UP में ढाबे के छप्पर में चल रहा था कैंसर के मरीज का इलाज, तस्वीरें सन्न कर देंगी

छप्पर के नीचे चल रहे इस अस्पताल को छापेमारी कर सीज कर दिया गया है. इस अस्पताल में कैंसर मरीज का इलाज किया जा रहा था.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
छप्पर के नीचे चल रहा था मरीज का इलाज
हरदोई:

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक ढ़ाबे पर टीन शेड में एक अवैध अस्पताल चल रहा था. हैरानी वाली बात ये है कि इसी जगह पर तपती दोपहरी में छप्पर के नीचे ही कैंसर मरीज का इलाज किया जा रहा था. एडिशनल सीएमओ ने छापा मारकर इस अवैध अस्पताल को सीज कर दिया है. एसीएमओ ने कहा कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. ये मामला लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कछौना कस्बे के पास कटियामऊ गांव के बाहर मुख्य मार्ग के किनारे का है.

कैंसर मरीज का इलाज कर रहा था छप्पर में बना अस्पताल

इसी जगह पर सड़क फौजी ढाबा है और इसी ढाबे के ठीक बगल में पीछे की ओर एक अस्पताल भी है. इसका नाम फौजी हॉस्पिटल है. इस हॉस्पिटल को टीन शेड के नीचे बनाया गया है और बाहर छप्पर के नीचे एक मरीज का इलाज किया जा रहा था जो कि कैंसर का मरीज था. यहां जनपद उन्नाव की रहने वाली पूनम का इलाज किया जा रहा था. पूनम के पति सतान ने बताया कि कैंसर के नाम से 30 हजार रुपये प्रतिमाह लिया जा रहा था और दवा के पैसे अलग से लिए जा रहे थे. नोडल अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने सीएचसी के अधीक्षक डॉक्टर किसलय वाजपेई के साथ छप्पर के अस्पताल में छापा डाला.

छापेमारी के बाद अस्पताल सीज, अब आगे की कार्रवाई जारी

जब यहां पर छापेमारी की गई तो यहां पर एक मरीज मौजूद था. जिससे पूछताछ की गई. उसके बाद अस्पताल को न सिर्फ सीज कर दिया बल्कि मरीज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना एंबुलेंस से भिजवाया. इस दौरान अस्पताल संचालक मौके से भाग निकला. मामले को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रोहताश कुमार ने बताया कि पूरे मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. साथ ही जिस नोडल अधिकारी के द्वारा इसका रजिस्ट्रेशन किया गया था उससे भी जवाब तलब किया जा रहा है.

Featured Video Of The Day
US Pilot Rescue In Iran: ईरान का दावा – Operation Fail! Donald Trump बोले Mission Successful
Topics mentioned in this article