Bullet Train Update: भारत में बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट तेजी से आकार ले रहा है. भारत की पहली बुलेट ट्रेन अगले साल शुरू हो जाएगी. मुंबई-अहमदाबाद रूट्स पर तेजी से निर्माण कार्य चल रहा है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया है कि 508 किलोमीटर लंबे मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर पर बिजलीकरण का काम तेजी से चल रहा है. उन्होंने इसका एक वीडियो भी शेयर किया है. मुंबई-अहमदाबाद के समेत देशभर में 7 अन्य रूट्स पर बुलेट ट्रेन दौड़ेगी. भारत के लगभग हर शहर को सरकार बुलेट ट्रेन से जोड़ने की योजना बना रही है. आखिर ये 7 रूट कौन से हैं और एक शहर से दूसरे शहर पहुंचने में कितना वक्त लगेगा? आइए बताते हैं.
रेल मंत्री ने शेयर किया वीडियो
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया है. वीडियो गुजरात के नवसारी में चल रहे बुलेट ट्रेन निर्माण कार्य का है. वीडियो में दिख रहा है कि एलिवेटेड रूट पर इंजीनियर्स बिजलीकरण का काम कर रहे हैं. रेल मंत्री ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, भारत की पहली बुलेट ट्रेन आकार ले रही है. 508 किलोमीटर लंबे मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर पर बिजलीकरण का काम तेजी से चल रहा है, जो इस प्रोजेक्ट में एक और अहम कदम है.
अगले साल शुरू हो जाएगी पहली बुलेट ट्रेन
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल ही में पहली बुलेट ट्रेन के चलने की तारीख का ऐलान किया था. उन्होंने बताया था कि भारत की पहली बुलेट ट्रेन 15 अगस्त 2027 से शुरू होगी. उन्होंने बताया कि पहली बुलेट ट्रेन मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के सूरत-बिलिमोरा सेक्शन पर सबसे पहले शुरू होगी. इसके बाद चरणबद्ध तरीके से बुलेट ट्रेन इस कॉरिडोर के अन्य सेक्शन पर चलेगी.
मुंबई-अहमदाबाद के बीच कौन-कौन से सेक्शन में शुरू होगी बुलेट ट्रेन?
- सूरत-बिलिमोरा सेक्शन: सबसे पहले 15 अगस्त 2027 को शुरू होगा
- वापी-सूरत सेक्शन: दूसरे चरण में शुरू होगा
- वापी-अहमदाबाद सेक्शन: तीसरे चरण में शुरू होगा
- अहमदाबाद-ठाणे सेक्शन: चौथे चरण में शुरू होगा
- अहमदाबाद-मुंबई: ठाणे के बाद मुंबई वाला सेक्शन शुरू होगा और बुलेट ट्रेन अहमदाबाद से मुबंई तक शुरू हो जाएगी.
इन 7 रूट्स पर चलेगी बुलेट ट्रेन, कितना लगेगा टाइम
1. दिल्ली-वाराणसी बुलेट ट्रेन रूट:
दिल्ली और बनारस के बीच करीब 865 किलोमीटर के रूट पर बुलेट ट्रेन शुरू की जाएगी. बुलेट ट्रेन से दोनों शहरों के बीच की दूरी महज सवा 3 घंटे से साढ़े 3 घंटे में पूरी होगी. प्रोजेक्ट की डीपीआर के बाद केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी और फंडिंग पर बात आगे बढ़ेगी
2. दिल्ली-सिलिगुड़ी बुलेट ट्रेन
दिल्ली-वाराणसी रूट को पश्चिम बंगाल में सिलीगुड़ी से जोड़ा जाएगा. वाराणसी का सिलिगुड़ी रूट करीब 1705 किमी का होगा, जो देश के प्रस्तावित बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में सबसे लंबा होगा. यह सफर महज 6 घंटे में पूरा हो पाएगा. रेलवे वाराणसी-हावड़ा और वाराणसी-सिलिगुड़ी कॉरिडोर के लिए प्राथमिक हवाई और भू सर्वेक्षण कर फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार कर रहा है
3. मुंबई-पुणे बुलेट ट्रेन
मुंबई से पुणे बुलेट ट्रेन का रूट करीब 170 किलोमीटर का होगा, जो सबसे छोटा रूट होगा. मुंबई, नवी मुंबई, लोनावला, खालापुर और पुणे में इसके स्टेशन हो सकते हैं. आर्थिक राजधानी मुंबई और आईटी हब पुणे के बीच की दूरी बुलेट ट्रेन से 48-50 मिनट में पूरी होगी.
4. पुणे-हैदराबाद बुलेट ट्रेन
पुणे-हैदराबाद बुलेट ट्रेन महाराष्ट्र और तेलंगाना के आईटी हब को जोड़ेगी. पुणे, अकलूज, पंढरपुर, सोलापुर, कलबुर्गी, तेलंगाना में जहीराबाद और हैदराबाद स्टेशन हो सकते हैं. पुणे से हैदराबाद की यात्रा के समय को घटाकर केवल 1 घंटा 55 मिनट करने की तैयारी है.
5. बेंगलुरु-चेन्नई बुलेट ट्रेन
साउथ इंडिया के टेक और इकोनॉमिक हब्स को जोड़ने के लिए शानदार कनेक्टिविटी प्लान की गई है. चेन्नई से बेंगलुरु तक बुलेट ट्रेन चलाने की योजना है. दोनों शहरों के बीच 358 किमी की दूरी 1 घंटा 15 मिनट में तय होगी. चेन्नई सेंट्रल, पूनमल्ली, अरक्कोनम, चित्तूर, बांगरपेट, बेंगलुरु का आईटी हब और बायप्पनहल्ली में बुलेट ट्रेन स्टेशन बन सकते हैं.
6. बेंगलुरु-हैदराबाद बुलेट ट्रेन
बेंगलुरु से दो अलग रूट्स के लिए बुलेट ट्रेन चलाने की योजना है. सरकार बेंगलुरु और हैदराबाद के बीच बुलेट ट्रेन चलाएगी. इससे आंध्र प्रदेश के साथ बेंगलुरु और हैदराबाद को कनेक्टिविटी मिलेगी. इसमें बेंगलुरु एयरपोर्ट, तुमकुर, चित्रदुर्ग, बेल्लारी, रायचूर, महबूबनगर, हैदराबाद एयरपोर्ट में स्टेशन बनाए जा सकते हैं. बेंगलुरु हैदराबाद बुलेट ट्रेन से 716 किमी की यात्रा ढाई घंटे में पूरी होगी.
7. चेन्नई-हैदराबाद बुलेट ट्रेन
चेन्नई से बेंगलुरु के अलावा हैदराबाद के लिए भी बुलेट ट्रेन चलाई जाएगी. दोनों शहरों के बीच तीन घंटे में सफर पूरा होगा. इस रूट पर हैदराबाद, हैदराबाद एयरपोर्ट, नलगोंडा, सूर्यापेट, खम्मम, विजयवाड़ा-अमरावती, गुंटूर, नेल्लोर, तिरुपति, तिरुवल्लूर और चेन्नई जैसे स्टेशन होंगे.
यह भी पढ़ें: बुलेट ट्रेन में क्यों नहीं होता इंजन? कितने करोड़ में तैयार होती है, जानें मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल की पूरी ABCD
यह भी पढ़ें: हैदराबाद-चेन्नई बुलेट ट्रेन: तिरुपति, अमरावती समेत 18 शहरों से गुजरेगी दक्षिण भारत की पहली हाईस्पीड रेल