स्वतंत्र भारद्वाज को मिली तीन सप्ताह की अंतरिम बेल, जंतर मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का आरोप

दिल्ली की अदालत ने स्वतंत्र भारद्वाज को तीन सप्ताह के लिए अंतरिम जमानत दे दी है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • स्वतंत्र भारद्वाज को जंतर मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट के मामले में तीन सप्ताह की अंतरिम जमानत मिली है
  • पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ मारपीट और सार्वजनिक स्थल पर उत्पात मचाने का मामला दर्ज किया है
  • यह घटना जंतर मंतर पर निशु आजाद के पिता के साथ हुई झड़प के दौरान हुई थी
नई दिल्ली:

जंतर मंतर पर निशु आजाद नाम की लड़की के पिता संजय आजाद से मारपीट के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को अदालत से राहत मिली है. दिल्ली की अदालत ने स्वतंत्र भारद्वाज को तीन सप्ताह के लिए अंतरिम जमानत दे दी है. स्वतंत्र पर आरोप है कि उसने संजय आजाद की पिटाई की थी. इस मामले में उसके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट भी लगा था. यह मामला 23 जून का था. पुलिस ने तभी उसे हिरासत में लिया था और फिर पूछताछ के बाद छोड़ दिया था. लेकिन पिछले दिनों एक पॉडकास्ट में स्वतंत्र ने दावा किया था कि उसने एक लड़की के पिता को इतना पीटा था कि वह मरणासन्न हो गए थे. स्वतंत्र के इस दावे के बाद नए सिरे से बवाल बढ़ गया था.

स्वतंत्र भारद्वाज का यहां तक कहना था कि चिराग पासवान, कपिल मिश्रा जैसे नेता उसके लिए बड़े भाई सरीखे हैं. इस पर चिराग पासवान का बयान आया था और उनका कहना था कि वह शख्स उनके नाम का फायदा उठा रहा है. इसके अलावा उन्होंने उस पर सख्त एक्शन लिए जाने की सिफारिश भी की थी. उनका कहना था कि मैं निशु आजाद और उसके परिवार के साथ हूं. मेरी मांग है कि उसे जल्द से जल्द न्याय दिया जाए. स्वतंत्र भारद्वाज को राहत देने वाला यह फैसला पटियाला हाउस कोर्ट के जज सौरभ प्रताप सिंह लालेर ने सुनाया. इससे पहले सोमवार को मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने तय किया था कि कैमरे की निगरानी में ही कार्यवाही होगी. 

ऐसा इसलिए क्योंकि स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत भी केस दर्ज हुआ है. बता दें कि बीते शुक्रवार को ही स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने यूपी के बुलंदशहर से गिरफ्तार किया था. उसकी गिरफ्तारी के लिए कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधियों और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने थाने का घेराव किया था. इसके अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी निशु आजाद के समर्थन में ट्वीट किया था. बता दें कि इस मामले में काफी राजनीति हुई थी. स्वतंत्र भारद्वाज के दावों के चलते विवाद बढ़ा था और अंत में पुलिस ने सख्त धाराएं लगाते हुए उसे अरेस्ट किया.


Topics mentioned in this article
Nishu Azad
Jantar Mantar
Swatantra Bhardwaj Jantar Mantar
Jantar Mantar Andolan