- वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार नौवें वर्ष केंद्रीय बजट 1 फरवरी को पेश करके नया रिकॉर्ड बनाएंगी
- 27 साल बाद पहली बार रविवार को बजट पेश किया जा रहा है, जो 1999 के बाद पहली बार हुआ है
- बजट पेश होने वाले दिन दिल्ली एनसीआर में बारिश और तेज बर्फीली हवाओं के कारण ठंड का अहसास हो रहा है
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार 9वां बजट आज 1 फरवरी को पेश कर नया रिकॉर्ड कायम करेंगी. अभी तक किसी भी वित्त मंत्री ने लगातार 9 बजट पेश नहीं किए हैं. बजट के दिन आज मौसम ने भी अंगड़ाई ली है. दिल्ली एनसीआर में बारिश और तेज बर्फीली हवाएं मानों शिमला, मनाली का अहसास करा रही हैं. आज रविवार को बजट पेश होगा, आप भी घरों में बैठकर चाय की चुस्कियों के साथ देखिए कि निर्मला सीतारमण पिटारे से किस-किस को तोहफा देंगी. 27 सालों बाद पहली बार संडे को बजट आ रहा है. साथ ही माघी पूर्णिमा और संत रविदास जयंती का भी आज मौका है.
रविवार को बजट पेश करने को लेकर सवाल उठे थे. कांग्रेस के एक सांसद ने कहा कि संडे को तो कोई भी शुभ कार्य नहीं किया जाता. हालांकि ज्योतिषियों का कहना है कि सूर्यनारायण का दिन होने के कारण रविवार को भी शुभ कार्य किए जा सकते हैं. हिंदू धर्म में शास्त्रों में कहीं ऐसा नहीं लिखा है कि रविवार को शुभ कार्य नहीं होते. ज्योतिषियों का कहना है कि रविवार सूर्य का वार है, सूर्य प्रकाश प्रदान करने वाला है.
आज कौन सा मुहूर्त नक्षत्र
दृक पंचाग के अनुसार, आज शुक्ल पक्ष रविवार का दिन अन्वाधन माघ पूर्णिमा का दिन है. माघ पूर्णिमा सुबह 3.38 बजे शुरू हुई. सुबह 11.58 बजे तक पुष्य नक्षत्र रहेगा. जबकि सुबह 10.19 बजे से 4.42 बजे तक प्रीति योग है. सुबह के वक्त कोई अशुभ घड़ी नहीं है. दोपहर 12.13 बजे से 12.57 बजे तक अभिजित मुहूर्त है. शाम के वक्त 4.39 बजे से 6 बजे तक राहु काल है. फिर शाम 5.59 बजे से 7.29 बजे तक अमृत काल है.
Budget 2026
1999 का संडे बजट
आम बजट 27 सालों बाद रविवार को पेश किया जा रहा है. 1999 का बजट संडे को तत्कालीन वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने प्रस्तुत किया था. उस वक्त से नई परंपरा भी शुरू हुई थी और बजट शाम की बजाय सुबह 11 बजे पेश किया जाएगा. अटल बिहारी वाजपेयी की अगुवाई वाली एनडीए सरकार में 28 फरवरी 1999 रविवार को ये बजट पेश किया गया था. 27 सालों बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को सुबह 11 बजे लोकसभा में 2026-27 का केंद्रीय बजट पेश करेंगी.













