- संसद के विशेष सत्र में परिसीमन बिल पेश होगा, जिसमें लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव है
- बिल के तहत सभी राज्यों में लोकसभा और विधानसभा की सीटें पचास प्रतिशत तक बढ़ाई जाएंगी
- परिसीमन बिल के बाद महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा, जो 2029 के चुनाव से लागू होगा
संसद का विशेष सत्र आज से शुरू होने जा रहा है. यह सत्र ऐतिहासिक होने वाला है, क्योंकि इसमें परिसीमन बिल को पेश किया जाएगा. सरकार को इस बार बिल के पास होने की पूरी उम्मीद है. इसकी दो वजह है. पहली- लोकसभा में एनडीए सांसदों की संख्या अप्रैल की तुलना में बढ़ी है. और दूसरी- कल तक जो विपक्ष में थे, अब वे भी सरकार के साथ हैं.
परिसीमन बिल को सरकार ने इस साल सबसे पहले अप्रैल में पेश किया था. लेकिन तब जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं होने के कारण यह गिर गया था. अब सरकार इसे फिर लेकर आई है. इस बिल को पास कराने के लिए सरकार को 360 सांसदों के समर्थन की जरूरत है.
लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी एजेंडा के मुताबिक, सोमवार को संसद का सत्र सुबह 11 बजे से शुरू होगा. इसके बाद 11:20 से लेजिस्लेटिव बिजनेस यानी विधायी कामकाज शुरू होगा. लोकसभा में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल परिसीमन बिल पेश करेंगे.
क्या है परिसीमन बिल? 5 पॉइंट में समझिए
महिला आरक्षण लागू करने के लिए परिसीमन जरूरी है. इसलिए परिसीमन बिल लाया जा रहा है. लोकसभा में संविधान (132वां) संशोधन बिल और परिसीमन (दूसरा) बिल 2026 पेश होगा.
- प्रस्तावित बिल के मुताबिक, सभी राज्यों में लोकसभा सीटें 50-50% बढ़ेंगी. जैसे- यूपी में 80 सीटें हैं तो परिसीमन के बाद बढ़कर 120 हो जाएंगी.
- बिल में 1971 की जनगणना के आधार पर परिसीमन का प्रस्ताव है. 1971 की जनगणना इसलिए, क्योंकि दक्षिण के राज्यों की मांग यही थी. आखिरी बार लोकसभा सीटों का परिसीमन 1971 की आबादी के आधार पर ही हुआ था.
- इस बिल के बाद लोकसभा सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 850 तक पहुंच जाएगी. सभी राज्यों में विधानसभा सीटों की संख्या भी 50% तक बढ़ेगी.
- बिल के कानून बनने के बाद 2029 के लोकसभा चुनाव में ही महिलाओं को 33% आरक्षण मिलेगा. इतना ही नहीं, सभी राज्यों की विधानसभाओं में भी 33% सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी.
- प्रस्तावित बिल में प्रावधान है कि परिसीमन 25 साल तक फ्रीज रहेगा. यानी 2051 तक लोकसभा और विधानसभाओं की सीटों में कोई बदलाव नहीं होगा.
यह भी पढ़ें | राहुल, सोनिया, ममता, खरगे की गुहार के बावजूद डीएमके ने परिसीमन बिल का समर्थन क्यों किया?
रविवार का दिन: सरकार v/s विपक्ष की हलचल
इस बिल को लेकर रविवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष में काफी हलचल दिखी. विपक्ष जहां दिल्ली से लेकर चेन्नई और मुंबई तक दौड़ लगाता दिखा. वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर संसदीय दल की बैठक ली.
सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और ममता बनर्जी समेत इंडिया ब्लॉक के कई नेताओं ने रविवार को चेन्नई पहुंचकर डीएमके चीफ एमके स्टालिन को मनाने की कोशिश की. मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने यह भी कहा कि परिसीमन तमिलनाडु के खिलाफ होगा.
हालांकि, विपक्षी नेताओं की यह कोशिश नाकाम रही. स्टालिन ने साफ कर दिया है कि परिसीमन बिल को समर्थन करना उनकी पार्टी के लिए 'करो या मरो' वाली स्थिति है. उन्होंने यह भी बताया कि उनकी जो चिंताएं थीं, उसे इस नए बिल में दूर कर लिया गया है, इसलिए उनकी पार्टी इसका समर्थन कर रही है.
इसके बाद विपक्षी नेता मुंबई पहुंचे और एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की. शरद पवार मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं.
विपक्षी नेताओं के साथ शरद पवार की यह बैठक लगभग 45 मिनट चली. इस बैठक में सुप्रिया सुले मौजूद नहीं थीं. मीटिंग के बाद शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि सांसदों के पास इतना विवेक होगा कि वे इस बिल के पक्ष में वोट न दें.
वहीं, दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर संसदीय दल की बैठक की. इसमें कई राज्यों के सांसद मौजूद थे.
इससे पहले, पीएम मोदी ने X पर एक वीडियो मैसेज जारी कर 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि महिलाओं को ज्यादा राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिलाने की कोशिशें दशकों से चल रही है और वे खुद भी सालों से इस लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में काम कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि 'नारी शक्ति वंदन संशोधन आज की जरूरत है. हमारा संकल्प अडिग है. आधी आबादी के सपनों और अपने देश के भविष्य के लिए, हमें इस संकल्प को पूरा करना ही होगा.'
इसके बाद पीएम मोदी के आवास पर भाजपा सांसदों के लिए डिनर भी रखा गया.
क्या है आज का एजेंडा?
30 नवंबर और 1 दिसंबर को लोकसभा, जबकि 2 और 3 दिसंबर को राज्यसभा की कार्यवाही होगी.
सोमवार को 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होगी. सबसे पहले असम के नगांव सीट से भाजपा के सांसद देवाशीष शर्मा शपथ लेंगे.
इसके बाद, 6 पूर्व सदस्यों के निधन पर शोक व्यक्त किया जाएगा. फिर 9 केंद्रीय मंत्री और जल संसाधन मामलों पर संसदीय समित के कुछ दस्तावेज पटल पर रखेंगे.
विधायी कामकाज सुबह 11:15 से 11:20 के आसपास शुरू होने की उम्मीद है. सबसे पहले, गृह मंत्री अमित शाह 16 अप्रैल को पेश किए गए 'केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2026' को वापस लेने का प्रस्ताव रखेंगे.
इसके बाद, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल 'परिसीमन विधेयक, 2026' को वापस लेंगे, जिसे भी 16 अप्रैल को ही पेश किया गया था.
इसके बाद, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल 'संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026' पेश करेंगे.
फिर, गृह मंत्री अमित शाह 'केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) दूसरा विधेयक, 2026' सदन में पेश करेंगे, और उसके बाद कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल 'परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026' पेश करेंगे.
यह भी पढ़ें | मोदी सरकार को परिसीमन बिल पर तीन दिन में मिला 6 दलों का साथ, 38 सांसदों का समर्थन बढ़ा, INDIA ब्लॉक में हलचल
क्या पास हो पाएगा बिल?
सरकार को तो उम्मीद है. सरकार को परिसीमन बिल पास कराने के लिए 360 सांसदों के समर्थन की जरूरत है. सरकारी सूत्रों का अनुमान है कि 371 सांसद बिल के समर्थन में वोट डाल सकते हैं.
सरकार को इतना समर्थन इसलिए मिलता दिख रहा है, क्योंकि ऐसी पार्टियों का भी साथ मिल रहा है जो एनडीए का हिस्सा नहीं हैं. इनमें वाईएसआर कांग्रेस, एनसीपी (एसपी), डीएमके, UPPL और झारखंड मुक्ति मोर्चा जैसी पार्टियां भी शामिल हैं.
लोकसभा में 540 सांसद हैं और तीन सीटें खाली हैं. स्पीकर को छोड़कर 539 सांसद वोट डाल सकते हैं. संविधान के मुताबिक, स्पीकर केवल टाई की स्थिति में ही वोट डाल सकते हैं लेकिन वह संवैधानिक संशोधनों पर वोट नहीं दे सकते.
अगर सभी सांसद वोट देते हैं तो दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा 360 होता है. अगर 5 सांसद गैर-मौजूद रहते हैं तो यह घटकर 357 हो जाता है और अगर 10 सांसद गैर-मौजूद रहते हैं तो यह 354 पर आ जाता है.
हालांकि, तीन सांसद वोटिंग में शामिल नहीं होंगे. एक सांसद (टीएमसी के कल्याण बनर्जी) निलंबित हैं और दो सांसद (जम्मू कश्मीर के इंजीनियर राशिद और पंजाब के अमृतपाल सिंह) जेल में हैं. सूत्रों के अनुसार, आम आदमी पार्टी (3), आरजेडी (4) और शिवसेना (यूबीटी) (3) के कुछ सांसद वोटिंग से दूर रह सकते हैं.
एनडीए के पास अपने 320 सांसद तो हैं ही. इनके अलावा, डीएमके के 22 और एनसीपी (एसपी) के 8 सांसद भी हैं. वाईएसआर कांग्रेस के 4 और अकाली दल के एक सांसद के अलावा 7 निर्दलीय सांसदों में से 3 भी सरकार के साथ हैं.
कुल मिलाकर, आंकड़े सरकार के पक्ष में हैं. सरकारी सूत्रों का दावा है कि 371 सांसदों का समर्थन मिलेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं