- गुजरात के कच्छ के काला डूंगर इलाके में वन विभाग के अधिकारी को 150 साल बाद दुर्लभ सांप दिखाई दिया
- समोफिस शोकारी या एफ्रो-एशियन सैंड स्नेक को आखिरी बार 150 साल से भी पहले देखा गया था
- यह सांप सूखे इलाकों में पाया जाता है और इसकी प्रजाति गुजरात से पश्चिमी एशिया तथा अफ्रीका तक फैली है
गुजरात में वन विभाग को सांप की एक बहुत ही दुर्लभ प्रजाति मिली है. इस प्रजाति को आखिरी बार 150 साल पहले देखा गया था. मामला भुज के पास कच्छ का है. सितंबर की शुरुआत में कच्छ के पहाड़ी और कम बारिश वाले इलाके में 'काला डूंगर' के पास एक अजीब सा जीव पेट्रोलिंग से लौट रहे एक युवा फॉरेस्ट ऑफिसर को दिखाई दिया. ऑफिसर ने तुरंत अपनी गाड़ी रोक दी. उसने नीचे उतरकर देखा तो उसे एक ऐसा सांप जमीन पर रेंगता दिखाई दिया, जिसे उसने पहले कभी नहीं देखा था.
ऑफिसर सोच में पड़ गया कि आखिर ये कैसा सांप है, जिसे उसने इससे पहले कभी नहीं देखा. उसने तुरंत इसकी फोटो खींचीं और वीडियो बना लिया. फॉरेस्ट ऑफिसर ने इन फोटो और वीडियो को एक्सपर्ट्स को भेजा और इस सांप की पहचान करने को कहा.
'समोफिस शोकारी' नाम का दुर्लभ सांप
एक्सपर्ट्स ने बताया कि ये सांप 'एफ्रो-एशियन सैंड स्नेक' था. उन्होंने बताया कि इस सांप का नाम 'समोफिस शोकारी' है, इसे आखिरी बार 150 साल से भी पहले देखा गया था. यह सांप कच्छ में पाये जाने की जानकारी 1872 में जीवाश्म विज्ञानी फर्डिनेंड स्टोलिज्का ने दर्ज की थी.
एक्सपर्ट्स ने बताया कि ये सांप गुजरात से लेकर पश्चिमी एशिया और उत्तरी और पूर्वी अफ्रीका के तटीय इलाकों के बड़े हिस्सों में फैले सूखे इलाकों में पाया जाता है, यह पतले शरीर वाला होता है.
वन विभाग के अधिकारी को दिखा दुर्लभ सांप
वन विभाग के जिस अधिकारी को ये दुर्लभ सांप दिखाई दिया उनका नाम जयेश डुमडिया है और उनकी उम्र 32 साल है. वह गुजरात वन विभाग के भुज नॉर्थ रेंज के रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर हैं. अधिकारी के मुताबिक, जब वह उनकी गाड़ी में घुसे दूसरे सांप को पकड़ने की कोशिश कर रहे थे, उसी दौरान उनके ये दुर्लभ सांप दिखाई दिया. जानकारी के मुताबिक, ये मामला 6 सितंबर की शाम का है. जब ऑफिसर ड्यूटी से लौट रहे थे तभी उनकी नजर एक काले सिर वाले एक सांप पर पड़ी. उसे देखते ही वह रुक गए और उसका वीडियो बना लिया. बता दें कि इस ब्लैक-हेडेड रॉयल स्नेक को फिशर का रॉयल स्नेक भी कहा जाता है. यह सांप बड़ा और बिना जहर वाला होता है.
ये भी पढ़ें-VIDEO: बैंकॉक में बाढ़ से बिगड़े हालात, गलियों में तैर रहे सांप और मगरमच्छ, शहर में 'आपदा' घोषित