LPG की अफवाहों पर केंद्र की सख्ती... राज्यों को प्रेस ब्रीफिंग का निर्देश, पैनिक बाइंग पर सरकार चिंतित

केंद्र सरकार ने एलपीजी की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों पर सख्त रुख अपनाया है. राज्यों को नियमित प्रेस ब्रीफिंग, सही जानकारी साझा करने और कालाबाजारी- जमाखोरी पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
नई दिल्ली:

देश में एलपीजी (रसोई गैस) और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों पर केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाया है. पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने इस संबंध में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर आम जनता तक सही, स्पष्ट और तथ्यात्मक जानकारी नियमित रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए हैं.

मंत्रालय ने कहा है कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया और कुछ अन्य माध्यमों पर गैस की कमी और कीमतों को लेकर भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं. इन अफवाहों की वजह से लोगों में अनावश्यक डर और असमंजस की स्थिति बन रही है, जिसके चलते कई जगहों पर पैनिक बाइंग और जमाखोरी जैसी समस्याएं सामने आई हैं. इससे वितरण व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव भी पड़ रहा है.

केवल 17 राज्य कर रहे हैं नियमित ब्रीफिंग

केंद्र सरकार के मुताबिक फिलहाल सिर्फ 17 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ही नियमित या जरूरत आधारित प्रेस ब्रीफिंग कर रहे हैं. इनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तेलंगाना, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और केरल जैसे बड़े राज्य शामिल हैं. बाकी राज्यों से भी इसी तरह सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई है.

यह भी पढ़ें- LPG और मिडिल ईस्ट संकट पर कांग्रेस के दो बड़े नेताओं का पार्टी से अलग सुर, सिंधिया को मिला हमले का मौका

Advertisement

रोज वरिष्ठ स्तर पर संवाद की अपील

मंत्रालय ने सभी राज्यों से अपेक्षा की है कि वे वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर रोजाना प्रेस ब्रीफिंग करें और सोशल व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के जरिए समय पर सही जानकारी साझा करें. इसका उद्देश्य लोगों को यह भरोसा दिलाना है कि देश में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और इसकी आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू बनी हुई है.

कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्ती

केंद्र सरकार ने राज्यों से कालाबाजारी, जमाखोरी और अन्य अनुचित गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने को भी कहा है. मंत्रालय का स्पष्ट कहना है कि अफवाहों पर प्रभावी रोक लगाने और पारदर्शी संवाद बनाए रखने से ही ऐसी स्थितियों से निपटना संभव है.

Advertisement

यह भी पढ़ें- 233 FIR और 20 गिरफ्तारी... गैस सिलेंडर और पेट्रोल डीजल को लेकर यूपी में हुआ बड़ा एक्शन 

जनता में भरोसा बनाए रखने पर जोर

पेट्रोलियम मंत्रालय ने सभी राज्य सरकारों से व्यक्तिगत हस्तक्षेप और सक्रिय सहयोग की अपील की है, ताकि आम जनता में विश्वास बना रहे और किसी भी तरह की अनावश्यक अफरातफरी की स्थिति पैदा न हो. केंद्र ने दोहराया है कि एलपीजी समेत सभी आवश्यक पेट्रोलियम उत्पादों की सप्लाई पर लगातार नजर रखी जा रही है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं.

Featured Video Of The Day
Iran Israel War में US की ताकतवर वापसी! लॉन्ड्री में आग लगने के बाद USS Gerald R. Ford फिर से शामिल