बड़ा दावा

एच डी देवेगौड़ा ने एक बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि 2018 में मैंने अपने बेटे एच डी कुमारस्वामी की जगह मल्लिकार्जुन खरगे को मुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन वो प्रस्ताव माना नहीं गया. देवेगौड़ा ने शिकायती लहजे में कहा कि उस समय कुमारस्वामी मुख्यमंत्री तो बन गए लेकिन एक ही साल बाद कांग्रेस की सह पर उन्हें अपने पद से हटना पड़ा.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • कर्नाटक के 2 दिग्गज नेताओं खरगे और एच डी देवेगौड़ा के बीच हल्के-फुल्के अंदाज में राजनीतिक चर्चा हुई.
  • खरगे ने राज्यसभा में कहा कि देवेगौड़ा ने मोहब्बत उनसे की लेकिन शादी प्रधानमंत्री मोदी से कर ली.
  • एच डी देवेगौड़ा ने कांग्रेस से अपनी मजबूरी की शादी को तलाक बताया और अपमानजनक रिश्ता बताया.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

राजनीति में हर बात कहने का अपना तरीका होता है और अगर बात दो दिग्गज नेताओं की हो तो फिर बात ही क्या. कुछ ऐसा ही बुधवार को देखने को मिला जब कर्नाटक से आने वाले दो दिग्गज नेताओं के बीच हंसी-मजाक के बहाने कुछ ऐसे दावे किए गए जिसका कर्नाटक की राजनीति में आने वाले समय में असर भी दिख सकता है.

'मोहब्बत हम से और शादी मोदी जी से' 

बात बुधवार की है जब राज्यसभा से रिटायर हो रहे सांसदों के विदाई के लिए विदाई भाषण दिए जा रहे थे और माहौल काफी सौहार्द भरा था. परिपाटी के मुताबिक सभापति सी पी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण के बाद सदन में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बोलने की बारी आई. तमाम बातों के अलावा पूर्व प्रधानमंत्री और इस समय राज्यसभा के सदस्य एच डी देवेगौड़ा के बारे में बोलते हुए खरगे ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि उन्होंने देवेगौड़ा जी के सानिध्य में काफी कुछ सीखा है क्योंकि दोनों एक राज्य कर्नाटक से आते हैं.

यह भी पढ़ें- 'देवेगौड़ा जी ने मोहब्बत हमसे की और शादी मोदी जी के साथ कर ली', राज्यसभा में बोले खड़गे, PM भी न रोक सके हंसी

खरगे ने आगे चुटकी लेते हुए कहा, 'मुझे समझ में नहीं आता है कि देवेगौड़ा जी ने मोहब्बत तो हमसे की लेकिन शादी मोदी जी से कर ली.' इतना कहते ही सदन में मौजूद बाकी सांसदों के साथ प्रधानमंत्री मोदी भी खिलखिला कर हंस पड़े. एच डी देवेगौड़ा की पार्टी जनता दल सेक्युलर और बीजेपी का फिलहाल कर्नाटक में गठबंधन है और देवेगौड़ा के पुत्र एच डी कुमारस्वामी केंद्र में मंत्री हैं.

Advertisement

'जबरदस्ती शादी से अच्छा है तलाक'

खरगे के भाषण के समय देवेगौड़ा सदन में मौजूद नहीं थे, लेकिन खरगे की बातों का उन्होंने उसी अंदाज में जवाब दिया. देवेगौड़ा ने एक बयान जारी कर कहा, 'अगर मुझे अपने मित्र को शादी की भाषा में ही जवाब देना हो, तो मैं कहना चाहूंगा कि कांग्रेस से मेरी ‘मजबूरी की शादी' हुई थी, लेकिन मुझे उनसे तलाक लेना पड़ा क्योंकि यह एक अपमानजनक और थोपा हुआ रिश्ता था.' देवेगौड़ा ने आगे कहा कि उन्होंने कांग्रेस गठबंधन नहीं छोड़ा बल्कि कांग्रेस ही उनसे दूर चली गई. उन्होंने कहा कि कांग्रेस से तलाक लेने और अधिक स्थिर गठबंधन तलाशने के अलावा उनके पास कोई विकल्प नहीं बचा था.

यह भी पढ़ें- 'राजनीति में कोई फुलस्टॉप नहीं होता...', राज्यसभा में 37 सांसदों के विदाई भाषण में बोले पीएम मोदी

Advertisement

'मैं खरगे को सीएम बनाना चाहता था ' 

देवेगौड़ा ने अपने बयान में साल 2018 का जिक्र किया जब कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के बाद सरकार बनने जा रही थी. देवेगौड़ा ने एक बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि उस समय जब कांग्रेस पार्टी ने गुलाम नबी आजाद को भेजा था तो उन्होंने अपने पुत्र एच डी कुमारस्वामी की जगह मल्लिकार्जुन खरगे को मुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव दिया था लेकिन वो माना नहीं गया. देवेगौड़ा ने शिकायती लहजे में कहा कि उस समय कुमारस्वामी मुख्यमंत्री तो बन गए लेकिन एक ही साल बाद कांग्रेस की सह पर उन्हें अपने पद से हटना पड़ा.

बता दें कि कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार है और सिद्धारमैया मुख्यमंत्री हैं, लेकिन आए दिन ये खबरें उड़ती रहती हैं कि सिद्धारमैया को हटाकर उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार उस कुर्सी पर बैठना चाहते हैं. जाहिर है अब देवेगौड़ा के दावे के बाद राज्य में सियासी जायका कुछ और चटपटा हो जाएगा.

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Indore Fire News | Bharat Ki Baat Batata Hoon: कार चार्जिंग के दौरान ब्लास्ट, 8 की मौत