रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पाकिस्तान को बताया 'आईटी हब', जानें उन्होंने ऐसा क्यों कहा

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने तीनों सेनाओं की ताकत को दिखाया. उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में आर्मी, नेवी और एयरफोर्स ने मिलकर काम किया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
नई दिल्ली:

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आतंकवाद के मुद्दे पर एक बार फिर पाकिस्तान पर कड़ा हमला बोला हैं. रक्षा मंत्री ने गुरुवार को कहा कि पाकिस्तान लंबे समय से आतंकवाद को समर्थन देता रहा है. यही वजह है कि आज उसकी छवि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खराब हुई है. उन्होंने कहा कि जहां भारत आईटी यानी सूचना तकनीक के लिए जाना जाता है, वहीं पाकिस्तान को आईटी यानि इंटरनेशनल टेरेरिज्म (आतंकवाद का मरकज )  का केंद्र माना जाता है. उन्होंने कहा कि आतंकवाद और उसे बढ़ावा देने वालों में कोई फर्क नहीं किया जाएगा. आज टेरेरिज्म और उसके स्पॉन्सर के बीच कोई अंतर नहीं किया जाएगा . भारत अब हर चुनौती का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है.

कितने दिन से चल रही थी ऑपरेशन सिंदूर की तैयारी

वो न्यूज एजेंसी एएनआई की ओर से आयोजित राष्ट्रीय सुरक्षा शिखर सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए इसे बड़ी सफलता बताया. यह ऑपरेशन सिर्फ 72 घंटे में पूरा किया गया. लेकिन इसकी तैयारी काफी लंबे समय से चल रही थी. रक्षा मंत्री ने साफ किया कि ऑपरेशन सिंदूर को भारत ने अपनी शर्तों पर रोका था. यह किसी मजबूरी में नहीं था, अगर जरूरत पड़ती, तो भारत लंबी लड़ाई के लिए भी तैयार था.

रक्षा मंत्री ने कहा  कि भारत की सैन्य क्षमता अब पहले से ज्यादा मजबूत हो चुकी है. देश के पास  बेहतर सर्ज कैपिसिटी हैं . यानी जरूरत पड़ने पर ताकत को तेजी से बढ़ाया जा सकता है. ऑपरेशन सिंदूर में आधुनिक तकनीक का बड़ा योगदान रहा. इसमें आर्टीफिशयल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल बड़े स्तर पर किया गया. इससे आतंकियों की पहचान और उन पर कार्रवाई आसान हुई. उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में  ब्रह्मोस जैसी आधुनिक मिसाइलों का उपयोग किया गया. निगरानी सिस्टम में एआई का बखूबी उपयोग किया गया. इससे हमलों की सटीकता और मारक क्षमता बढ़ी.

कितना बढ़ा है भारत का रक्षा निर्यात

रक्षा मंत्री ने कहा कि इस ऑपरेशन ने तीनों सेनाओं की ताकत को दिखाया. आर्मी, नेवी और एयरफोर्स ने मिलकर काम किया. यह भारत की संयुक्त सैन्य शक्ति का बड़ा उदाहरण है. रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत अब सिर्फ रक्षा नहीं करता. बल्कि जरूरत पड़ने पर जवाब भी देता है. देश की प्रतिकार करने की क्षमता लगातार बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद दुनिया का नजरिया बदला है. भारत के स्वदेशी हथियारों पर भरोसा बढ़ा है. आज  कई देशों ने भारत से हथियार खरीदने में रुचि दिखाई है.

Advertisement

रक्षा मंत्री ने बताया कि रक्षा निर्यात में भी बड़ा उछाल आया है. वित्त वर्ष 2025-26 में यह 38,424 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. यह पिछले साल से 62.66 फीसदी अधिक है. उन्होंने कहा कि आतंकवाद दुनिया के लिए सबसे बड़ा खतरा है. इसे किसी भी रूप में सही नहीं ठहराया जा सकता. यह मानवता के खिलाफ अपराध है. रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति पर काम कर रहा है. सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर इसके उदाहरण हैं. अंत में उन्होंने कहा कि भारत बदलती वैश्विक व्यवस्था के साथ खुद को मजबूत बना रहा है. ऑपरेशन सिंदूर इसी नई सोच और नई ताकत का प्रतीक है.

ये भी पढ़ें: बंटी-बबली, उम्रकैद, जहर और नफरत... पवन खेड़ा की जमानत पर SC में दी जा रही है क्या-क्या दलीलें, जानें

Advertisement
Featured Video Of The Day
Israel Hezbollah War: हथियार डिपो, सैन्य इमारतें तबाह, इजरायल का लेबनान पर हमला | Israel Lebanon War
Topics mentioned in this article