दिल्ली के महरौली थाना पुलिस ने एक ऐसे गिरोह को पकड़ा है, जो युवतियों के जरिए लोगों को जाल में फंसाकर लूटपाट करता था. दिल्ली पुलिस ने एक महिला और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर इस मामले को सुलझा लिया है. लड़की पीड़ितों को अपने झांसे में फंसाकर सूनसान इलाके में ले जाती थी, जहां उनके साथ लूट होती थी.
आरोपी कैसे लूटते थे?
डीसीपी साउथ ने जानकारी दी कि यह घटना 13 अप्रैल की है. बदरपुर-महरौली रोड पर जब पुलिस की टीम गश्त कर रही थी, तब उन्हें डीडीए पार्क के पास बैद्यनाथ कामत नाम का एक व्यक्ति मिला. पीड़ित ने बताया कि अभी-अभी एक लड़की और दो लड़कों ने चाकू की नोक पर उसका मोबाइल, बैग और नकदी छीन ली है. पीड़ित ने बताया कि लड़की ने उसे इशारे से झांसे में लेकर इंडियन पार्क की दीवार के पास बुलाया था. जैसे ही वह वहां पहुंचा, दो लड़कों ने उसे पकड़ लिया और चाकू दिखाकर लूटपाट की.
जिसके बाद सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया और मौके से राहुल नाम के एक आरोपी को दबोच लिया. उसके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू और लूटे गए कैश बरामद हुए. दिल्ली पुलिस ने इसके बाद तकनीकी निगरानी की मदद से बाकी दो आरोपियों को भी 100 फीट रोड रेड लाइट के पास से गिरफ्तार किया. उनके पास से पीड़ित का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है.
तीन आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी 29 साल का राहुल है, जो लाडो सराय का रहने वाला है और पहले भी लूट और चोरी के 6 मामलों में शामिल रहा है. इसके अलावा महरौली की रहने वाली दूसरी आरोपी 22 साल की गुनगुन गांधी है, जो हनीट्रैप का काम करती थी. वहीं तीसरा आरोपी समीर जो लाडो सराय का रहने वाला है और इसके पास से पीड़ित का सामान बरामद हुआ.
दिल्ली पुलिस ने आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल चाकू, कैश, मोबाइल फोन, आधार कार्ड और डायरी बरामद की है. दिल्ली पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से आरोपियों को 14 दिनों के लिए तिहाड़ जेल भेज दिया गया है.
यह भी पढ़ें: ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले मिराज शाह के ठिकानों पर इनकम टैक्स का छापा














