दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन की तारीख आ गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को इसका उद्घाटन करेंगे. इसे लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक दिन पहले ही इस एक्सप्रेस-वे का एक वीडियो शेयर किया था. अब 14 अप्रैल यानी आंबेडकर जयंती के दिन इस एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन कर आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा.
इस एक्सप्रेस-वे के खुलने से दिल्ली से देहरादून तक का सफर सिर्फ ढाई घंटे में पूरा हो जाएगा. दूरी घटकर 213 किलोमीटर की रह जाएगी. अभी दिल्ली से देहरादून पहुंचने में 5-6 घंटे लगते हैं.
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का कुछ हिस्सा पहले ही आम जनता के लिए खुल चुका है. अक्षरधाम से बागपत तक का 18 किलोमीटर का स्ट्रेच आम जनता के लिए खोला जा चुका है. अब 14 अप्रैल को इस पूरे एक्सप्रेस-वे को खोल दिया जाएगा.
यह भी पढ़ेंः इन 11 एयरपोर्ट पर लॉन्च हुआ Udan Yatri Cafe, मात्र इतने रुपये में मिलेगा समोसा, पानी की बोतल और कॉफी
क्या है इसमें खास?
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से दूरी 235 किलोमीटर से घटकर 213 किलोमीटर हो जाएगी. यह एक्सप्रेस-वे लगभग 13,000 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है. यह एक्सप्रेस-वे उत्तर-पूर्वी दिल्ली से शुरू होगा और बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर से होते हुए देहरादून तक जाएगा.
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का आखिरी 20 किलोमीटर का हिस्सा राजाजी नेशनल पार्क के इको-सेंसिटिव जोन से होकर गुजरता है. इसे ध्यान में रखते हुए, एशिया का सबसे लंबा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर (12 किमी) बनाया जा रहा है, जिसमें 340 मीटर लंबी सुरंग भी शामिल है.
देहरादून में डाट काली मंदिर के पास बनी 340 मीटर लंबी सुरंग वन्यजीवों पर पड़ने वाले असर को कम करने में मदद करेगी. इसके अलावा, गणेशपुर-देहरादून सेक्शन में जानवरों और वाहनों की टक्कर से बचने के लिए कई 'एनिमल पैसेज' भी बनाए गए हैं.
यह भी पढ़ेंः 3 घंटे में कानपुर, 4290 करोड़ लगेंगे; MP को यूपी से जोड़ने वाला ये खास हाइवे कब शुरू होगा? जानिए हर एक बात














