महिला आरक्षण विधेयक यानी नारी शक्ति वंदन अधिनियम के मुद्दे पर सियासत गरमा गई है. विधेयक के पारित नहीं होने को लेकर भाजपा विपक्ष पर लगातार हमलावर है. इसी कड़ी में आज उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भाजपा के दो बड़े चेहरे इस मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी बात रखेंगे. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सुबह 10:45 बजे लखनऊ स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता करेंगे. सीएम योगी नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित न हो पाने को लेकर विपक्ष पर निशाना साध सकते हैं. वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी आज दोपहर 12 बजे नागपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. महिला आरक्षण बिल खारिज किए जाने के मुद्दे पर सीएम फडणवीस अपनी प्रतिक्रिया देंगे और विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठा सकते हैं. भाजपा की ओर से इन दोनों प्रेस वार्ताओं को महिला आरक्षण के मुद्दे पर देशव्यापी राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है.
Breaking News Live Update:
लखनऊ में आज सीएम योगी करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस, नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर रखेंगे बात
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज लखनऊ स्थित भाजपा कार्यालय में सुबह आज 10.45 बजे प्रेस वार्ता करेंगे. सीएम योगी नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित नहीं होने को लेकर अपनी बात रखेंगे.
अभिनेता और मॉडल मिलिंद सोमन ने 'फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल' लिया हिस्सा
अभिनेता और मॉडल मिलिंद सोमन ने रविवार को दिल्ली में आयोजित 'फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल'में भाग लिया. इस दौरान मिलिंद सोमन साइकिल चलाते नजर आए.
महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस की आज दोपहर 12 बजे नागपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री सीएम देवेंद्र फडणवीस आज दोपहर 12 बजे नागपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. महिला आरक्षण बिल खारिज किए जाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री अपनी प्रतिक्रिया देंगे.
अक्षय तृतीया पर पुणे के ‘दगडूसेठ’ गणपति बप्पा को 11 हजार आमों का महाभोग
अक्षय तृतीया के अवसर पर श्रीमंत दगड़ूसेठ गणपति मंदिर में गणपति बप्पा को 11 हजार आमों का महाभोग अर्पित किया गया. साढ़े तीन शुभ मुहूर्तों में से एक माने जाने वाले इस पावन दिन पर हर साल यह महा नैवेद्य बप्पा को चढ़ाया जाता है. इसी दिन गणपति के दर्शन के लिए श्रद्धालु सुबह तड़के से ही लंबी कतारों में खड़े नजर आए. श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई सावर्वजनिक गणपति ट्रस्ट और सुवर्णयुग तरुण मंडल की ओर से मंदिर में आम महोत्सव आयोजित किया गया. पुणे के प्रसिद्ध आम व्यापारी देसाई आंबेवाले के संचालक मंदार देसाई और उनके परिवार की ओर से यह नैवेद्य दिया गया।
अक्षय तृतीया पर अयोध्या में रामलला के दर्शनों के लिए उमड़े श्रद्धालु
उत्तर प्रदेश में अक्षय तृतीया के अवसर पर रामलला के दर्शनों के लिए अयोध्या स्थित राम मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे.
हैदराबाद: नाचारम औद्योगिक क्षेत्र कारपेट के गोदाम में लगी भीषण आग
हैदराबाद के नाचारम औद्योगिक क्षेत्र में एक कारपेट के गोदाम में भीषण आग लग गई. हालांकि किसी के घायल होने या हताहत होने की कोई खबर नहीं है. यह घटना नाचारम से चिल्कानगर जाने वाली मुख्य सड़क पर स्थित गोदाम में हुई.
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में 40 से अधिक दुकानें जलकर खाक
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में 40 से अधिक दुकानें जलकर के राख हो गई. शिकोहाबाद स्थित कटरा बाजार सब्जी मंडी में देर रात करीब 2 बजे भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते सब्जी मंडी की लगभग 40 से अधिक दुकानें जलकर राख हो गईं. आग की लपटों ने सामने बनी गारमेंट्स मार्केट शिकोहाबाद को भी अपनी चपेट में ले लिया, जहां करीब सात दुकानें जल गईं. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है.
राजस्थान के डीग में ऑपरेशन एंटीवायरस, 18 साइबर ठग गिरफ्तार
राजस्थान के डीग में ऑपरेशन एंटीवायरस के तहत मेवात के सीकरी, जुरहरा और कामां में पुलिस ने बड़ी छापेमारी कर 18 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है. ठगों के कब्जे से 15 मोबाइल फोन और 2 फर्जी सिम कार्ड बरामद किए गए हैं. आरोपी सेक्सटॉर्शन और फर्जी विज्ञापन के जरिए देश भर में ठगी को अंजाम देते थे. पकड़े गए साइबर ठगों से पुलिस गहनता से पूछताछ कर रही है.
यूपी के शिकोहाबाद में लगी भीषण आग
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद की सब्जी मंडी में भीषण आग लग गई. यह आग कपड़ा मार्केट में भी फैल गई. दमकल की कई गाड़ियां मौके पर आग बुझाने में लगी है.














