Breaking News Live Updates: आज शुक्रवार 24 अप्रैल को देश-दुनिया की कई बड़ी खबरों पर लोगों की नजर रहेगी. आज बिहार की नई-नवेली सम्राट चौधरी सरकार का फ्लोर टेस्ट है. दूसरी ओर बंगाल में दूसरे चरण वाली सीटों पर चुनाव प्रचार आज से जोर पकड़ेगा. पीएम मोदी, अमित शाह की बंगाल में चुनावी रैली है. गुरुवार को बंगाल में पहले चरण में हुई बंपर वोटिंग का सभी अपने-अपने हिसाब से आंकलन कर रहे हैं. गुरुवार 24 अप्रैल को देश में घटने वाली हर बड़ी घटना की जानकारी के लिए जुड़े रहे NDTV India के इस लाइव ब्लॉग से, यहां आपको आज की हर घटना सबसे पहले मिलेगी.
Breaking News Live Updates:
बिहार फ्लोर टेस्टः रामकृपाल यादव बोले- हम बहुमत दिखाएंगे
भाजपा नेता राम कृपाल यादव ने सीएम सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली नई बिहार सरकार के फ्लोर टेस्ट पर कहा, "आज फ्लोर टेस्ट है. हमें सुबह 11:00 बजे वहां जाना है... लोकतंत्र की यही खूबसूरती है कि हम बहुमत दिखाएंगे..."
मुंबई: भांडुप में निर्माणाधीन इमारत में हादसा, बेसमेंट में गिरे 9 लोग
मुंबई के भांडुप इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत के बेसमेंट में गिरने से 9 लोग घायल हो गए हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, सबसे पहले एक व्यक्ति निर्माणाधीन इमारत की पहली मंजिल से सीधे बेसमेंट में जा गिरा.
उसे बचाने के लिए वहां मौजूद 8 अन्य लोग एक अस्थायी लकड़ी के प्लेटफॉर्म पर खड़े होकर मदद की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान वह प्लेटफॉर्म अचानक ढह गया, जिससे वे सभी 8 लोग भी नीचे बेसमेंट में जा गिरे.
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। राहत कार्य शुरू करते हुए सभी 9 व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है.
सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. 25 वर्षीय भालचंद्र फले नामक युवक इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज फोर्टिस अस्पताल में चल रहा है.
वहीं, अन्य 7 घायलों का इलाज क्रिटीकेयर अस्पताल में जारी है, जहाँ उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
इनपुट- Ruttik Ganakwar
दिल्ली के करोल बाग इलाके में फायरिंग से दहशत, एक शख्स घायल, जांच जारी
दिल्ली के करोल बाग में कालका दास चौक के पास फायरिंग की घटना से दहशत का माहौल है. यहां जांच के लिए फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. मिली जानकारी के अनुसार सेंट्रल दिल्ली के फैज रोड इलाके में फायरिंग की घटना की सूचना मिली है. एक व्यक्ति घायल हुआ है. यह घटना आज सुबह करीब 2.30 से 3 बजे के बीच हुई. पुलिस मौके पर मौजूद है. अधिक जानकारी का इंतजार है.














