- मणिशंकर अय्यर ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बिना INDIA ब्लॉक खत्म हो जाएगा
- उन्होंने सुझाव दिया कि राहुल गांधी या अन्य नेताओं को ममता बनर्जी को INDIA ब्लॉक की कमान सौंप देनी चाहिए
- अय्यर ने कांग्रेस के अंदरूनी विवादों पर भी टिप्पणी की और राहुल गांधी को लेकर असंतोष जताया
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के एक बयान से राजनीतिक बवाल खड़ा हो गया है. मणिशंकर अय्यर ने कोलकाता में कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बिना INDIA ब्लॉक खत्म हो जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि INDIA ब्लॉक को 'दीदी' को संभालना चाहिए. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, अखिलेश यादव या फिर तेजस्वी यादव को INDIA ब्लॉक का काम ममता बनर्जी को संभालने देना चाहिए.
मणिशंकर अय्यर ने क्या कहा?
कोलकाता में उन्होंने कहा, 'ममता दीदी के बिना, INDIA अलायंस का 'I', 'N', 'D', 'I' और सबकुछ खत्म हो जाएगा. क्योंकि ममता बनर्जी इस गठबंठन की नेता हैं. और साथ-साथ दो-चार और लोग हैं जो इस पद को हासिल कर सकते हैं.'
उन्होंने साफ-साफ कहा कि राहुल गांधी को ममता बनर्जी या दूसरे नेताओं को इसकी कमान संभालने देना चाहिए. उन्होंने कहा, 'मैं उम्मीद करता हूं कि बजाय राहुल गांधी इसी पद पर रहने की कोशिश करें, किसी और को, जो छोटी पार्टियों का है- स्टालिन हो, ममता दीदी हो, अखिलेश हो, तेजस्वी हो या कोई और है, और कोई संभाले तो उनके पास ज्यादा टाइम रहेगा गठबंधन को चलाने के लिए.'
मणिशंकर अय्यर को हुआ क्या है?
पिछले कुछ समय से मणिशंकर अय्यर की कांग्रेस पार्टी से दूरी और कड़वे रिश्ते बने हुए हैं. हाल के दिनों में कई मौकों पर उन्होंने पार्टी के साथियों पर हमला किया है. हाल ही में उन्होंने कहा था, 'मैं गांधीवादी, नेहरूवादी, राजीववादी हूं, लेकिन राहुलवादी नहीं.' इससे कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को झटका लगा था.
अब अय्यर का ये ताजा बयान कांग्रेस के लिए बड़ा झटका है. अय्यर का ये बयान ऐसे समय आया है, जब बंगाल में चुनाव होने वाले हैं और कांग्रेस ने अकेले लड़ने का फैसला किया है. इस बार कांग्रेस, लेफ्ट पार्टियों के साथ भी गठबंधन नहीं कर रही है.
अय्यर के इस बयान पर कांग्रेस के बंगाल महासचिव सुमन रॉय चौधरी ने कहा, 'लंबे समय से मणिशंकर अय्यर कांग्रेस पार्टी की एक्टिविटीज से जुड़े नहीं हैं. बंगाल से पांच राज्यसभा सीटें खाली हैं. क्या मणिशंकर के ऐसे बयान के पीछे यही वजह हो सकती है? हमें हैरानी है.'
उन्होंने आगे कहा, 'मणिशंकर जी क्या आप जानते हैं कि ममता बनर्जी पर्दे के पीछे बीजेपी की कठपुतली की तरह काम करती हैं? जिनके खिलाफ INDIA ब्लॉक लड़ रहा है. मुझे नहीं लगता कि पार्टी से दूर रहकर कांग्रेस का कोई भी फैसला लेने में आपका कोई हिस्सा है.'
टीएमसी ने क्या कहा?
इस बयान पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता कुणाल घोष ने कहा, 'मैं अभी कुछ नहीं कहूंगा, क्योंकि हम सब बंगाल चुनाव में बिजी हैं. इस समय हमारा पहला काम बीजेपी को पूरी तरह हराना है और यह पक्का करना है कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में यहां चौथी बार सरकार बने. मणिशंकर अय्यर बहुत सीनियर नेता हैं. पूरा देश देख रहा है कि बीजेपी को सही वैचारिक लड़ाई कौन दे रहा है?'














