- भाजपा ने अरविंद केजरीवाल पर दिल्ली में आलीशान सरकारी बंगले के निर्माण का आरोप लगाकर हमला शुरू किया है
- दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने केजरीवाल के सरकारी घर की तस्वीरें दिखा नया दावा किया
- आम आदमी पार्टी ने भाजपा के दावों को पूरी तरह फर्जी बताया, कहा-केजरीवाल नए घर की तस्वीरें दिखाएंगे
राघव चड्ढा और बाकी 6 सांसदों ने आम आदमी पार्टी और उनके सर्वेसर्वा अरविंद केजरीवाल को बड़ा झटका देते हुए कल बीजेपी का दामन थाम लिया. फिलहाल राघव के साथ संदीप पाठक और अशोक मित्तल बस दिखे पर बाकी 4 सांसदों के हस्ताक्षर के दावे हैं, मतलब वे सब भी जल्द भाजपा के हो जाएंगे. इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने मौके की नजाकत को समझते हुए अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलना शुरू कर दिया है. दिल्ली PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केजरीवाल के पंजाब में नए घर की तस्वीर दिखाकर दावा किया कि आप के राष्ट्रीय संयोजक का दिल्ली वाला नया सरकारी घर भी काफी आलीशान है. हालांकि आम आदमी पार्टी ने तुरंत इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि प्रवेश वर्मा ने फर्जी तस्वीरें जारी की हैं.
प्रवेश वर्मा ने क्या दावा किया?
आप के 7 सांसदों के पार्टी छोड़ने से राज्यसभा में कमजोर पड़ी आम आदमी पार्टी पर बीजेपी ने हमला बोलना शुरू कर दिया है. मंत्री प्रवेश वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस जारी कर कहा कि जिस तरह फिल्म ‘धुरंधर' का सीक्वल आया, उसी तरह आज हम ‘शीश महल‑2' को सामने लाने जा रहे हैं.दिल्ली कोरोना की लहर से जूझ रही थी, लोग कोविड की दवाइयों के लिए तरस रहे थे और जानें जा रही थीं, उसी दौरान केजरीवाल के निर्देश पर दिल्ली में कथित ‘शीश महल' का निर्माण लगातार चलता रहा, एक दिन भी काम नहीं रुका. जब दिल्ली के मतदाताओं ने चुनाव में केजरीवाल को हराया, तो वह पंजाब चले गए, जिससे भगवंत मान की मुश्किलें बढ़ीं.भगवंत मान के आवास के आसपास मौजूद चार बड़े सरकारी आवासों में से एक में केजरीवाल, दूसरे में पूर्व दिल्ली स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन, तीसरे में राज्यसभा सांसद संजय सिंह और चौथे में मनीष सिसोदिया रह रहे थे.” उन्होंने आगे कहा, “पंजाब में भी भगवंत मान परेशान हैं.वहां भी एक और ‘शीश महल' बनाया गया है.
प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल पिछले कई वर्षों से अदालतों में एक बंगले की मांग कर रहे थे.जब उन्हें 95 लोधी एस्टेट का बंगला मिला और वह कल वहां शिफ्ट हुए, तो उसकी तस्वीरें देखकर हम हैरान रह गए. जो व्यक्ति सादा जीवन जीने की बात करता था, वह अब बेहद आलीशान तरीके से रह रहा है.”
आम आदमी पार्टी ने कहा- सब फर्जी हैं
आम आदमी पार्टी ने प्रवेश वर्मा के दावे का खंडन करते हुए कहा कि प्रवेश वर्मा फर्जी तस्वीरें दिखाई हैं,ये केजरीवाल के नए घर की तस्वीर नहीं है. आप की ओर से उलटे कहा गया कि रेखा गुप्ता मीडिया के लिए अपना घर खोल दें. केजरीवाल जल्द ही अपना नया घर सबको दिखा देंगे. आप सांसद संजय सिंह ने आगे आते हुए सभी दावों का खंडन करते हुए कहा कि प्रवेश वर्मा की ओर से अरविंद केजरीवाल के घर की जो तस्वीर जारी की गई है, वो तरह फर्जी है. मैं चुनौती देता हूं रेखा गुप्ता, एलजी दिल्ली और साहिब सिंह वर्मा अपना अपना घर जनता के लिए खोल दें. केजरीवाल अपना घर खोल देंगे, जनता को पता चल जाएगा किसका घर कितना आलीशान है?
यह भी पढ़ें- राघव चड्डा के पार्टी बदलने से BJP को क्या फायदा? यह कदम क्यों है AAP के लिए इतना बड़ा झटका
यह भी पढ़ें- दलबदल की राजनीति: जब नेताओं ने बदली वफादारी और हिल गई सरकारें













