- DGCA ने एयर इंडिया पर अपने विमान को बिना वैध सर्टिफिकेट के 8 बार उड़ाने पर एक करोड़ जुर्माना लगाया है
- एयर इंडिया ने उड़ान सर्टिफिकेट के बिना ही एयरबस A320 विमान को 24-25 नवंबर को कई बार उड़ाया था
- DGCA ने इस गंभीर उल्लंघन के लिए एयर इंडिया के सीईओ कैंपबेल विल्सन को सीधे जिम्मेदार ठहराया है
एविएशन रेग्युलेटर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने एयर इंडिया पर एक करोड़ रुपये का भारी भरकम जुर्माना लगाया है. देश की दूसरी सबसे बड़ी एयरलाइंस पर ये कार्रवाई एयरबस विमान को बिना वैध परमिट के 8 बार उड़ाने पर की गई है. एक गोपनीय आदेश से खुलासा हुआ है कि डीजीसीए ने इसे बेहद गंभीर उल्लंघन माना है और इसके लिए एयरलाइन के शीर्ष प्रबंधन को सीधे जिम्मेदार ठहराया है.
बिना क्लियरेंस 8 बार उड़ाया विमान
डीजीसीए ने पाया कि एयर इंडिया के एक एयरबस A320 विमान ने 24 और 25 नवंबर के बीच बिना एयरवर्थनेस रिव्यू सर्टिफिकेट (ARC) के उड़ान भरी थी. किसी भी विमान को उड़ान भरने के लिए ये सर्टिफिकेट जरूरी होता है, जो सुरक्षा और अन्य जांच के बाद ही जारी किया जाता है. इस दौरान विमान ने एकाध नहीं बल्कि दिल्ली, बेंगलुरु, मुंबई और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों के बीच यात्रियों को लेकर उड़ानें भरीं.
DGCA ने CEO को ठहराया जिम्मेदार
सूत्रों के मुताबिक, डीजीसीए ने एयरलाइंस के इस रवैये को गंभीर लापरवाही माना. एक सूत्र ने बताया कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाती है और इसी वजह से एयर इंडिया पर अधिकतम जुर्माना लगाया गया है. इस मामले में जवाबदेही तय करते हुए एयर इंडिया के सीईओ कैंपबेल विल्सन को भी जिम्मेदार ठहराया गया है.
सिस्टम में कमी, दिसंबर में माना था
पिछले साल दिसंबर में एयर इंडिया की आंतरिक जांच में कंपनी के अंदर "सिस्टम की नाकामी" की बात सामने आई थी. उस वक्त एयरलाइन ने माना था कि उसे नियमों का पालन करने की अपनी संस्कृति (Compliance Culture) को मजबूत करने की जरूरत है. हालांकि इस बार मामला ज्यादा गंभीर हो गया तो डीजीसीए को खुद दखल देकर जुर्माना लगाना पड़ा है.
एयर इंडिया ने क्या कहा?
डीजीसीए की इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि 2025 में एयरलाइंस ने खुद इस मामले को रिपोर्ट किया था. उन्होंने दावा किया कि सभी कमियों को संतोषजनक तरीके से दूर कर लिया गया है और अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी गई है. एयरलाइंस का कहना है कि वो यात्रियों की सुरक्षा और ऑपरेशनल इंटीग्रिटी के उच्चतम मानकों के पालन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं.













