दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां दो शख्स की सरेआम चाकू से गोदकर हत्या कर दी है.पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक आपस में रिश्तेदार हैं. दोनों रिश्ते में जीजा और साले थे. पुलिस के अनुसार ये हत्या पुरानी रंजिश की वजह से की गई है. पुलिस मिली जानकारी के अनुसार जीजा और साला दोनों एक युवती को धमकाने के इरादे से घटनास्थल पर पहुंचे थे. लेकिन मामला उस वक्त पलट गया जब युवती ने हमलावरों का ही चाकू छीनकर उन पर हमला कर दिया. इस हमले में जीजा और साले की मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए इस मामले में उस युवती सहित दो लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल सराय रोहिल्ला थाना पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है. पूरे घटनाक्रम और मामले की असल वजह का खुलासा जांच के बाद ही हो सके.
दिल्ली में बेरहमी से हत्या का यह कोई पहला मामला नहीं है. कुछ दिन पहले ही दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी थी. ये हत्या महिला के चार साल के बेटे के सामने की गई थी. ये वारदात 29 अप्रैल देर शाम की है. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया था. मामले की जांच में पता चला था कि सोनिया विहार के 5वें पुश्ते पर स्थित एक मकान में जब चीखें सुनाई दे रही थीं, तब घर के एक कोने में खड़ा 4 साल का मासूम सहमा हुआ सब देख रहा था.कमरे के भीतर उसका पिता अपनी 31 साल की पत्नी पर बेरहमी से प्रहार कर रहा था. जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो वहां का मंजर बेहद खौफनाक था. महिला फर्श पर लहूलुहान पड़ी थी और वह मासूम बच्चा अपनी मां के निर्जीव शरीर के पास गुमसुम खड़ा था. उसकी आंखों में वो खौफ था जिसे शब्दों में बयां करना नामुमकिन था.
यह भी पढ़ें: दिल्ली मेट्रो में तैनात रिटायर्ड CISF कर्मी गिरफ्तार, पेंचकस से गोदकर युवक की निर्मम हत्या का है आरोप














