- कांग्रेस नेता बयान पर व्यंग्य करते हुए एयर कंडीशन वाली कार वापस लेने की सलाह दी
- सिंधिया ने गुना में कहा कि गर्मी में शरीर का तापमान नियंत्रित रखने के लिए जेब में प्याज रखना चाहिए
- सिंधिया ने बताया कि वे अपनी कार में एसी का उपयोग नहीं करते, सिर्फ अपनी जेब में प्याज रखते हैं
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने बीजेपी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया पर 'प्याज जेब में रख लो' वाले बयान पर तंज कसा है. दिग्विजय सिंह का कहना है कि इस भयंकर गर्मी के बीच सभी बीजेपी नेताओं से उनकी एयर कंडीशन कार ले लेनी चाहिए और उनकी जेब में एक-एक प्याज रख देनी चाहिए. बता दें कि देश के कई शहरों में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया है. इस दौरान डॉक्टर सलाह दे रहे हैं कि जरूरत न हो, तो घर से बाहर न निकलें. ऐसे में ज्योतिरादित्य सिंधिया की सलाह पर दिग्विजय सिंह ने सवाल उठाए हैं.
दिग्विजय सिंह ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर तंज कसते हुए एक्स पोस्ट में कहा, "महाराज की जय हो. बीजेपी के सभी नेताओं को महाराज से सीखना चाहिए. सभी भाजपा के नेताओं की Air Condition Car वापस ले लेना चाहिए और उन सभी को अपनी जेब में प्याज ले कर चलना चाहिए. ज्योतिरादित्य सिंधिया की जी जिनका जन्म इतने बड़े राज घराने में हुआ वे जिस सादगी का परिचय दे रहे हैं जितनी प्रशंसा की जाए वह कम है. जय सिया राम."
ज्योतिरादित्य सिंधिया का 'जेब में प्याज...' वाला बयान
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चिलचिलाती धूप और लू से शरीर को स्वस्थ रखने के लिए जेब में एक प्याज रखने का सदियों पुराना उपाय साझा किया. सिंधिया ने अपने संसदीय क्षेत्र गुना के पिछोरे-शिवपुरी में एक कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "गर्मी में शरीर का तापमान नियंत्रित रखने में प्याज बहुत सहायक होती है. आज के आधुनिक युग में हर कोई अपने साथ फोन रखता है, लेकिन वह अपने पास एक प्याज रखते हैं. यह चिलचिलाती गर्मी में शरीर के तापमान को नियंत्रित करने में मदद करता है.'
सिंधिया बोले- 51 डिग्री की गर्मी में भी कुछ नहीं होगा
सिंधिया ने इसके बाद अपनी जेब से एक प्याज निकाला और वहां मौजूद लोगों को दिखाया. उन्होंने कहा, 'मैं अपनी कार में एसी का उपयोग नहीं करता. मैं अपनी जेब में सिर्फ एक प्याज रखता हूं. अपनी जेब में एक प्याज रखें, 51 डिग्री की गर्मी में भी कुछ नहीं होगा.' सिंधिया जब बात बोल रहे थे तभी भीड़ में खड़े एक बुजुर्ग व्यक्ति ने भी उनका समर्थन किया और अपनी जेब से एक प्याज निकालकर उन्हें दिखाया.
ये भी पढ़ें :- MP में ग्रीष्मकालीन मूंग की खरीदी कब से? दिग्विजय सिंह ने CM मोहन को लिखा पत्र, MSP पर शीघ्र खरीदी की मांग
गर्मी का कहर जारी, डॉक्टर दे रहे ये सलाह
देश के विभिन्न हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है. डॉक्टरों ने लोगों को शरीर में पानी की कमी और लू लगने जैसी समस्याओं को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है. डॉक्टरों के अनुसार, गर्मी का सामान्य प्रभाव त्वचा संबंधी परेशानियां लेकर आता है. इसके बाद सूजन, मांसपेशियों में ऐंठन, थकान और चक्कर जैसी समस्याएं भी सामने आने लगती है. लंबे समय तक धूप और गर्म वातावरण में रहने से लू लगने (हीटस्ट्रोक) का खतर बढ़ सकता है, जो जानलेवा साबित हो सकता है. अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर नवल के. विक्रम ने बताया कि गर्मी के कारण शरीर में कई प्रकार की दिक्कतें आती हैं. उन्होंने बताया, "गर्मी की वजह से सबसे पहले तो त्वचा संबंधी परेशानियां सामने आती हैं जिन्हें घमोरियां कहते हैं. अधिक पसीने के कारण खुजली और त्वचा संबंधी परेशानी होती है. कई लोगों को हाथ-पैरों में सूजन की शिकायत भी हो जाती है."
ये भी पढ़ें :- पॉकेट में प्याज ले जाओ कुछ नहीं होगा... ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया प्रचंड गर्मी से बचने का गजब फॉर्मूला














