ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे जंग के कारण दुनिया के कई देशों में पेट्रोल-डीजल की किल्लत है. भारत में भी कई जगहों पर पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल की कमी की खबर सामने आई. हालांकि सरकार की ओर से हर बार यह कहा गया है कि भारत में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार है. इस बीच दिल्ली-एनसीआर में मौजूद एक पेट्रोल पंप से अजीब ही खेला सामने आया है. ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 स्थित एक पेट्रोल पंप पर बड़ा लापरवाही भरा मामला सामने आया है, जिसने वाहन चालकों को हैरान और परेशान कर दिया. यहां पेट्रोल की जगह गाड़ियों में पानी भरे जाने का खुलासा हुआ है. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और दर्जनों वाहन बीच रास्ते में ही बंद हो गए.
पेट्रोल पंप से तेल भरवाने के कुछ देर बाद ही गाड़ियों में आई खराबी
जानकारी के मुताबिक, इस पेट्रोल पंप से ईंधन भरवाने के बाद करीब दो दर्जन से अधिक गाड़ियों में अचानक तकनीकी खराबी आने लगी. कुछ ही दूरी चलने के बाद गाड़ियां बंद हो गईं, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. जब चालकों ने इसकी जांच कराई तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि गाड़ियों में पेट्रोल की जगह पानी चला गया था.
नाराज लोगों ने किया विरोध-प्रदर्शन
घटना से नाराज वाहन चालकों ने पेट्रोल पंप पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया. लोगों का आरोप है कि पेट्रोल पंप संचालकों की घोर लापरवाही के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है. कई लोगों ने बताया कि उनकी गाड़ियों के इंजन तक प्रभावित हो गए हैं, जिसकी मरम्मत में भारी खर्च आएगा. मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.
पेट्रोल पंप की टंकी में ही मिला था पानी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पेट्रोल पंप की टंकी में ही पानी मिला हुआ था, जिसके चलते यह बड़ी गड़बड़ी हुई. यह भी आशंका जताई जा रही है कि टंकी में पानी रिसाव या बारिश के पानी के प्रवेश के कारण यह स्थिति बनी हो सकती है. पुलिस और संबंधित विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पेट्रोल पंप संचालकों से पूछताछ की जा रही है.
अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही, प्रभावित वाहन चालकों को उचित समाधान और मुआवजा दिलाने के प्रयास भी किए जाएंगे. यह मामला बीटा-2 थाना क्षेत्र का है.
यह भी पढ़ें - तेल संकट के बीच सरकार ने दी राहत की खबर- 2 महीने का क्रूड स्टॉक सुरक्षित, सप्लाई के पुख्ता इंतजाम














