चेन्नई में काम करने वाला एक व्यक्ति दिल्ली पहुंचा और जबरन एक महिला इन्फ्लुएंसर के घर में घुस गया. उसने जिद की कि इन्फ्लुएंसर को उससे शादी करनी होगी. गुस्से में आए इन्फ्लुएंसर के परिवार वालों ने उसकी पिटाई कर दी, जिसके एक हफ्ते बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इन्फ्लुएंसर के पिता और एक पड़ोसी को अब गिरफ्तार कर लिया गया है.
इन्फ्लुएंसर का नाम नेहा बिष्ट है, जिनके इंस्टाग्राम पर 6 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. उनकी हर रील पर लाखों व्यूज आते हैं. हाल ही में नेहा ने इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर अपनी सगाई और होने वाली शादी से जुड़े वीडियो और कंटेंट पोस्ट किए थे.
क्या है पूरा मामला?
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला अभिनव, जो चेन्नई में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था, 7 नवंबर को पूर्वी दिल्ली के मधु विहार स्थित नेहा बिष्ट के घर में जबरन घुस गया.
उस समय नेहा घर पर ही थीं. उसने मांग की कि नेहा उससे शादी करे. एक दिन बाद दर्ज कराई गई FIR में आरोप लगाया गया है कि वह शराब के नशे में था.
उसकी इस हरकत से नाराज होकर, नेहा के परिवार वालों और कुछ पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना देने से पहले उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी.
जब पुलिस अधिकारी उनके घर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि उस व्यक्ति की पीठ और दाहिने पैर पर गंभीर चोटें थीं. उसे राजीव गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां 15 नवंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
यह भी पढ़ें | लॉरेंस बिश्नोई के नाम से मांगे 60 लाख, 10 के नोट के टुकड़े से डराया, ड्राइवर का बेटा ही निकला मास्टरमाइंड
एकतरफा प्यार करने लगा था अभिनव?
बाद की जांच से पता चला कि अभिनव लगातार नेहा बिष्ट का कंटेंट देखता था और धीरे-धीरे उसके मन में नेहा के लिए एकतरफा भावनाएं पैदा हो गईं.
कुछ महीने पहले वह एक फैन के तौर पर नेहा के घर भी गया था.
पुलिस के अनुसार, नेहा बिष्ट की किसी और व्यक्ति से होने वाली शादी को लेकर वह परेशान था, जबकि नेहा को यह भी नहीं पता था कि अभिनव कौन है.
नेहा के पिता और पड़ोसी गिरफ्तार
पुलिस ने अब गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है और कंटेंट क्रिएटर नेहा के पिता वीरेंद्र बिष्ट और एक पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है.
मामले में अन्य संदिग्धों की पहचान करने के लिए घटनास्थल पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं