जमुई, बांका और समस्तीपुर के बाद अब गया में कपल से बदसलूकी : पहाड़ी पर घेर कर मारपीट, आरोपियों में 4 नाबालिग भी

बिहार के गया जिले में जमुई और बांका के बाद मंगेतर कपल से बदसलूकी का वीडियो वायरल हुआ है. शेरघाटी पुलिस ने 4 नाबालिगों सहित 8 लोगों पर केस दर्ज कर 4 को गिरफ्तार कर लिया है. पूरी खबर पढ़ें.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

बिहार में सरेराह बदसलूकी करने वाली भीड़तंत्र की मानसिकता थमने का नाम नहीं ले रही है.जमुई, बांका और समस्तीपुर की शर्मनाक वारदातों की गूंज अभी थमी नहीं थी कि अब गया जिले से ऐसा ही खौफनाक वीडियो सामने आया है. यहाँ महुआडीह पहाड़ी पर घूमने गए एक मंगेतर जोड़े (कपल) को कुछ युवकों ने घेरकर न केवल उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की, बल्कि उनकी बाइक की चाबी छीनकर उन्हें बंधक बना लिया. इस पूरी बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गया पुलिस तुरंत हरकत में आई है. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नाबालिगों सहित कुल आठ लोगों को नामजद आरोपी बनाया है, जिनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है. 

फिजियोथैरेपी के लिए निकला था कपल,युवकों ने घेरा

पीड़ित युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह सोमवार को घर से फिजियोथैरेपी कराने के लिए निकला था. उसने इसकी जानकारी अपने पिता को भी दी थी. बाद में वह अपनी एक दोस्त के साथ शेरघाटी थाना क्षेत्र के महुआडीह पहाड़ी इलाके में चला गया.जानकारी के मुताबिक युवक-युवती की शादी तय हो चुकी थी. दोनों घूमने के इरादे से पहाड़ी इलाके में गए थे. आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया.पीड़ित पक्ष का आरोप है कि युवकों ने पहले उनसे पूछताछ की, फिर गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर मारपीट की गई और उन्हें काफी देर तक वहां रोके रखा गया. शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने उनकी बाइक की चाबी छीन ली थी. मामले में यह बात भी सामने आई है कि गाड़ी के टायर की हवा निकाल दी गई थी और प्लग भी निकाल लिया गया था. इस वजह से दोनों वहां से तुरंत नहीं निकल सके. इसी दौरान पूरी घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया.

Video Viral होने पर हरकत में आई पुलिस, 4 गिरफ्तार

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया. जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान शुरू की गई. वीडियो और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने चार नाबालिगों को हिरासत में लिया.इसके अलावा चार अन्य आरोपियों को भी तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े बाकी लोगों की पहचान भी की जा रही है.पुलिस ने उस मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया है जिससे वीडियो बनाए जाने की बात सामने आई है. अब वीडियो की तकनीकी जांच कराई जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया, किसने बनाया और सोशल मीडिया तक कैसे पहुंचा. 

'आर्यन' नाम के ग्रुप की भी चर्चा

स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि कुछ युवक 'आर्यन' नाम से सोशल मीडिया आईडी और ग्रुप संचालित करते हैं. वायरल वीडियो भी ऐसे ही किसी ग्रुप से सामने आने की बात कही जा रही है. हालांकि पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि वीडियो सबसे पहले किस प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया गया और उसे वायरल करने में किन लोगों की भूमिका रही. गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने कहा है कि वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. पुलिस ने चार नाबालिग समेत कुल आठ लोगों को आरोपी बनाया है. इनमें से चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है. 
ये भी पढ़ें: "पूरी यूपी पुलिस को ही खत्म कर दें..." सुप्रीम कोर्ट की बेहद तल्ख टिप्पणी, कहा- ये बकवास अब बंद होनी चाहिए

Advertisement
Featured Video Of The Day
LPU हिंसक प्रदर्शन: 'मुझ पर दो बार हुआ जानलेवा हमला', आरोपी छात्र फरहद ने NDTV के सामने रखा अपना पक्ष

Topics mentioned in this article
Gaya Viral Video
Sherghati Police Station
Bihar Couple
Gaya Crime News