21 days ago

पश्चिम बंगाल चुनाव के मद्दनेजर तृणमूल कांग्रेस ने अपना मेनिफेस्टो जारी कर दिया है. CM ममता बनर्जी ने इस दौरान महिलाओं और बेरोजगारों के लिए बड़े ऐलान किए. कहा कि 'लक्ष्मी भंडार' योजना के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये मिलेंगे और SC/ST वर्ग की महिलाओं को 1,700 रुपये मिलेंगे. युवा बेरोजगारों को पॉकेट मनी के तौर पर हर महीने 1,500 रुपये दिए जाएंगे. उधर, गुरुग्राम पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए शहर के कई स्कूलों को फर्जी बम धमकी देने वाले ईमेल भेजने के आरोप में 30 साल के एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है. इन ईमेलों के जरिए छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों में दहशत और भय का माहौल बन गया था. यह घटना 28 जनवरी 2026 को तब सामने आई जब गुरुग्राम पुलिस को सूचना मिली कि शहर के कई स्कूलों को ऐसे ईमेल मिले हैं जिनमें दावा किया गया है कि उनके परिसर में बम लगाए गए हैं. 
 

Breaking News Live Updates:

Mar 20, 2026 23:52 (IST)

महाराष्ट्र महिला आयोग की अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा

बलात्कार के आरोपी नासिक के स्वयंभू ज्योतिषी अशोक खरात से संबंधों को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहीं महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर ने शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया. एनसीपी की महिला शाखा की प्रमुख चाकणकर ने उपमुख्यमंत्री व पार्टी अध्यक्ष सुनेत्रा पवार को अपना इस्तीफा सौंपा. खरात पर 35 वर्षीय महिला का तीन साल से यौन उत्पीड़न करने का आरोप है. पुलिस को खरात के पास से 50 से अधिक आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं, जिससे संकेत मिलता है कि कई महिलाएं उसकी शिकार हुई हैं. 

Mar 20, 2026 22:51 (IST)

हाथरस में जमीन विवाद में लाठी से पीट-पीटकर हत्या

उत्तर प्रदेश के हाथरस में जमीन विवाद में एक व्यक्ति की लाठी-डंडों से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के मुताबिक, सीकुर गांव के वीरेंद्र सिंह ने निधन से पूर्व अपने तीन बेटों रवेंद्र, भीमसेन और पूरन में से भीमसेन के नाम करीब 30 बीघा जमीन की वसीयत कर दी थी. इस बात को लेकर रवेंद्र और पूरन का भीमसेन से मनमुटाव था. पुलिस ने बताया कि शुक्रवार दोपहर भीमसेन अपनी बेटी वर्षा के साथ खेत पर पशुओं के लिए चारा लेने गया था, तभी पूरन सिंह और उसका बेटा व रवेंद्र वहां पहुंच गए. तीनों ने भीमसेन को पकड़ लिया और लाठी-डंडों से पिटाई कर दी. बीच बचाव करने पर वर्षा की भी पिटाई की. सिर में डंडा लगने से भीमसेन गिर पड़े और उनकी मौत हो गई. 

Mar 20, 2026 22:12 (IST)

मनाली में बारिश और बर्फबारी

Mar 20, 2026 22:11 (IST)

ईद का चांद दिखा, कल मनेगा ईद का त्योहार

भारत में ईद का चांद दिखाई देने के साथ ही मुस्लिम समुदाय में खुशी की लहर दौड़ गई है. चांद दिखने के साथ ही देशभर के अलग‑अलग हिस्सों में ईद मनाने की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं. मस्जिदों में नमाज की तैयारियां की जा रही हैं, वहीं घरों और बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है.

Advertisement
Mar 20, 2026 22:09 (IST)

रेमंड ग्रुप के एमडी गौतम सिंघानिया का एक्सीडेंट

रेमंड ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर गौतम सिंघानिया एक हादसे में घायल हो गए. बताया जा रहा है कि मालदीव में वेकेशन के दौरान उनकी स्पीडबोट समुद्र में पलट गई थी. हादसे के बाद उन्हें एयरलिफ्ट करके मुंबई लाया गया है. सिंघानिया के प्रवक्ता ने बताया कि उन्हें एक एक्सीडेंट में मामूली चोटें आई हैं. मुंबई में उनका इलाज चल रहा है. 

Mar 20, 2026 22:07 (IST)

असम चुनावः कांग्रेस ने जारी की चौथी लिस्ट

Advertisement
Mar 20, 2026 20:55 (IST)

रमजान के मद्देनजर दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन

द्वारका जिला पुलिस ने रमजान पर माहौल खराब की कोशिश के आरोप में करीब 128 सोशल मीडिया पोस्ट पर एक्शन लिया है. दिल्ली पुलिस की साइबर विंग को तफ्तीश में पता चला था कि रमजान और उत्तम नगर होली हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर कई भड़काऊ पोस्ट वायरल की जा रही हैं. इसके बाद 128 ऐसी सोशल मीडिया पोस्ट के खिलाफ लीगल एक्शन लेते हुए उन्हें ब्लॉक कराया गया है. 

Mar 20, 2026 19:08 (IST)

ऑर्केस्ट्रा की आड़ में लड़कियों का शोषण, मानव तस्करी

बिहार में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिग लड़कियों के शोषण और मानव तस्करी का मामला सामने आया है. गोपालगंज में ऑर्केस्ट्रा और डांस ग्रुप की आड़ में गैंग चलाने का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने बताया कि गोपालगंज के दिघवा-दुबौली, लक्ष्मीगंज और रेवतीथ बाजार में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया गया. इस दौरान मौके से 10 लड़कियां बरामद की गईं, जिनमें 9 नाबालिग और एक बालिग है. पुलिस ने एक ऑर्केस्ट्रा संचालक और दो संचालिकाओं को गिरफ्तार किया है. 

Mar 20, 2026 19:05 (IST)

अब गंगोत्री मंदिर में भी गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक

उत्तराखंड के बदरीनाथ, केदारनाथ मंदिर में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक के बाद अब गंगोत्री धाम में भी इस तरह की रोक लगा दी गई है. हालांकि गंगोत्री मंदिर समिति ने कहा है कि अगर कोई गैर सनातनी गंगोत्री धाम में आना चाहता है तो उसको पंचगव्य का पान करना होगा. उसके बाद वह गंगोत्री धाम में दर्शन करने आ सकता है. इससे पहले, बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति ने फैसला किया था कि अगर गैर सनातनी दर्शन करने आना चाहते हैं तो उन्हें एफिडेविट पर लिखकर देना होगा कि वह हिंदुत्व और सनातन में विश्वास करते हैं. 

Mar 20, 2026 19:01 (IST)

भारी बर्फबारी के कारण ज़ोजिला दर्रा बंद

Advertisement
Mar 20, 2026 18:58 (IST)

ममता के घोषणापत्र पर बीजेपी ने उठाए सवाल

पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर TMC के घोषणापत्र पर बीजेपी नेता लॉकेट चटर्जी ने सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि 2011 से TMC की सरकार है, TMC चौथी बार चुनाव में जा रही है. आज जो घोषणा पत्र आया है, क्या पिछले 15 साल में वो हुआ है? जवाब है नहीं. जनता को पता है कि घोषणा पत्र का कोई मतलब नहीं है. ये लोग झूठ बोलकर उद्घाटन करके छोड़ देते हैं. 5 साल बाद फिर ये दोबारा होता है. उनके घोषणा पत्र में कोई सच नहीं है. उन्होंने घोषणा पत्र में जो भी बोला है, कुछ नहीं होगा.

Mar 20, 2026 17:14 (IST)

ममता के मेनिफेस्टो में महिलाओं-बेरोजगारों के लिए बड़े वादे

पश्चिम बंगाल चुनाव के मद्दनेजर तृणमूल कांग्रेस का मेनिफेस्टो जारी करते हुए CM ममता बनर्जी ने महिलाओं और बेरोजगारों के लिए बड़े ऐलान किए. उन्होंने कहा कि 'लक्ष्मी भंडार' योजना के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये मिलेंगे और SC/ST वर्ग की महिलाओं को 1,700 रुपये मिलेंगे. युवा बेरोजगारों को पॉकेट मनी के तौर पर हर महीने 1,500 रुपये दिए जाएंगे. ममता ने घर-घर तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का वादा करते हुए कहा कि हम 'दुआरे चिकित्सा' शुरू करेंगे. इसे हर बूथ पर शुरू किया जाएगा. इसके अलावा हजारों स्कूलों को ई-लर्निंग सुविधाओं के साथ मॉडर्न बनाया जाएगा. आने वाले दिनों में 7-8 नए जिले, ब्लॉक, यहां तक ​​कि नई नगर पालिकाएं भी बनाएंगे. 

Advertisement
Mar 20, 2026 14:19 (IST)

जयपुर पुलिस ने चेन स्नैचर को किया गिरफ्तार

जयपुर के थाना वैशाली नगर में एक महिला के साथ चैन स्नैचिंग की वारदात करने वालों को पुलिस ने धर दबोचा है. साथ ही उनके पास से गोल्ड चेन बरामद की गई है. 

Mar 20, 2026 14:08 (IST)

ईद और चैत्र नवरात्रि पर यूपी के संवेदनशील धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सख्त

ईद और चैत्र नवरात्रि को देखते हुए यूपी के सभी ज़िलों में संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं. लखनऊ में इमामबाड़े और टीले वाली मस्ज़िद समेत अलग-अलग मस्ज़िदों और मिली जुली आबादी वाले इलाकों में पुलिस, पैरा मिलिट्री और ड्रोन से निगरानी की जा रही है.

Mar 20, 2026 13:21 (IST)

पश्चिम बंगाल: कोलकाता के ईको पाक पुलिस स्‍टेशन इलाके से 25 लाख की नकदी बरामद

पश्चिम बंगाल चुनाव की निगरानी और एनफोर्समेंट ऑपरेशनों के लिए तैनात फ्लाइंग स्क्वाड टीम ने ईको पार्क पुलिस स्टेशन इलाके में एक कार से 25 लाख रुपये की नकदी बरामद की है.  

Mar 20, 2026 13:14 (IST)

जम्‍मू विश्‍वविद्यालय के पाठ्यक्रम में जिन्‍ना के बारे में पढ़ाए जाने से एबीवीपी के छात्र नाराज

जम्मू विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रम में जिन्ना को शामिल किए जाने का एबीवीपी ने विरोध किया है. एबीवीपी की मांग है कि जिन्ना को पाठ्यक्रम से हटाया जाए. एबीवीपी ने कहा कि भारत के विभाजन के लिए जिम्मेदार व्यक्ति को क्यों पढ़ाया जाए? जिन्ना अल्पसंख्यकों का प्रतिनिधित्व करने वाले व्यक्ति नहीं थे. 

दरअसल, जम्मू विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में एक महत्वपूर्ण संशोधन किया गया है. इसके तहत पूर्व आरएसएस प्रमुख गुरु गोलवलकर के साथ-साथ वीडी सावरकर, मोहम्मद अली जिन्ना और मोहम्मद इकबाल (अल्लामा इकबाल) को भी संशोधित पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है. 

एबीवीपी के छात्रों ने धमकी दी है कि अगर जिन्ना को पाठ्यक्रम से नहीं हटाया गया तो वे आंदोलन तेज करेंगे. 

विश्वविद्यालय के अधिकारियों का कहना है कि वे जिन्ना का महिमामंडन नहीं कर रहे हैं, लेकिन वे उस संदर्भ में उनकी भूमिका के बारे में पढ़ाते हैं. 

Mar 20, 2026 13:09 (IST)

डर का माहौल पैदा करने के लिए गुरुग्राम के स्‍कूलों में बम होने का भेजा ईमेल, एक बांग्लादेशी गिरफ्तार

गुरुग्राम स्थित कुछ स्‍कूलों में बम होने की ईमेल भेजकर के सूचना देने के आरोप में एक बांग्‍लादेशी को गिरफ्तार किया गया है. इसके बाद पुलिस टीम घटनास्थलों पर पहुंची और डॉग स्क्वॉड, बम डिस्पोजल टीम, फायरबिग्रेड को बुलाया गया. हालांकि पुलिस टीम को कोई बम नहीं मिला. स्‍कूलों में डर का माहौल पैदा करने के लिए आरोपी ने झूठा ईमेल भेजा था. पुलिस ने आरोपी को गुरुवार को गुजरात से काबू किया. आरोपी की पहचान सौरभ विश्वास उर्फ माइकल के रूप में हुई है. आरोपी 9 साल पहले अवैध रूप से बांग्‍लादेश से भारत आया था और उसने पश्चिम बंगाल में रहकर फर्जी कागजात बनवाए थे.

Mar 20, 2026 13:04 (IST)

मुंबई प्रेस क्लब को धमकी भरा ईमेल: 1 बजे गैस बम विस्फोट का दावा, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

मुंबई प्रेस क्लब को एक धमकी भरा ईमेल मिला है. ई-मेल में दावा किया गया कि इमारत के अंदर जहरीली गैस से भरे कई छोटे बम लगाए गए हैं, जो आज दोपहर 1 बजे फटेंगे. ईमेल भेजने वाले ने अपना नाम नीरजा अजमल खान बताया है. ईमेल मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं. प्रेस क्लब परिसर और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान जल्द ही शुरू कर दिया गया. बम निरोधक दस्ते (BDDS) और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया है, ताकि किसी भी तरह के खतरे को समय रहते टाला जा सके. 

ईमेल में भेजने वाले ने खुद को कोयंबटूर के मुसलमानों का प्रतिनिधि बताते हुए कुछ राजनीतिक आरोप लगाए हैं. इसमें दावा किया गया है कि उनके साथ अन्याय हुआ है और उनकी आवाज दबाई जा रही है. ईमेल में यह भी लिखा गया है कि उनके पास सीमित संसाधन थे और उन्होंने उन्हीं का इस्तेमाल करते हुए मुंबई प्रेस क्लब को निशाना बनाया है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा है कि उनका मकसद सिर्फ नुकसान पहुंचाना है और लोगों से इमारत खाली करने की बात कही है. 

मेल में नक्सलियों और पाकिस्तान से जुड़े कुछ गुप्त नेटवर्क का भी जिक्र किया गया है, जिससे मामले को और गंभीरता से लिया जा रहा है।

मुंबई पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है. ईमेल किस आईडी से भेजा गया, उसकी लोकेशन क्या है और इसके पीछे कौन लोग हो सकते हैं, इन सभी पहलुओं पर साइबर टीम काम कर रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह मेल प्रोटॉन मेल सर्विस के जरिए भेजा गया है, जिसे ट्रैक करना आसान नहीं होता. 

फिलहाल प्रेस क्लब के अंदर मौजूद लोगों को सतर्क किया गया है पुलिस का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी. यह ईमेल कल भेजा गया था. 

Mar 20, 2026 13:00 (IST)

अशोक खरात के खिलाफ पुणे में गुलाबी गैंग का “चप्पल मारो” आंदोलन

ढोंगी ज्योतिष अशोक खरात के कारनामों के खिलाफ पुणे की गुलाबो गैंग ने चप्पल मारो विरोध-प्रदर्शन किया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने खरात पर कार्रवाई की मांग के साथ ही राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर के इस्तीफे की भी मांग की. 

Mar 20, 2026 12:59 (IST)

PACL घोटाले में ED की बड़ी कार्रवाई, 5046 करोड़ रुपए की 126 संपत्तियां जब्त

ED ने PACL घोटाले में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए करीब 5046.91 करोड़ रुपए की 126 संपत्तियां अटैच कर ली हैं. ये संपत्तियां दिल्ली और पंजाब में स्थित हैं और इन्हें मनी लॉन्ड्रिंग के तहत जब्त किया गया है. मामला PMLA से जुड़ा है, जिसके तहत ED लगातार जांच कर रही है. दरअसल, PACL लिमिटेड और उससे जुड़ी कंपनियों पर आरोप है कि उन्होंने देशभर के लाखों लोगों से करीब 48,000 करोड़ रुपए की ठगी की. लोगों को कृषि भूमि बेचने और डेवलप करने का सपना दिखाकर पैसे लिए गए, लेकिन ज्यादातर मामलों में जमीन कभी दी ही नहीं गई. 

Mar 20, 2026 11:09 (IST)

दिल्‍ली के व्‍यापारियों ने CM रेखा गुप्‍ता को लिखा पत्र, बजट के मद्देनजर मांगी ये सहूलियत

दिल्ली सरकार 24 मार्च को अपना दूसरा बजट पेश करेगी. इसे लेकर दिल्ली में व्यापारियों और उद्यमियों के शीर्ष संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को एक पत्र लिखा है. सीटीआई चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि हमने दिल्ली की 700 मार्केट एसोसिएशंस और 56 इंडस्ट्रियल एरिया के फैक्ट्री मालिकों की सभी प्रमुख समस्याओं को ध्यान में रखकर 11 सुझावों का मांगपत्र सीएम रेखा गुप्ता को भेजा है. ये हैं 11 सुझाव- 

1.बवाना, भोरगढ, झिलमिल, बादली जैसे औद्योगिक क्षेत्रों को लीज होल्ड से फ्री होल्ड किया जाए

2. दिल्ली में 50 से ज्यादा  जगहों पर सर्कल रेट की विसंगतियां हैं, उनको ठीक किया जाए

3. दिल्ली में मिनिमम वेजेज, पड़ोसी राज्यों की तुलना में बहुत ज्यादा है, उनको तर्कसंगत किया जाए. 

4. दिल्ली के औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली की दरें, दूसरे राज्यों की तुलना में बहुत ज्यादा है, उनको तर्क संगत किया जाए. 

5. दिल्ली में गोदामों के रखरखाव के लिए अलग वेयर हाउस पाॅलिसी बनाई जाए

6. पिछले बजट में व्यापारी कल्याण बोर्ड की घोषणा की गई थी उसका शीघ्र घटन किया जाए 

7 . दिल्ली में दुबई और चीन की तर्ज पर शाॅपिंग फेस्टिवल आयोजित किए जाएं

8.चांदनी चौक, सदर बाजार समेत ऐतिहासिक बाजारों के लिए अलग से रिडेवलपमेंट स्कीम बननी चाहिए

9.दिल्ली के व्यापारियों का माल देश विदेश में पहुंचे, उसके लिए दिल्ली बाजार पोर्टल बनाया जाए

10. दिल्ली के बाजारों में मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण के साथ साथ अवैध रेहड़ी पटरी लगती हैं, उनके लिए अलग से जगह चिन्हित की जाए

11. ईज ऑफ बिजनेस के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाए

Mar 20, 2026 10:23 (IST)

गोवा के सीएम की स्‍वास्‍थ्‍य जांच पूरी, आज दी जाएगी छुट्टी

पुणे में भर्ती गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत की पुणे के रूबी हॉस्पिटल में आज की स्वास्थ्य जांच पूरी हुई, सभी रिपोर्ट सामान्य आने के बाद आज गोवा CM को छुट्टी दी जाएगी. 

Mar 20, 2026 10:21 (IST)

Maharashtra News LIVE: चवदार तालाब सत्याग्रह के 99 वर्ष: महाड में डॉ. आंबेडकर को पुलिस ने ऐसे दिया सम्‍मान

महाराष्‍ट्र के महाड़ में चवदार तालाब सत्याग्रह के 99 वर्ष पूरे होने पर पुलिस विभाग के जवानों ने डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को सलामी देकर अपना सम्मान प्रकट किया. इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री और कई मंत्रियों की मौजूदगी में सामाजिक समानता का संदेश देते हुए बाबासाहेब को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई. डॉ. आंबेडकर ने 1927 में अछूतों को सार्वजनिक तालाब से पानी पीने का हक दिलाने के लिए ऐतिहासिक चवदार तालाब सत्याग्रह किया था. इस घटना को हुए अब 99 साल हो चुके हैं. सरकारी सम्मान के तौर पर पुलिस बल द्वारा विशेष सलामी दी गई. 

Mar 20, 2026 10:12 (IST)

चवदार तालाब सत्याग्रह के 99 वर्ष: महाड में डॉ. आंबेडकर को दी गई सलामी

महाराष्‍ट्र के महाड़ में चवदार तालाब सत्याग्रह के 99 वर्ष पूरे होने पर पुलिस विभाग के जवानों ने डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को सलामी देकर अपना सम्मान प्रकट किया. इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री और कई मंत्रियों की मौजूदगी में सामाजिक समानता का संदेश देते हुए बाबासाहेब को भावपूर्ण अभिवादन किया गया. डॉ. आंबेडकर ने 1927 में अछूतों को सार्वजनिक तालाब से पानी पीने का हक दिलाने के लिए ऐतिहासिक चवदार तालाब सत्याग्रह किया था. इस घटना को हुए अब 99 साल हो चुके हैं. सरकारी सम्मान के तौर पर पुलिस बल द्वारा विशेष सलामी दी गई. 

Mar 20, 2026 09:36 (IST)

मुंबई मेट्रो के कार्यों को मिलेगी गति: सरकार ने जारी किए 1,500 करोड़ रुपए

मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (MMRDA) द्वारा हाथ में लिए गए मेट्रो प्रोजेक्ट्स के काम में अब और तेजी आएगी. महाराष्ट्र सरकार के नगर विकास विभाग ने मेट्रो कार्यों के लिए फंड का वितरण कर दिया है. नगर विकास विभाग ने कुल 1,500 करोड़ रुपए की राशि वितरित की है और सबसे बड़ा हिस्सा 1061.77 करोड़ MMRDA को दिया गया है. मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन MMRC को 241.76 करोड़ का फंड मिला है. 

पुणे और नागपुर नगर निगम क्षेत्रों में चल रहे मेट्रो कार्यों के लिए 196.47 करोड़ रुपए का राजस्व आवंटित किया गया है. यह राशि नगर निगम क्षेत्रों में संपत्ति की खरीद-बिक्री पर लगने वाली 1% अतिरिक्त स्टाम्प ड्यूटी के माध्यम से एकत्र की गई है. 

इस निधि का उपयोग मेट्रो परियोजनाओं के लिए लिए गए कर्ज के पुनर्भुगतान, ब्याज के भुगतान या सीधे निर्माण कार्य के लिए किया जा सकेगा. 

Mar 20, 2026 09:33 (IST)

पुणे: लॉ कॉलेज में आंदोलन करने वाले 17 छात्रों पर मामला दर्ज

पुणे के आईएलएस लॉ कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर आंदोलन करने वाले करीब 17 छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुणे के डेक्कन पुलिस स्टेशन में ABVP और अन्य छात्रों के विरुद्ध गैर-कानूनी तरीके से भीड़ जमा करने और नारेबाजी करने के आरोप में शिकायत दर्ज हुई है. कॉलेज प्रशासन का आरोप है कि छात्रों ने बिना अनुमति के प्राचार्य के केबिन के बाहर धरना दिया और परिसर में शांति भंग की. 

पुलिस शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आंदोलन के कारण प्रशासनिक कार्यों में बाधा आई और कर्मचारियों को आने-जाने से रोका गया. यह पूरा विवाद 16 मार्च को छात्रों द्वारा कॉलेज में बेहतर सुविधाओं और संसाधनों की मांग को लेकर शुरू किए गए विरोध प्रदर्शन से जुड़ा है. 

Mar 20, 2026 09:03 (IST)

मथुरा: राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की प्रेमानंद महाराज से मुलाकात

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज वृंदावन के दौरे पर हैं. इस दौरान राष्‍ट्रपति मुर्मू ने प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की. 

Mar 20, 2026 08:28 (IST)

अहमदाबाद के अंबाजी मंदिर में उमड़े श्रद्धालु

अहमदाबाद के अंबाजी माता मंदिर में चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन श्रद्धालु मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना के लिए उमड़े. 

Mar 20, 2026 08:25 (IST)

हरिद्वार के माया देवी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

उत्तराखंड के हरिद्वार में चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन हरिद्वार के माया देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई. 

Featured Video Of The Day
CM Himanta की पत्नी पर आरोप का मामला, Telangana HC से Congress नेता Pawan Khera को राहत | BREAKING
Topics mentioned in this article