बेहोशी के इंजेक्शन का ओवरडोज देकर डॉक्टर पत्नी को मार डाला, गर्लफ्रेंड को भेजे मैसेज से खुला कातिल का राज, कोर्ट में सामने आए सबूत

Doctor Murder Case: डॉक्टर पति ने स्किन रोग स्पेशलिस्ट अपनी पत्नी को बेहोशी का दवा का ओवरडोज देकर कथित तौर पर मार डाला. अदालत में जब पुलिस अधिकारियों ने सबूत रखे तो कातिल के पूरे कांड का खुलासा हुआ.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
Doctor Murder Case
बेंगलुरु:

किसी और के प्यार में डूबा शख्स किस कदर अंधा हो जाता है, इसका एक सनसनीखेज उदाहरण बेंगलुरु से सामने आया है, जहां पेशे से चिकित्सक एक शख्स ने अपनी डॉक्टर पत्नी को बेहोशी के इंजेक्शन का ओवरडोज देकर मार डाला. उसने इतना फुलप्रूफ प्लान बनाया था और सोचा था कि शायद पकड़ा नहीं जाएगा, लेकिन एक छोटी से गलती ने कातिल के सारे राज खोल दिए. गिरफ्तार डॉक्टर की जमानत की अर्जी को सेशन कोर्ट ने मंगलवार को खारिज कर दिया. अदालत ने सबूतों को ठोस बताते हुए ये फैसला किया है. 

बेहोशी की दवा का ओवरडोज

स्किन स्पेशलिस्ट डॉक्टर कृतिका रेड्डी 29 साल की थी और रहस्यमयी परिस्थितियों में वो अपने घर में मृत पाई गई. उसका डॉक्टर पति महेंद्र रेड्डी यही दावा करता रहा कि पुरानी बीमारियों के चलते कृतिका की अचानक मौत हो गई. लेकिन बाद में यह पता चला कि उसने बेहोशी की ताकतवर दवा प्रोफोफोल का ओवरडोज देकर कथित तौर पर अपनी पत्नी की जान ले ली. इस दवा का इस्तेमाल ऑपरेशन थिएटर में किया जाता है. 

मर्डर का शातिर प्लान

जांच अधिकारियों ने कोर्ट को बताया कि ये मर्डर का बेहद सोचा समझा शातिर प्लान था. कातिल डॉक्टर ने अपने मेडिकल नॉलेज का इस्तेमाल कर पत्नी को मार डाला. पुलिस को आरोपी डॉक्टर के कुछ मैसेज हासिल किए, जिसमें उसे इस मर्डर को लेकर पछतावा जताया था.  पुलिस को ऐसे सबूत भी हाथ लगे, जिसमें वो अपने गुनाहों को छिपाने के साथ गर्लफ्रेंड को भी समझा रहा था कि अगर पूछताछ करे तो क्या जवाब देना है. उसने अपनी गर्लफ्रेंड को मैसेज भेजा था कि ये सब देखने के बाद मुझे कॉल या मैसेज नहीं करना. मैं तुम्हें खुद कांटैक्ट करूंगा. अगर पुलिस हमारी रिलेशनशिप के बारे में पूछे तो कह देना कि हम सिर्फ दोस्त हैं. अगर वो बार-बार दोनों के बीच कॉल होने के बारे में मुझे तो कहना कि मदद मांगने के लिए ये कॉल की थी. 

गुनाह का पछतावा हुआ

जांचकर्ताओं को एक और मैसेज भी मिला, जिसमें उसे अपने गुनाह का पछतावा भी हो रहा था. उसने कथित तौर पर लिखा था, मैं जल्द ही अपने मां-बाप और उसके अभिभावकों को इस बारे में बता दूंगा. मेरे पास कोई सबूत नहीं हैं, लेकिन मैंने कृतिका को मारा है. मैं जेल जाऊंगा. एक हत्यारा कभी सुखी नहीं रह सकता और अब मैं पहले जैसा नहीं रहूंगा.अदालत में महेंद्र और उसकी गर्लफ्रेंड से जुड़े इन मैसेज को डिजिटल सबूतों के तौर पर पेश किया गया. 

Advertisement

10 लाख से ज्यादा डिजिटल डेटा खंगाला

फोरेंसिक टीम ने आरोपी के जब्त गैजेट्स से 10 लाख से ज्यादा मैसेज और दूसरे डेटा को खंगाला. इसमें पेमेंट एप पर 485 चैट रिकॉर्ड शामिल हैं. इसमें कई डिलीट मैसेज को भी रिट्रीव किया गया है. उसके मूवमेंट, वारदात से पहले और बाद में उसके संदेशों में आए बदलाव और पैसों के लेनदेन पर नजर रखी गई. पुलिस ने अप्रैल की इस घटना के बाद 14 अक्टूबर को महेंद्र रेड्डी को गिरफ्तार किया गया था. कोर्ट ने कहा था कि सबूतों को देखते हुए आरोपी को अभी जमानत नहीं दी जा सकती. 

एक ही अस्पताल में काम करते थे दोनों डॉक्टर

महेंद्र और उसकी पत्नी कृतिका दोनों विक्टोरिया अस्पताल में काम करते थे और उनकी शादी 26 मई 2024 को हुई थी. शादी के एक साल से भी कम वक्त में 23 अप्रैल 2025 को कृतिका अपने पिता के घर पर बेहोश हो गईं. आरोपी पति ससुराल जाकर पत्नी के इलाज के बहाने उसे नसों में इंजेक्शन देता रहा. वो अपने ससुराल वालों से यही कहता रहा कि वो कृतिका का इलाज कर रहा है. लेकिन कुछ दिनों में ही उसकी मौत हो गई. 

Advertisement

पहले कृतिका की ये मौत स्वाभाविक लगी, लेकिन उसकी बहन को अपने जीजा के हावभाव पर संदेह हुआ और उसने गहन मेडिकल जांच की मांग की. फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद पाया गया कि कृतिका के प्रोपोफोल पाया गया और इससे साबित हुआ कि उसे एनेस्थीसिया की दवा दी गई थी. 

आरोपी के परिवार का इतिहास

पुलिस ने फिर बीएनएस की धारा 103 के तहत हत्या के तौर पर दर्ज किया और आरोपी को उडुपी जिले के मणिपाल से गिरफ्तार किया गया.पुलिस को पता चला कि आरोपी के परिवार का भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके भाई नागेंद्र रेड्डी में धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हुए थे. महेंद्र और एक अन्य भाई राघव रेड्डी को धमकी देने के एक मामले में आरोपी बनाया गया था. लेकिन कृतिका के परिवार ने आरोप लगाया है कि शादी के वक्त इन जानकारियों को छिपाया गया था.
 

Featured Video Of The Day
Iran Israel War | 440 KG का 'झटका' इसलिए समझौता अटका? | Trump | Iran US Ceasefire | NDTV India