ईद के मौके पर खामेनेई के पोस्टर के साथ सेल्फी लेने की होड़, बिहार के आरा से सामने आई ये तस्वीर

कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने सड़क किनारे स्टॉल लगाई. इस मौके पर राहगीरों को मिठाई खिलाईं और ईद की मुबारकबाद दी.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
भोजपुर जिले के आरा शहर में खामेनेई के पोस्टर.

ईद के मौके पर देशभर से कई तस्वीरें सामने आ रही हैं. भोजपुर जिले के आरा शहर में अलग नजारा देखने को मिला. यहां भाईचारे, आपसी सौहार्द और मोहब्बत के साथ जश्न मनाया गया. इसी दौरान, ईरान के सुप्रीम लीडर रहे अली खामेनेई के पोस्टर के साथ सेल्फी लेने की होड़ रही. नगर थाना क्षेत्र के गोपाली चौक पर ईद मिलन कार्यक्रम का आयोजन कर खुशियों को एक नए अंदाज में साझा किया. सुबह शहर के विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोग बड़ी संख्या में जुटे. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और अमन-चैन की दुआ मांगी.

खामेनेई के पोस्टर के पास युवाओं की भीड़

गोपाली चौक पर ईरान के सुप्रीम लीडर रहे अली खामेनेई का पोस्टर लगाया गया था. जैसे ही लोगों की नजर इस पोस्टर पर पड़ी, वहां युवाओं की भीड़ जुटने लगी. खासकर युवाओं में पोस्टर के साथ सेल्फी लेने की होड़ सी मच गई. देखते ही देखते पोस्टर के सामने लंबी कतार लग गई और हर कोई अपने मोबाइल में इस पल को कैद करने में जुट गया.

सड़क किनारे लगी स्टॉल 

कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने सड़क किनारे स्टॉल लगाकर राहगीरों को रोक-रोककर सेवइयां खिलाईं और उन्हें ईद की मुबारकबाद दी. सेवइयों की मिठास के साथ मोहब्बत और अपनापन भी लोगों के दिलों तक पहुंचता नजर आया. इस पहल को लोगों ने काफी सराहा और युवाओं के प्रयास को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया.

युवा बोले- खुशियां साझा करना उद्देश्य

हालांकि, कार्यक्रम का मूल उद्देश्य सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को बढ़ावा देना ही रहा, लेकिन यह पोस्टर आयोजन के बीच चर्चा का विषय रहा. कार्यक्रम में शामिल युवाओं ने बताया कि उनका मकसद केवल ईद की खुशियां साझा करना और समाज में सकारात्मक संदेश देना है. उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज में प्रेम और एकता का माहौल बना रहे. कार्यक्रम के दौरान शांतिपूर्ण व्यवस्था रही.

Advertisement
Featured Video Of The Day
Syed Suhail | West Bengal Elections 2026: बंगाल पर क्या कहता है सट्टा बाजार? |Exit Poll Results 2026