तबाही मचाने आ रहा चक्रवात 'अकवान', 110KM/H की रफ्तार से टकराएगा, ओडिशा-आंध्र से लेकर बिहार-बंगाल तक अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बना भीषण चक्रवाती तूफान 'अकवान' भारत के पूर्वी तट की ओर तेजी से बढ़ रहा है. IMD के अनुसार, इसके 20 नवंबर को उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट के बीच लैंडफॉल करने की संभावना है.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
चक्रवात अकवान का खतरा, ओडिशा-आंध्र हाई अलर्ट पर
IANS
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात अकवान उत्तर की ओर बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों को पार करेगा
  • आईएमडी के अनुसार चक्रवात की हवा की गति सौ किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुँच सकती है और 20 नवंबर को लैंडफॉल होगा
  • आंध्र प्रदेश में मुख्य प्रभाव उत्तरी जिलों पर होगा, जहां मध्यम से भारी बारिश और तूफानी हवाओं की संभावना है

देशभर के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. अर्नब और मुरासु के बाद एक नया चक्रवात 'अकवान' भारत में दस्तक देने जा रहा है. भीषण चक्रवाती तूफान 'अकवान' के शुक्रवार को उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार करने से पहले कमजोर पड़ने की संभावना है. यह चक्रवात ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ से लेकर तमिलनाडु तक तबाही मचाएगा. इसे लेकर अलर्ट जारी किया गया है.

मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना भीषण चक्रवाती तूफान पिछले छह घंटों के दौरान 18 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर की ओर बढ़ा है. 19 नवंबर 2026 को रात साढ़े 8 बजे यह उसी क्षेत्र में, 16.6° उत्तर अक्षांश और 85.2° पूर्व देशांतर के पास स्थित था. यह कलिंगपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से लगभग 220 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व, गोपालपुर (ओडिशा) से 300 किमी दक्षिण, नरसपुर (आंध्र प्रदेश) से 370 किमी पूर्व, पुरी (ओडिशा) से 360 किमी दक्षिण और चेन्नई (तमिलनाडु) से 670 किमी उत्तर-पूर्व में है.

आईएमडी के अनुसार, इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार करने की संभावना है. यह नरसपुर और पुरी के बीच, गोपालपुर के पूर्व के पास से गुजरेगा. इस दौरान हवा की अधिकतम गति 90-100 किमी प्रति घंटा होगी, जो झोंकों के साथ 110 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

आंध्र प्रदेश में बारिश का अलर्ट

आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि लैंडफॉल से पहले इस चक्रवाती तूफान के कमजोर पड़ने की उम्मीद है. अब इसका मुख्य असर उत्तरी आंध्र प्रदेश में पड़ने की संभावना है. मध्य और दक्षिणी आंध्र प्रदेश में इस तूफान का कोई खास असर पड़ने की उम्मीद नहीं है. गुरुवार को उत्तरी आंध्र प्रदेश के जिलों में व्यापक रूप से मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है.

Advertisement

उत्तरी आंध्र प्रदेश के जिलों में व्यापक रूप से हल्की बारिश और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है. प्राधिकरण ने कहा कि लैंडफॉल के बाद बारिश तेजी से कम हो जाएगी.

इसके साथ ही, श्रीकाकुलम, विजयनगरम, विशाखापत्तनम, काकीनाडा और गोदावरी जैसे उत्तरी तटीय जिलों को लोगों को अगले 24-36 घंटों तक सतर्क रहने की सलाह दी गई है. आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने एक एडवाइजरी जारी कर कहा कि मछुआरे समुद्र में न जाएं. निचले और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहना चाहिए और आधिकारिक सलाहों का पालन करना चाहिए. जिला प्रशासन जलाशयों, संवेदनशील मंडलों और तटीय क्षेत्रों पर कड़ी नजर रख रहा है.

Advertisement

ओडिशा में चक्रवात 'अकवान' का खतरा

ओडिशा में चक्रवात 'अकवान' के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर बचाव और राहत की तैयारियां शुरू कर दी हैं. अब तक करीब 72 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया जा चुका है. चक्रवात के शुक्रवार दोपहर उत्तर आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकराने की आशंका जताई गई है. ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग ने बताया कि राज्य सरकार पिछले कई दिनों से चक्रवात की स्थिति पर नजर बनाए हुए है. पहले चक्रवात का रुख किसी अन्य दिशा में था, लेकिन बुधवार से इसने अपना रास्ता बदल लिया और ओडिशा की ओर बढ़ने लगा.

आईएमडी ने केंद्रापड़ा, कंधमाल, जगतसिंहपुर, गजपति, गंजाम और पुरी सहित छह जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है. इसके अलावा दक्षिणी और तटीय ओडिशा के कई अन्य जिलों तथा मयूरभंज में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मुख्य सचिव ने बताया कि प्रशासन ने राज्य में 4,243 संवेदनशील स्थानों की पहचान की है. अब तक करीब 72 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है. 

चक्रवाती तूफान 'अकवन' से बिहार में बदलेगा मौसम

बंगाल की खाड़ी में उठे गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवन' के प्रभाव से बिहार में अगले तीन दिनों तक मौसम में बदलाव की संभावना है. पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को 20 से 22 नवंबर के बीच राज्य के कई जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है. मौसम विभाग ने 21 नवंबर को भागलपुर और कटिहार जिले में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इसके अलावा पूर्वी बिहार के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है.

तमिलनाडु में भारी बारिश की संभावना

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान के और अधिक तीव्र होने के बावजूद गुरुवार को चेन्नई सहित तमिलनाडु के ज्यादातर हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि, पश्चिमी घाट के पास स्थित जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने 23 नवंबर से तमिलनाडु के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में काफी बढ़ोतरी का अनुमान जताया है, जिसमें दक्षिणी और तटीय जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. 23 नवंबर को कुड्डालोर, तंजावुर, तिरुवरुर, नागपट्टिनम, पुदुकोट्टई, शिवगंगा, रामनाथपुरम, मदुरै, विरुधुनगर, थेनी, तेनकासी, थूथुकुडी, तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है.

Advertisement

यह भी पढ़ें | कल का मौसम: दिल्ली-यूपी में कोहरा और ठंड, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा समेत 14 राज्यों में बारिश का अलर्ट

यह भी पढ़ें | चक्रवात 'अकवान' का कहर: वंदे भारत समेत 39 ट्रेनें अचानक रद्द, घर से निकलने से पहले देख लें पूरी लिस्ट

Advertisement

Topics mentioned in this article
Cyclone
Cyclone Landfall
Bihar Rain
Bihar Rain Alert
Odisha Rain

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं